Breaking News
शामली में बाइक सवार पर फावड़े से हमला:पुलिस बोली- शिकायत नहीं मिली, जांच कर करेंगे कार्रवाई

शामली के कैराना थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में बाइक सवार युवक पर फावड़े से हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक पहले बाइक सवार को रोकता है और फिर उस पर फावड़े से लगातार तीन वार करता दिखाई देता है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक कोई तहरीर या शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना 9 जुलाई की है। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और घायल युवक की स्थिति के संबंध में भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और स्थानीय लोग दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कैराना थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। वीडियो की सत्यता और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। यदि जांच में मामला सही पाया जाता है तो आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *