Breaking News
मंत्री नंदी कल मनाएंगे ‘पुनर्प्राप्त जन्म दिवस’:प्रयागराज में आरडीएक्स बम हमले की घटना को 16 साल पूरे, होगा भजन-पूजन

प्रयागराज में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी रविवार, 12 जुलाई को अपना ‘पुनर्प्राप्त जन्म दिवस’ मनाएंगे। यह आयोजन 12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज में उन पर हुए बम हमले की बरसी के अवसर पर किया जाता है। मंत्री नंदी हर वर्ष इस दिन को अपने जीवन के नए अध्याय के रूप में मनाते हैं।
सुबह 11 बजे बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामना पूर्ति मंदिर में रुद्राभिषेक और पूजन होगा। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन में प्रयागराज के अलावा कौशांबी, प्रतापगढ़ और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया गया है।
2010 में हुआ था जानलेवा हमला
12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज में मंत्री नंदी के काफिले पर रिमोट कंट्रोल से विस्फोट किया गया था। इस हमले में एक पुलिसकर्मी और एक पत्रकार की मौत हो गई थी, जबकि नंदी गंभीर रूप से घायल हुए थे। लंबे इलाज के बाद वे स्वस्थ हुए। इसके बाद से वह हर वर्ष 12 जुलाई को ‘पुनर्प्राप्त जन्म दिवस’ के रूप में मनाते हैं।
मंदिर से जुड़ी है आस्था
मंत्री नंदी का कहना है कि बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामना पूर्ति मंदिर के प्रति उनकी गहरी आस्था है। उनका मानना है कि इस घटना के बाद जीवनदान मिलने के कारण वह हर साल यहां पूजा-अर्चना करते हैं।
शाम को होगी भजन संध्या
आयोजकों के मुताबिक शाम को सांस्कृतिक भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें भजन गायक हंसराज रघुवंशी और स्वाति मिश्रा प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा कृष्णा संस्कार और रहस्य ग्रुप भी भजनों की प्रस्तुति करेंगे। कार्यक्रम के लिए सुलाकी चौराहा और चंद्रलोक चौराहा पर मंच तैयार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *