पंजाबी विरासत परिवार की अनूठी पहल : मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह

 

बाबा न्यूज 

आगरा। पंजाबी विरासत परिवार, आगरा द्वारा रविवार को होटल पूनम प्लाजा में आयोजित सम्मान समारोह में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं विशेष उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपने परिवार, समाज तथा शिक्षण संस्थानों का नाम रोशन किया है। विशेष रूप से आगरा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री सतपाल सिंह बत्रा द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की पावन स्मृति में आकर्षक उपहार भेंट किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए पंजाबी विरासत परिवार के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देना हम सभी का दायित्व है। कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व का विषय हैं। महामंत्री बंटी ग्रोवर ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा पंजाबी विरासत समाज के बच्चों के भविष्य के लिए सदा प्रयत्नशील है ।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने पंजाबी विरासत परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर सम्मान प्राप्त करने की खुशी साफ दिखाई दी और पूरे वातावरण में उत्साह एवं गौरव का भाव बना रहा।
सतीश अरोरा एवं प्रभात कृष्ण अरोरा चैरिटेबल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में 55 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ गिरधर शर्मा महासचिव अपसा,संत बाबा प्रीतम सिंह ज़ी उपस्थित रहे रानी सिंह,चरणजीत थापर, राजेन्द्र शर्मा, ओम सेठ, शीला बहल,वंदना कक्कड़, सन्नू बत्रा, सौभाग्य अरोरा, मोनिका सचदेवा, परमजीत सरना, समृद्धी अरोरा, अंजना आसिजा रवि नारंग,गगन छाबड़ा, विकास मेहरा, हिमांशु सचदेवा, राज कुमार घई, सुनील बग़गा,राजेंद्र कत्याल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *