Breaking News
सेवा के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा लायंस क्लब प्रयास, गीतिका अग्रवाल ने संभाली अध्यक्ष की कमान

अधिष्ठापन समारोह में नई कार्यकारिणी ने ग्रहण किए दायित्व, इस्कॉन के गीता ओलंपियाड के लिए दी सहयोग राशि; ‘खिचड़ी’ नाटिका ने खूब गुदगुदाया

बाबा न्यूज़ 

आगरा। हरीपर्वत स्थित होटल होलीडे इन में लायंस क्लब प्रयास का 19 वां अधिष्ठापन समारोह उत्साह और सेवा संकल्प के साथ आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर योगेश कंसल एवं डॉ. स्वाति माथुर तथा संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में सत्र 2025-26 की कार्यकारिणी ने सत्र 2026-27 की नवगठित टीम को दायित्व सौंपा। अध्यक्ष रितेश मांगलिक, सचिव सुरभि मित्तल और कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग ने नव निर्वाचित अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल, सचिव आलोक अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष पुनीत बागला को कार्यभार सौंपा। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी ने सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि लायंस क्लब प्रयास सदैव सेवा के पथ पर आगे बढ़ता रहा है। क्लब का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना और समाजहित के कार्यों को निरंतर गति देना है। आने वाले सत्र में भी सेवा, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल करते हुए इस्कॉन आगरा द्वारा आयोजित गीता ओलंपियाड प्रतियोगिता के लिए सहयोग राशि भेंट की गई। यह राशि शशांक प्रभु को प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लायंस क्लब के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने कहा कि लायंस क्लब सेवा को केंद्र में रखकर कार्य करने वाला वैश्विक संगठन है। क्लब के प्रत्येक सदस्य का प्रयास होना चाहिए कि जरूरतमंद व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचे। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा कार्यों में निरंतरता और टीम भावना ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम संयोजक अशु मित्तल ने बताया कि क्लब प्रयास द्वारा वर्षभर विभिन्न सामाजिक, सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। अधिष्ठापन समारोह केवल दायित्व परिवर्तन का अवसर नहीं बल्कि आगामी सत्र के सेवा संकल्प को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों से आगामी वर्ष में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण और अधिष्ठापन के बाद समारोह का माहौल पूरी तरह मनोरंजक हो गया। टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘खिचड़ी’ की थीम पर क्लब सदस्यों ने हास्य नाटिका प्रस्तुत की। सदस्यों ने विभिन्न किरदारों को जीवंत करते हुए अपनी अभिनय प्रतिभा से सभी को खूब गुदगुदाया।
नाटिका में विशेष रूप से नवनिर्वाचित अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने ‘हंसा’ का किरदार निभाकर खूब तालियां बटोरीं। उनके अभिनय पर समारोह में मौजूद सदस्यों और अतिथियों ने जमकर ठहाके लगाए। नाटिका का संचालन निधि लाल ने किया। रूपाली अग्रवाल, मयूरी मित्तल, रीना गर्ग, नंदिनी अग्रवाल, तनुजा मांगलिक, जय अग्रवाल, रचना अग्रवाल, रेशमा मगन सहित आदि उपस्थित रहे।

हापुड़ में 7 दिवसीय रचनात्मक लेखन कार्यशाला का समापन:छात्राओं को मिला कल्पना और मौलिकता से लिखने का मंच

हापुड़ के आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सात दिवसीय ‘क्रिएटिव राइटिंग’ कार्यशाला का समापन हुआ। अंग्रेजी विभाग की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था एथॉस क्लब ने इसका आयोजन किया था। यह कार्यशाला 17 सितंबर 2026 को शुरू हुई थी, जिसमें छात्राओं को रचनात्मक लेखन की बारीकियां सिखाई गईं। विशेषज्ञों ने लेखन की प्रक्रिया, कल्पना, मौलिकता और भावनात्मक अभिव्यक्ति जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। समापन समारोह की शुरुआत अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. अलका सिंह के नेतृत्व में हुई। आमंत्रित विशेषज्ञों, कॉलेज की प्राचार्या और प्राध्यापिकाओं ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत गाया गया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. मीनू कश्यप ने सात दिवसीय कार्यशाला की गतिविधियों और मुख्य उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा दिया। इसके बाद विषय-विशेषज्ञ प्रो. संगीता अग्रवाल ने रचनात्मक साहित्य के स्वरूप पर अपने विचार रखे। वे संस्कृत विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि सृजनात्मक लेखन लेखक की कल्पना, मौलिकता और भावनाओं से विकसित होता है। साहित्य सिर्फ जानकारी नहीं देता, बल्कि पाठक में भावनात्मक अनुभव और सौंदर्यबोध भी जगाता है। इसके बाद संगीत विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. जया शर्मा ने साहित्य और संगीत के संबंध पर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों ही मानवीय भावनाओं को व्यक्त करने के प्रभावी माध्यम हैं। साहित्य शब्दों से और संगीत सुर व धुन से भावनाओं को सामने लाता है। दोनों विशेषज्ञों ने छात्राओं के सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने रचनात्मक लेखन को मानव मन की कल्पना, संवेदना और विचारों को व्यक्त करने का सशक्त माध्यम बताया। इस मौके पर अतिथियों को यादगार के तौर पर पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में सक्रिय रूप से भाग लेने वाली छात्राओं को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए। प्रमाण-पत्र पाकर छात्राएं उत्साहित दिखीं। कार्यक्रम के आखिर में अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. अलका सिंह ने सभी अतिथियों, प्राचार्या, प्राध्यापिकाओं और छात्राओं का धन्यवाद किया।

एटा में ढाबा संचालक का आरोप,पुलिस ने फर्जी गिरफ्तारी की:SSP से शिकायत, पुलिस बोली- आरोप बेबुनियाद, पहले भी दर्ज है FIR

एटा जिले के रिजोर कस्बे में एक ढाबा संचालक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संचालक का कहना है कि रिजोर थाना पुलिस ने उसे अवैध वसूली न देने पर फर्जी तरीके से गिरफ्तार किया और 22 पौआ शराब लगाकर झूठे मामले में फंसा दिया। उसने एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, रिजोर थाना पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं और वह व्यक्ति शराब के कारोबार में शामिल है। रिजोर कस्बे के रहने वाले प्रवीन कुमार पुत्र जुगेश कुमार ने SSP डॉक्टर इलामरन जी को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। प्रवीन ने अपनी शिकायत में घटना के दिन की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग होने का भी जिक्र किया है। ढाबा संचालक का आरोप है कि 15 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजकर 22 मिनट पर वह अपने भोजनालय पर बैठा था। तभी एक सरकारी जीप आकर रुकी, जिसमें दरोगा अमीर अहमद, कांस्टेबल अरुण, हिमांशु और चालक शिवकुमार सवार थे। पुलिसकर्मी उसे जीप में बैठाकर ले गए और दोपहर से शाम 6:30 बजे तक थाने में बिठाए रखा। इसके बाद, पुलिस ने एक थैले में 22 पौआ शराब रखकर उसे पकड़वाया और वीडियो बनाकर एक्साइज एक्ट के तहत FIR दर्ज कर दी। बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मियों पर हजारों रुपये की मासिक वसूली मांगने और इनकार करने पर गाली-गलौज व धमकाने का भी आरोप लगाया है। दूसरी ओर, पुलिस के मुताबिक, अपराध रोकने के लिए दरोगा और पुलिसकर्मी अंबेडकर तिराहे पर खड़े थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर पीछा किया और 15 सितंबर को दोपहर 3 बजे बिजली घर के पास प्रवीन कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान आरोपी के पास से एक थैले में रखे 22 पौआ शराब पकड़ी गई। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत प्रवीन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब इस मामले से जुड़ा एक सी सी टी वी वीडियो सामने आया है जिसमे 15 सितम्बर को पुलिस युवक को बाहर बुलाती है और गाड़ी में बैठाकर ले जाते नजर आ रही है।शिकायत कर्ता और पुलिस एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रही है।

थाना प्रभारी रिजोर प्रदीप ने बुधवार शाम 5 बजे बताया कि अनुसार उक्त व्यक्ति के विरुद्ध थाना पर चार चार मुकदमे दर्ज है पूर्व में भी शराब के मामले में एफ आई आर दर्ज की जा चुकी है।थाना प्रभारी ने कहा कि उक्त व्यक्ति द्वारा पुलिस द्वारा नजर रखी जा रही थी।इसको शराब सहित ही पकड़ा गया है रही बात सी सी टी वी कैमरे की रिकार्डिंग की तो पूछताछ के लिए बुलाया गया होगा।उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

कानपुर देहात में एक घंटे तेज बारिश:ओवरब्रिज के नीचे जुटी भीड़, पुलिस-प्रशासन की गाड़ियां भी रुकीं; गर्मी से मिली राहत

कानपुर देहात में बुधवार शाम 4 अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। बारिश इतनी तेज थी कि जिला मुख्यालय के पास ओवरब्रिज के नीचे सैकड़ों लोग अपने वाहनों के साथ रुक गए। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की गाड़ियां भी बारिश रुकने का इंतजार करती दिखीं। बारिश के बाद तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट आई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
सुबह से पड़ रही तेज गर्मी के बाद दोपहर में अकबरपुर और माती इलाके में मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जो करीब एक घंटे तक चलती रही। जिला मुख्यालय के पास ओवरब्रिज के नीचे सैकड़ों लोग अपने वाहनों के साथ बारिश रुकने का इंतजार करते दिखे। दोपहिया वाहन सवारों और राहगीरों ने भी वहीं शरण ली। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां भी ओवरब्रिज के नीचे खड़ी नजर आईं। बारिश के कारण अकबरपुर की कई गलियों और मुख्य सड़कों पर पानी भर गया। नाले और नालियां उफनने लगीं। कई जगहों पर नालियां चोक होने से पानी सड़कों पर आ गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। हालांकि, तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। बारिश से पहले तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था, जो बाद में घटकर 28 डिग्री तक पहुंच गया। इस बारिश को किसानों के लिए भी अच्छा माना जा रहा है। खेतों में धान, बाजरा, मक्का और तिल जैसी खरीफ की फसलें लगी हैं। बारिश से फसलों को पर्याप्त नमी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, निचले इलाकों में ज्यादा पानी भरने से फसलों को नुकसान होने की आशंका भी है।

मंदबुद्धि दलित नाबालिग रेप का मामला सीएम के सामने उठेगा:विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा,50 दिन तक रिर्पोट न लिखने पर नाराज

अयोध्या कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के दर्शन नगर चौकी क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ दलित नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक को जानकारी मिलने के बाद उनके हस्तक्षेप पर घटना के 50 दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। लंबे समय तक मुकदमा दर्ज न होने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय कराई जाएगी।
विधायक बुधवार को पीड़िता के गांव पहुंचे और उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। परिजनों ने उन्हें बताया कि एक अगस्त को तिहुरा निवासी प्रेमदास यादव उर्फ जसु पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। पुलिस लगातार उन्हे दौडती रही तथा सुलह का दबाव बनाती रही। परिजनों ने बताया कि परिवार को जो लोग कमाने के लिए प्रदेश से बाहर रहते हैं पुलिस ने उन्हें भी मामले में आरोपी बना दिया। विपक्ष के लोग लगातार धमकी दे रहे है जिससे परिवारीजन भयग्रस्त हैं।
विधायक ने इस देरी पर पुलिस अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि जब पीड़िता मानसिक रूप से अस्वस्थ और नाबालिग है तो उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने पुलिस की भूमिका को लेकर सख्त तेवर अपनाते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जिस भी पुलिसकर्मी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई कराई जाएगी। कहा कि दोषी चाहे अपराध करने वाला व्यक्ति हो या पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाला अधिकारी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक ने सपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए की राजनीति का दावा करने वालों को ऐसे मामलों में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। विधायक ने आरोप लगाया कि आरोपी यादव समाज से होने के कारण विपक्षी दल के नेताओं की चुप्पी सवाल खड़े करती है।
कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मामले में किसी प्रकार का दबाव या पक्षपात स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषी व्यक्ति के साथ-साथ यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक ने मामले को लेकर एसएसपी डा गौरव ग्रोवर से मुलाकात किया। एसएसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
पीडित परिवार से मुलाकात करने वालों में, दिव्य प्रकाश तिवारी, विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता, हरभजन गौड, मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, गन्ना चेयरमैन दीपेंद्र सिंह, मनीष चौधरी, अरविंद पाण्डेय, निखिल श्रीवास्तव, राजकिशोर मिश्र, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र मौजूद रहे।

जालौन में किसान सभा आयोजित:नैनो उर्वरकों के प्रयोग पर चर्चा, लागत घटाने और पैदावार बढ़ाने जोर

जालौन के आटा क्षेत्र के ग्राम गुरु का इटौरा स्थित सहकारी समिति में बुधवार को इफको की ओर से किसान सभा आयोजित की गई। इसमें किसानों को संतुलित रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया। इफको के क्षेत्रीय प्रतिनिधि शुभम मिश्र ने नैनो उर्वरकों के प्रयोग की विधि और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और सागरिका के प्रयोग से खेती की लागत कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने नैनो यूरिया के छिड़काव की सही विधि भी समझाई। बताया कि 500 मिलीलीटर नैनो यूरिया की एक बोतल 45 किलोग्राम पारंपरिक यूरिया के बराबर प्रभावी बताई जाती है। इससे पौधों को पत्तियों के माध्यम से पोषक तत्व मिलते हैं। कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव मनीष तिवारी ने किया। इस दौरान धर्मेंद्र, राजाबाबू द्विवेदी, सुधाकर चतुर्वेदी, चंचल सिंह समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।