Breaking News
गोंडा में पानी से भरे गड्ढे में दो बच्चे डूबे:एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी; मैरिज हॉल निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा

गोंडा जिले के इटियाथोक कोतवाली क्षेत्र के बैजपुर गांव में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मैरिज हॉल के पास पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय शिवम मौर्या और 12 वर्षीय राजन मौर्या के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शिवम का शव बरामद कर लिया गया, जबकि राजन की तलाश देर शाम तक जारी रही। जानकारी के मुताबिक, बैजपुर गांव निवासी मिनाज ने मैरिज हॉल निर्माण के लिए मिट्टी खुदवाई थी, जिससे बड़ा गड्ढा बन गया था। लगातार बारिश के कारण उसमें काफी पानी भर गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे साइकिल से खेलते हुए वहां पहुंचे और किसी तरह गड्ढे में गिरकर डूब गए। घटना के समय किसी ने उन्हें डूबते हुए नहीं देखा। दोनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक शिवम मौर्या कक्षा छह का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम सत्यम मौर्या है। वहीं, राजन मौर्या कक्षा पांच का छात्र था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई का नाम राम जन्म और बहन का नाम मोनिका मौर्या है। दोनों बच्चों के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पुलिस बोली- हर पहलू की हो रही जांच इटियाथोक कोतवाल कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि दो बच्चों के गड्ढे में डूबने की सूचना मिली थी। शिवम का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि राजन की तलाश स्थानीय लोगों की मदद से लगातार की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया दोनों बच्चे खेलते-खेलते गड्ढे तक पहुंचे और हादसे का शिकार हो गए। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फिलहाल प्राथमिकता दूसरे बच्चे के शव की तलाश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *