Breaking News
गोरखपुर में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज:श्रीराम घाट पहुंचे DG PAC, राहत तैयारियों का लिया जायजा

गोरखपुर में मानसून के दौरान संभावित बाढ़ को देखते हुए राहत और बचाव व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक (PAC) आलोक सिंह ने शुक्रवार दोपहर 3:00 बजे नौसढ़ के श्रीराम घाट पहुंचकर बाढ़ राहत दल की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में तैनात जवानों से संवाद किया, उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में बिना समय गंवाए राहत अभियान शुरू किया जाए। डीजी PAC ने बाढ़ राहत दल की कार्यप्रणाली, मोटर बोटों की उपलब्धता, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, रेस्क्यू ट्यूब, स्कूबा डाइविंग किट और अन्य आधुनिक उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संसाधनों को हर समय पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ आने पर राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। राप्ती और रोहिणी पर लगातार नजर
मानसून के दौरान हर वर्ष बाढ़ की आशंका को देखते हुए इस बार भी गोरखपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राप्ती और रोहिणी नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ संभावित गांवों और तटवर्ती क्षेत्रों के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जिला प्रशासन, PAC, SDRF और पुलिस के बीच लगातार समन्वय स्थापित कर स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी सूचना पर राहत दल तत्काल मौके के लिए रवाना हों। कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है और मौसम विभाग व जल संसाधन विभाग से मिलने वाले अपडेट के आधार पर रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *