Breaking News
गोरखपुर में स्कूल के पास मोबाइल टावर का विरोध:स्थानीय लोगों- स्कूल प्रबंधन ने DM को सौंपा ज्ञापन, बोले- बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं

गोरखपुर में गोरखनाथ इलाके के रसूलपुर स्थित एस.टी. चिल्ड्रन्स एकेडमी के पास प्रस्तावित मोबाइल टावर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अब स्कूल प्रबंधन भी खुलकर मैदान में उतर आया है। सभी ने शुक्रवार 3:00 बजे DM को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है, जबकि विद्यालय प्रबंधन ने भी अलग से अपर DM को पत्र भेजकर बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए टावर की स्थापना रोकने की अपील की है। लोगों का कहना है कि इलाके में पहले से ही एक मोबाइल टावर संचालित है। अब उसी से करीब 20 मीटर की दूरी पर दूसरा मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। उनका आरोप है कि घनी आबादी वाले इलाके में इतने कम अंतराल पर दूसरा टावर स्थापित किया जाना उचित नहीं है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। स्कूल के ठीक पास प्रस्तावित टावर
एस.टी. चिल्ड्रन्स एकेडमी के प्रधानाचार्य ने प्रशासन को भेजे पत्र में कहा है कि प्रस्तावित मोबाइल टावर विद्यालय के बेहद निकट लगाया जा रहा है। स्कूल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। ऐसे में टावर की स्थापना से बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं। स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन से विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए निर्माण रोकने की मांग की है। घनी आबादी और हाईटेंशन लाइन के बीच प्रस्तावित टावर
ज्ञापन में लोगों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के आसपास बड़ी संख्या में मकान, बच्चे, बुजुर्ग और हृदय रोगी रहते हैं। इसके अलावा वहां से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन भी गुजर रही है। लोगों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में मोबाइल टावर की स्थापना सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ा सकती है। साथ ही टावर के संचालन से होने वाले शोर और अन्य संभावित प्रभावों को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *