Breaking News
गणपति भक्तों ने नम आँखों से दी सिद्धि विनायक को विदाई

बाबा न्यूज़ 
आगरा । गोकुलपुरा स्थित प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव का समापन शुक्रवार को गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ… के जयकारों के बीच कैलाश घाट पर गणपति प्रतिमा के विसर्जन से हुआ। इससे पूर्व सिद्धिविनायक मंदिर पर गणेश जी का लड्डू व दुर्वा के साथ सहस्त्रर्चन और हवन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को विसर्जन यात्रा से पूर्व गणपति प्रतिमा की 1008 दीपकों से महाआरती की गई। इसके उपरांत ढोल नगाड़ो की थाप पर विसर्जन यात्रा कैलाश घाट तक निकाली गई। जहां महंत पंडित मनीष शर्मा के सानिध्य में विधिवत पूजन कर भक्तो ने गणेश प्रतिमा का यमुना नदी में नम आँखों से विसर्जन किया। इस मौके पर गणेश महोत्सव सवारी मेला कमेटी के लोग रजत अस्थान, शरद अस्थाना, वैभव शर्मा, यश पंडित, अतुल गौतम,कुणाल गौतम आशु अग्रवाल विजय यादव, शत्रुजीत, समर, समीर साहित सैकड़ो गणपति भक्त मौजूद रहे।

वाराणसी SAI NCOE के कमलजीत को एशियन गेम्स में स्वर्ण:10 मीटर एयर पिस्टल के मिश्रित डबल में मिली उपलब्धि, स्टेडियम में खुशी की लहर

हरियाणा के रहने वाले और वाराणसी में चार महीना पहले सिगरा स्टेडियम में शुरू हुए SAI NCOE सेंटर के शूटर कमलजीत ने 20 वें एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है। कमलजीत की इस उपलब्धि के बाद से SAI सेंटर में जश्न का माहौल है। कमलजीत और उनकी सह खिलाड़ी सुरुचि इंदर सिंह ने 484.6 अंक पाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 20वें एशियाई खेल 2026, आइची-नागोया, जापान में चल रहे हैं। जहां भारत के शूटरों ने भारत को दूसरी स्वर्णिम सफलता दिलाई है। 7 जुलाई को हुआ था वाराणसी के लिए चयन सिगरा SAI NCOE के डिप्टी डायरेक्टर शुभांशु द्विवेदी ने बताया – भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कमलजीत ने महिला शूटर सुरूची इंदर सिंह के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए 484.6 अंकों के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया। भारतीय टीम ने कोरिया गणराज्य और ईरान की टीमों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
कमलजीत 10 मीटर एयर पिस्टल सीनियर पुरुष वर्ग के खिलाड़ी हैं । और उन्हें 7 जुलाई 2026 को भारतीय खेल प्राधिकरण, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, (SAI NCOE) सिगरा में शामिल किया गया था। जूनियर प्रतिस्पर्धा में जीत चुके हैं पदक शुभांशु ने बताया – कमलजीत कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनमें 2025 की अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ विश्व चैंपियनशिप भी है। जिसमें उन्होंने रजत पदक जीता। प्रथम अंतरराष्ट्रीय जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2023 तथा चीन के हांगझोऊ में 18 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ विश्व कप में भी हिस्सा लिया था। अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे कमलजीत शुभांशु ने बताया – कमलजीत के वाराणसी लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से अन्य खिलाड़ियों में भी जोश की लहर है और अन्य खिलाड़ी बॉक्सिंग, कुश्ती, फेंसिंग ये सभी अलग जोश में नजर आ रहे हैं। ये उपलब्धि वाराणसी SAI NCOE के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

कमिश्नर कोर्ट में होगा नामांकन:गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारी शुरू; 29 से नामांकन होगा

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी के चुनाव के लिए नामांकन 29 सितंबर से शुरू होगा। चुनाव की तैयारी को लेकर रिटर्निंग आफिसर एवं गोरखपुर के कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को तैयारी बेठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी सतर्कता के साथ निभाएं। उन्होंने बताया कि नामांकन कमिश्नर कोर्ट में होगा और नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ 4 लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि हर चुनाव संवेदनशील होता है। इसलिए छोटी से छोटी बातों को गंभीरता के साथ लेना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से समय-समय पर प्राप्त होने वाले निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाए। यदि किसी तरह की समस्या आती है तो तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए। कमिश्नर ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितम्बर 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन कमिश्नर कोर्ट में होगा। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ 4 लोग ही प्रवेश कर सकते है। उन्होंने निर्देश दिया कि नामाकंन सहित निर्वाचन की पूरी प्रकिया की वीडियोग्राफी करायी जाए। कमिश्नर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम की व्यवस्था अच्छी रहे और मतगणना स्थल पर सभी व्यवस्था बेहतर रहे। स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण कमिश्नर इन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक के बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा के साथ दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बने मतगणना स्थल तथा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं। मतगणना के लिए समुचित प्रबंध किया जाए।

गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा इलाका:जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को विदाई दी

प्रतापगढ़ के कुंडा कस्बे में रानी गिरजा बालिका इंटर कॉलेज के पास पिछले 16 साल से आयोजित हो रहे गणेश उत्सव का शुक्रवार शाम करीब 4 बजे समापन हो गया। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को विदाई दी। इस दौरान निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। 2 महीने में तैयार हुआ बंगाल के कारीगरों का पंडाल इस बार गणेश उत्सव में बंगाल से आए कारीगरों द्वारा तैयार किया गया पंडाल आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजकों के मुताबिक, पंडाल तैयार करने में कारीगरों को करीब दो महीने का समय लगा और इसे बनाने में लगभग 20 लाख रुपए खर्च हुए। पंडाल के साथ लगे बड़े मेले में स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के जिलों से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने गणेश प्रतिमा के दर्शन के साथ मेले का भी आनंद लिया। ढोल-नगाड़ों के साथ निकली विसर्जन यात्रा शुक्रवार शाम गणपति बप्पा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए पंडाल से मानिकपुर गंगा घाट ले जाया गया। शोभायात्रा माझिलगांव बाईपास, बाबूगंज और कबरियागंज होते हुए निकली। ढोल-नगाड़ों की थाप और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए लोग गणपति की भक्ति में डूबे नजर आए।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई। कुंडा कोतवाल अरविंद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर नजर रखते रहे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। आयोजकों की ओर से भी शोभायात्रा और विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं।

बीएचयू में पीडीए का जागरूकता अभियान:छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अधिकारों को लेकर चर्चा की

वाराणसी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शुक्रवार को छात्र-नौजवान पीडीए जागरूकता एवं सदस्यता अभियान के तहत पर्चा वितरण किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अधिकारों को लेकर चर्चा की गई। छात्रों को लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का संचालन वाराणसी महानगर प्रभारी अभिनव पांडेय और छात्र सभा इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव ने किया। कार्यक्रम में जौनपुर के प्रदेश सचिव आलोक कुमार यादव सहित कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया।

झांसी में ट्रक ने 3 गाड़ियों को उड़ाया, VIDEO:ड्राइवर नहीं था तो हेल्पर चलाने लगा, फिर संभाल नहीं पाया, शोरूम में भड़दड़ मची

झांसी में एक बेकाबू ट्रक ने 3 गाड़ियों को उड़ा दिया। तेज गति में आए ट्रक ने पहले स्कॉर्पियों को टक्कर मारी और फिर पास में खड़ी सफारी गाड़ी को घसीटते हुए ले गया। आगे जाकर एक स्कूटी को टक्कर मारकर शोरूम के बाहर जाकर सीढ़ियों से जा भिड़ा। यह देख शोरूम के अंदर भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि तीनों में कोई सवार नहीं था और न ही शोरूम के बाहर कोई खड़ा था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे के बाद लोगों ने ट्रक चला रहे हेल्पर को पकड़ लिया। उसने कहा- ट्रक ड्राइवर नहीं था, लोग बार-बार ट्रक हटाने के लिए कह रहे थे। मैं ट्रक को आगे बढ़ाने लगा। इसके बाद ट्रक को संभाल नहीं पाया। ब्रेक नहीं लगे तो हादसा हो गया। हादसा नवाबाद थाना क्षेत्र में स्काई टावर के पास में हुआ है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में लिया है। 3 तस्वीरें…. टक्कर के बाद 10 फीट दूर दीवार से भिड़ी गाड़ी हैंडलूम कारोबारी आमोद कुमार जैन ने बताया- मेरी स्काई टावर के पीछे पारस होम डिकाेर के नाम से हैंडलूम शोरूम है। आज सुबह सहयोगी नयन शोरूम खोलकर बैठा था। शोरूम पर वर्कर काम कर रहे थे। लगभग 11:30 बजे एक बेकाबू ट्रक आया। शोरूम के बाहर गाड़ियां खड़ी थी। ट्रक ने सबसे पहले हमारे दोस्त की स्कॉर्पियों गाड़ी टक्कर मारी। इसके बाद मेरी सफारी गाड़ी को टक्कर मारी। टक्कर से सफारी 10 फीट दूर जाकर दीवार से टकरा गई। इसके बाद ट्रक एक सकूटी से टकराकर सीढ़ियों से टकरा गया। सीढ़ियों की ग्रिल, कांच और पत्थर टूट गया। उन्होंने आगे बताया- जो युवक गाड़ी चला रहा था उसने खुद स्वीकार किया है कि उसके पास कोई ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। सिर्फ मालिक के कहने पर वो गाड़ी चला रहा था। हमारी तीनों गाड़ियां पूरी तरह से खत्म हो गई। सीढ़ियों की ग्रिल और पत्थर टूट गया। इससे 5 से 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। जो गाड़ी चला रहा था, उसे पुलिस अपने साथ ले गई है। ब्रेक नहीं लगे तो हादसा हो गया ट्रक चला रहे अलीगढ़ निवासी नरेश ने बताया- ट्रक में टाइल्स कैमिकल लोड करके झांसी लाया था। गोदाम के बाहर ट्रक खड़ा था। लेबर परेशान कर रही थी। बार-बार ट्रक को हटाने के लिए कह रही थी। तब मैंने ट्रक को स्टार्ट करके आगे ले जा रहा था। इस दौरान ट्रक बेकाबू हो गया। ब्रेक लगाए तो नहीं लगे। मैं ट्रक पर हेल्पर हूं, थोड़ी बहुत गाड़ी चला लेता था। लाइसेंस नहीं है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया हादसे के बाद लोगों ने ट्रक चला रहे युवक को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद एक दूसरी ड्राइवर को बुलाया गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई है। शोरूम मालिक ने तहरीर देकर मामले की कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दशहरा मेला स्वागत समिति के अध्यक्ष राजीव कांत लवानियां, विनय जैन महामंत्री बने 

45वें दशहरा महोत्सव की तैयारियों को मिला नया नेतृत्व 

बाबा न्यूज़ 

आगरा। बाग मुजफ्फर खां में आयोजित होने वाले दो दिवसीय 45वें दशहरा महोत्सव को लेकर दशहरा मेला स्वागत समिति की नवीन कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। चुनाव अधिकारियों की देखरेख में हुई बैठक में समिति की आगामी गतिविधियों और महोत्सव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
चुनाव अधिकारी हेमेंद्र कुलश्रेष्ठ, जुगल चतुर्वेदी, पंडित ओम शर्मा एवं भगवान दास कुशवाह की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया में राजीव कांत लवानियां को पुनः दशहरा मेला स्वागत समिति का अध्यक्ष चुना गया। विनय जैन (नेताजी) को महामंत्री, विनय शर्मा को मेला प्रभारी, रमन गुप्ता को स्वागत अध्यक्ष तथा मोहित चतुर्वेदी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समिति में संरक्षक भगवान दास कुशवाह, पंडित ओम शर्मा, नरेश जैन, शरद चंद्र, प्रदीप वैष्णव, विजय गोयल, राजकुमार बृजवासी, ओम प्रकाश रौतेला, जय अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी संस्कार गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह, मनीष गर्ग, कपिल नगर, रविंद्र मोहन बंसल, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, राकेश बघेल, श्याम सुंदर शर्मा, दिनेश वर्मा, कोषाध्यक्ष जसवंत सिंह बघेल, संयोजक मुकुल कुलश्रेष्ठ, पंडित मुकेश शर्मा, लेखा अधिकारी प्रदीप सिंघल, सांस्कृतिक सचिव अखिल अग्रवाल, निखिल कुलश्रेष्ठ, आशीष लवानिया, मंत्री सचिन सेठ, सौरभ गुप्ता, विशाल तोमर, प्रशांत सिंह, दिशांक गर्ग, राजीव गुप्ता, राहुल शर्मा, सह मंत्री सुमित चतुर्वेदी, पिंटू कुमार, लाल बघेल, सागर कुशवाहा, हिमांशु वर्मा, केशव अग्रवाल, महिला मंडल तरुण अग्रवाल, नीना बघेल, सीमा यादव, सपना चतुर्वेदी, पूजा अग्रवाल, प्रतिभा लवानिया, पारुल बघेल को मनोनीत किया गया।
नवीन कार्यकारिणी के गठन के साथ ही समिति ने 45वें दशहरा महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अध्यक्ष राजीव कांत लवानिया ने बताया कि महोत्सव में धार्मिक परंपराओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक सहभागिता को विशेष स्थान दिया जाएगा। आयोजन की सफलता के लिए समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सामूहिक रूप से जिम्मेदारियां निभाएंगे।