शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार:प्रेमजाल में फंसाकर बनाया शारीरिक संबंध, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को दबोचा
बरेली की कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे रोडवेज बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शादी का वादा कर बनाया शारीरिक संबंध
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को एक युवती ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ओमवीर मौर्य ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। रोडवेज बस स्टैंड से हुई गिरफ्तारी
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 10 जुलाई शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रोडवेज बस स्टैंड से कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ओमवीर मौर्य (28) निवासी गुसाई गौटिया, संजय नगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में क्या बोला आरोपी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने युवती को प्रेमजाल में फंसाया और शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने स्वीकार किया कि उससे गलती हुई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

