शामली में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा:कुपोषित बच्चों की पहचान में लापरवाही पर डीएम नाराज, बोले- स्वास्थ्य सेवाओं में कोताही बर्दाश्त नहीं
शामली में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी आलोक यादव ने शनिवार शाम जिला स्वास्थ्य समिति और संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम की बैठक की। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम ने टीकाकरण में लापरवाही और कुपोषित बच्चों की पहचान कम होने पर नाराजगी जताते हुए पात्र लाभार्थियों को समय से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया। यू-विन पोर्टल के आंकड़ों की समीक्षा में कुछ एएनएम द्वारा निर्धारित सेशन आयोजित नहीं किए जाने और बच्चों को तय समय पर टीके नहीं लगने की जानकारी सामने आई। डीएम ने कार्ययोजना बनाकर टीकाकरण की उपलब्धि शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। 1 अक्टूबर से संचारी रोग अभियान, सफाई पर जोर डीएम ने एक अक्टूबर से शुरू होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई, तालाबों और जलभराव वाले स्थानों की सफाई के साथ छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को सफाई और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा गया।
कैराना में 436 बच्चों की स्क्रीनिंग डीएम ने जिला अस्पताल के एनआरसी में अधिक से अधिक कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर भर्ती कराने और उनका उपचार व पोषण संबंधी देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। कैराना अर्बन क्षेत्र में 436 बच्चों की स्क्रीनिंग की जानकारी दी गई। ई-कवच पोर्टल की समीक्षा में बच्चों की लंबाई से जुड़ी प्रविष्टियों में विसंगतियां मिलने पर डाटा का दोबारा परीक्षण कर सुधार करने के निर्देश दिए गए। सीएचओ की ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक और वीडियो कॉल के जरिए उनकी उपस्थिति व कार्यों की निगरानी करने को कहा गया। जननी सुरक्षा का लंबित भुगतान जल्द कराने के निर्देश जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में डीएम ने लाभार्थियों को शत-प्रतिशत और समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। कैराना के बीपीएम को लंबित भुगतान तत्काल कराने के निर्देश दिए गए। सभी चिकित्सा इकाइयों में बैंक मित्र की व्यवस्था कराने और जिला कार्यक्रम प्रबंधक को एलडीएम से समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में लंबित जांच भी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद हुई जिला पोषण समिति की बैठक में अति कुपोषित बच्चों की कम पहचान पर डीएम ने नाराजगी जताई और समय से चिन्हांकन, उपचार व पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

