सीतापुर में दो चोर गिरफ्तार, 77 लाख का सामान बरामद:ऑडी-सियाज से करते थे रेकी, हिस्ट्रीशीटर पर 30 से अधिक मुकदमे
सीतापुर में अटरिया पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, अवैध हथियार, नकदी, मोबाइल फोन के साथ एक ऑडी और एक सियाज कार बरामद की है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 77 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अटरिया पुलिस और एसओजी टीम ने पहाड़ापुर चौराहा, रामपुर-भगौतीपुर रोड से योगेंद्र चौहान और धर्मराज यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अटरिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह के अनुसार गिरफ्तार योगेंद्र चौहान थाना सदरपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित भी चल रहा था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि करीब 15-20 दिन पहले ग्राम अलबदा के एक घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी किए थे। इसके अलावा मनवा गांव में एक घर से 15 हजार रुपये नकद और चांदी की पायल चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के लिए महंगी लग्जरी कारों का इस्तेमाल करते थे, ताकि उन पर किसी को शक न हो। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार हजार रुपये नकद, एक वीवो मोबाइल, सोने-चांदी के जेवरात, करीब 60 लाख रुपये कीमत की ऑडी कार और फर्जी नंबर प्लेट लगी करीब 12 लाख रुपये कीमत की सियाज कार बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

