Breaking News
प्रयागराज में सांसदों के साथ रेलवे की हाई लेवल बैठक:नई ट्रेनों, ठहराव और स्टेशन विकास पर चर्चा; यात्री सुविधाओं पर जोर दिया गया

प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने शुक्रवार को प्रयागराज मंडल क्षेत्र के सांसदों और उनके प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। होटल कान्हा श्याम में हुई इस बैठक की अध्यक्षता अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम ने की। इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे की उपलब्धियों, चल रही विकास परियोजनाओं पर चर्चा करना और जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना था। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे लाइन क्षमता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षित ट्रेन संचालन, कर्मचारी कल्याण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे परियोजनाओं के लिए अब पर्याप्त बजट उपलब्ध है और उच्च स्तर पर निगरानी के कारण विकास कार्य तेजी से पूरे हो रहे हैं। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एआई आधारित रेल मदद पोर्टल (139) का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रयागराज मंडल से लगभग 7.40 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 1,699 करोड़ रुपये की यात्री आय प्राप्त हुई। इसी अवधि में, माल ढुलाई से मंडल को लगभग 893 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। रेलवे की नई सेवाओं का जिक्र करते हुए महाप्रबंधक ने बताया कि हाल ही में प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन शुरू की गई है। इससे नोएडा, एनसीआर और जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिली है। इसके अतिरिक्त, मेला, गर्मी, त्योहार और परीक्षाओं के दौरान 14,127 विशेष ट्रिप संचालित किए गए, और 24 जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। अमृत भारत, वंदे भारत और राजधानी सहित कुल 18 जोड़ी नई ट्रेनें शुरू की गईं, जबकि चार जोड़ी मेमू ट्रेनों को 8 कोच से बढ़ाकर 12 कोच किया गया है। स्टेशन विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए महाप्रबंधक ने बताया कि प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल का पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रयागराज मंडल के 15 स्टेशनों में से 5 स्टेशनों का कार्य पूरा हो चुका है, और शेष कार्य इस वित्तीय वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *