शाहजहांपुर में पुलिस ने ब्लैकमेल की बात नकारी:महिला की तहरीर पर छेड़छाड़-मारपीट का केस दर्ज
शाहजहांपुर में एक युवक के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपों को पुलिस ने गलत बताया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी तहरीर में छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। यह मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने तहरीर दी थी। महिला ने बताया कि उसका 17 वर्षीय भांजा अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने जाता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती कुछ अन्य लोगों से हो गई, जो उसे बहाने से अपने घर ले गए। महिला के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भांजे को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में किसी अनजान लड़की के साथ उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल कर 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण हड़प लिए गए। 4 जून की रात आरोपियों ने फिर से भांजे को घर बुलाया और 50 हजार रुपये की मांग की। मना करने पर उसकी कनपटी पर पिस्टल रखकर धमकाया गया कि अगर रुपये नहीं दिए तो वीडियो उसकी मां को दिखा देंगे। युवक घर आकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। परिजनों ने काफी देर बाद दरवाजा खुलवाकर पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ। हालांकि, थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि वीडियो और ब्लैकमेल वाली बात गलत है। पीड़िता ने जो तहरीर दी है, उसमें छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया गया है। इसी तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

