Breaking News
हापुड़ में साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार:खाते से 19.73 लाख रुपये का लेनदेन हुआ, कई राज्यों में शिकायतें

हापुड़ साइबर अपराध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल एक म्यूल खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते से 19 लाख 73 हजार 339 रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला हरिजनवाला निवासी कर्मवीर के रूप में हुई है। आरोपी कर्मवीर के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर देश के विभिन्न राज्यों से कुल सात शिकायतें दर्ज थीं। जांच में पता चला कि उसके बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया गया था। पुलिस ने शिकायतों और बैंकिंग रिकॉर्ड का गहन विश्लेषण किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी ठगी गई धनराशि को छिपाने और उसे विभिन्न खातों में स्थानांतरित करने के लिए म्यूल खातों का उपयोग करते हैं। ऐसे खाताधारक अक्सर कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते अपराधियों को उपलब्ध करा देते हैं। इन खातों में ठगी की रकम आती है, जिसे बाद में अलग-अलग माध्यमों से निकाल लिया जाता है, जिससे अपराधियों का पता लगाना मुश्किल हो जाता है। थाना प्रभारी साइबर अपराध मुनीष प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ऑपरेशन CyVazra-1 के तहत सभी संदिग्ध खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी के बहकावे में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या ओटीपी किसी को न दें। कमीशन के लालच में अपने खाते का इस्तेमाल किसी और को न करने दें, क्योंकि ऐसा करने पर वे भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपी कर्मवीर से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह कब से इस साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा था। साथ ही, इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *