Breaking News
रजिस्ट्रार, लेबर कमिश्नर ने रूपम पाण्डेय को ही माना वैध महामंत्री

उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ (UMRKS) का फर्जी गुट बेनकाब

बाबा न्यूज़ 
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ (UMRKS) में फर्जी गुट द्वारा की जा रही बैठकों और पत्राचार पर रजिस्ट्रार ट्रेड यूनियन एवं लेबर कमिश्नर, प्रयागराज ने बड़ा आदेश जारी करते हुए स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है।
श्रम विभाग के आदेशानुसार 6 अगस्त 2026 को जारी फॉर्म J पूरी तरह बरकरार है और आज भी रूपम पाण्डेय ही संघ के वैध एवं अधिकृत महामंत्री हैं।

रजिस्ट्रार कार्यालय ने फर्जी गुट द्वारा किए गए सभी असंवैधानिक पत्राचार, बैठकों और कार्यवाहियों को सिरे से खारिज करते हुए उनके सभी पत्रों व ज्ञापनों का निस्तारण कर दिया है। फर्जी गुट द्वारा संघ के नाम पर की गई किसी भी कार्यवाही को कोई मान्यता नहीं दी गई है।
फर्जी हस्ताक्षर मामले में फोरेंसिक जांच के आदेश
मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब हेमंत विश्वकर्मा के फर्जी हस्ताक्षर का मामला सामने आया। इस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी  ने निष्पक्ष जांच का आदेश दिया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार फर्जी हस्ताक्षर के इस मामले को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि धोखाधड़ी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जा सके।
UMRKS की आधिकारिक एवं स्वीकृत कार्यकारिणी:
रजिस्ट्रार ट्रेड यूनियन एवं नियमानुसार UMRKS का संचालन निम्नलिखित अधिकृत पदाधिकारियों द्वारा ही किया जा रहा है:
अध्यक्ष  तेज पाल सिंह, महामंत्री रूपम पाण्डेय, संगठन मंत्री अनिल शुक्ला
कार्यकारी अध्यक्ष संजय तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीमती उषा देवी,  संयुक्त मंत्री  सनत तिवारी एम. आर. चौबे।
मण्डल स्तरीय पदाधिकारी: मण्डल अध्यक्ष: अमिताभ बच्चन एवं अवधेश सक्सेना। मण्डल मंत्री  संतोष शर्मा, सभाजीत चौबे एवं हरि मोहन शर्मा।
झांसी कारखाना मण्डल और आगरा मण्डल भंग
संघ के अधिकृत नेतृत्व ने जानकारी दी है कि झांसी कारखाना मण्डल  और आगरा मण्डल को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इन दोनों मण्डलों का पुनर्गठन करने के लिए जल्द ही नए अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा।
संघ नेतृत्व ने सभी रेल कर्मचारियों एवं सदस्यों से अपील की है कि वे फर्जी गुट के किसी भी गुमराह करने वाले पत्राचार या बैठक के बहकावे में न आएं।

 

विधायक रानी पक्षालिका सिंह भदावर ने जनकपुरी महोत्सव में  की महाआरती

देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की 

बाबा न्यूज़ 

आगरा । जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित पावन महाआरती में बाह विधानसभा क्षेत्र की विधायिका श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह भदावर ने विशेष रूप से सहभागिता की । उन्होंने विधिवत रूप से प्रभु श्री रामचंद्र जी की आरती एवं पूजन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की ।

इस अवसर पर विधायिका श्रीमती भदावर ने महिला सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं की सक्रिय सहभागिता एवं सम्मान को बढ़ावा देने का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ हमारी गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं ।

उन्होंने जनकपुरी महोत्सव को और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं ।

महाआरती में आयोजन समिति की तरफ से मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री शमनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल (ग्वाला), मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, अलावा धीरज शर्मा, रोहन गुप्ता, अनुज भारद्वाज, नरेंद्र शर्मा, नीरज मिश्रा, हेमंत जादौन, लोकेंद्र संत, अलावा महिला मंडल से
अध्यक्ष अमृता पोरवाल, मुख्य संरक्षक आरती शर्मा, सीईओ शीतल अग्रवाल, मुख्य समन्वयक श्रीमती शिखा वर्मा, समन्वयक श्रीमती वंदना पोरवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति सिंह एवं श्रीमती अनामिका तथा सह-समन्वयक श्रीमती संगीता सिंह एवं श्रीमती मीना पाठक सहित महिला मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर आयोजन समिति एवं महिला मंडल के पदाधिकारियों ने विधायिका श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह भदावर का स्वागत एवं अभिनंदन किया ।

जीवन का लक्ष्य जॉब प्रोवाइडर बनना रखें:सीएसजेएमयू में हुआ युवा संवाद का आयोजन, 25 उद्यमी सम्मानित

सीएसजेएमयू के दीनदयाल सभागार में स्वदेशी जागरण मंच एवं सीएसजेएमआईएफ के तत्वावधान में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन युवा संवाद का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में आरएसएस के राष्ट्रीय प्रचारक एवं अखिल भारतीय संगठक, स्वदेशी जागरण मंच के कश्मीरी लाल ने कहा कि अर्न वाइल यू लर्न की भावना के साथ आगे बढ़ें और जीवन का लक्ष्य बी ए जॉब प्रोवाइडर बनाना रखें। रोजगार देने की क्षमता विकसित करना ही आत्मनिर्भर उन्होंने कहा कि रोजगार मांगने के साथ-साथ रोजगार देने की क्षमता विकसित करना ही आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उन्होंने युवाओं को सफल उद्यमियों को अपना आदर्श बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल विज्ञापन जगत की लोकप्रिय हस्तियों को रोल मॉडल बनाने के बजाय ऐसे उद्यमियों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने अपने उद्योग खड़े किए और रोजगार के अवसर पैदा किए। साधारण नहीं उदाहरण बनना
विशिष्ट अतिथि भवानी भीख तिवारी जी ने संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में ‘पांच परिवर्तन’ और ‘स्व’ के बोध के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में स्व आधारित जीवनशैली को अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने स्वभूषा, स्वभाषा, स्वभोजन, स्वभ्रमण और स्वभवन जैसे सूत्रों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि “साधारण नहीं, उदाहरण बनना है।” स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख श्री प्रवीण मिश्र जी ने कहा कि युवाओं के बीच उद्यमिता और स्वावलंबन की भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे सम्मेलन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
नौकरी देने वाला कौन होगा अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. विशाल अवस्थी ने युवाओं से सवाल किया कि यदि सभी लोग नौकरी मांगने वाले बन जाएंगे तो नौकरी देने वाला कौन होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और मजबूत अर्थतंत्र के लिए स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
25 उद्यमियों को किया गया सम्मानित कार्यक्रम में सफल स्टार्टअप एवं उद्यम स्थापित करने वाले 25 उद्यमियों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मंच संचालन प्रभाकर सिंह ने किया। उन्होंने सम्मानित उद्यमियों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए “गांव-शहर की एक पुकार—उद्यमिता और स्वरोजगार” का संदेश दिया।इस मौके पर डॉ दिव्यांश शुक्ला, प्रान्त सह समन्वयक उपेंद्र त्रिपाठी, प्रांत सांस्कृतिक विभाग प्रमुख रश्मि सविता, विभाग संयोजक अमरदीप मिश्रा आदि रहे।

BHU चीफ प्राक्टर पर सुरक्षाकर्मी ने लगाया भेदभाव का आरोप:वीडियो जारी किया,बोला- पूर्व सैनिकों की जगह महिला सुरक्षाकर्मियों की कर रहे भर्ती

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में चीफ प्राक्टर प्रो. संदीप पोखरिया की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र संगठनों के विरोध के बाद अब प्राक्टोरियल बोर्ड में तैनात रहे एक पूर्व सैनिक सुरक्षाकर्मी ने भी सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को सुरक्षाकर्मी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। हालांकि, दैनिक भास्कर इस प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में प्रमोद कुमार सिंह नामक व्यक्ति विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, पूर्व सैनिकों की जगह महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, वेतन से जुड़े मामलों और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर कई आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था में पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता देने की मांग भी की है। वीडियो में चीफ प्राक्टर समेत अन्य अधिकारियों पर सुरक्षाकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और छात्रों के उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब विश्वविद्यालय प्रशासन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी में जुटा है। इसके तहत नए सीसी कैमरे लगाने और सुरक्षा पोस्ट की संख्या बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है। चीफ प्राक्टर बोले- अनुशासनहीनता के कारण हटाया गया चीफ प्राक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने वीडियो में लगाए गए आरोपों पर कहा कि प्रमोद कुमार सिंह को करीब दो माह पहले अनुशासनहीनता के आरोप में सुरक्षा सेवा से हटाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सेवा से हटाए जाने के बाद इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

वाराणसी-कोर्ट से करोड़ों के लेनदेन में दंपती की जमानत खारिज:कोर्ट ने मांगे लेनदेन के दस्तावेजी साक्ष्य, 2016 में व्यापार के लिए 1.20 करोड़

वाराणसी कोर्ट ने कैंट थाना क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये के कथित वित्तीय लेनदेन, धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों से जुड़े मामले में अपर सत्र न्यायाधीश (पंचम) यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने सुनवाई की। कोर्ट ने सामने आए दस्तावेजों, कथित दो PAN कार्ड, लेनदेन तथा जांच की स्थिति को देखते हुए प्रयागराज निवासी आरोपी उमंग ग्रोवर व उनकी पत्नी पूजा ग्रोवर की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। अग्रिम ज़मानत अर्जी का विरोध सेंट्रल बार एसोसिएशन के निवर्तमान उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता दीपक राय कान्हा ने किया। अभियोजन ने बताया पूरा मामला अभियोजन ने बताया कि वादी पीयूष वर्मा की ओर से आरोप लगाया गया कि वर्ष 2016 से 2017 के बीच उनके, उनकी पत्नी और उनकी माता से संबंधित बैंक खातों तथा स्वर्ण आभूषणों से जुड़ी रकम के माध्यम से आरोपी पक्ष को कुल 1,20,50,000 रुपये दिए गए। आरोपी उमंग ग्रोवर ने प्रयागराज के कटरा क्षेत्र में साड़ियों का कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता मांगी थी। आरोप है कि रकम को निवेश या साझेदारी के बजाय ब्याज पर लिए गए निजी असुरक्षित ऋण के रूप में बताया गया था और मूलधन सुरक्षित रखने तथा नियमित ब्याज देने का भरोसा दिया गया था। वादी पक्ष ने अदालत के समक्ष यह भी दावा किया कि रकम के लेनदेन से संबंधित ई-मेल, बैंक ट्रांसफर, ब्याज की गणना और अन्य दस्तावेज मौजूद हैं। वर्ष 2021 में करीब 44 लाख रुपये का भुगतान किए जाने तथा उसमें TDS काटे जाने का भी उल्लेख किया गया। MOU और चेक को लेकर भी विवाद वादी पक्ष के अनुसार 31 मार्च 2023 को स्टाम्प पेपर पर दो MoU तैयार किए गए थे। आरोप है कि इनमें बकाया रकम और ब्याज से संबंधित शर्तों का उल्लेख था। इसके साथ ही कथित तौर पर पोस्ट डेटेड चेक भी दिए गए। वादी की ओर से अदालत में यह दावा किया गया कि बाद में संबंधित चेक बैंक में लगाए जाने पर “No Such Account” की टिप्पणी के साथ वापस हो गए। इसी आधार पर वादी पक्ष ने लेनदेन और बैंक खाते की स्थिति की विस्तृत जांच की आवश्यकता बताई। दो PAN कार्ड का मुद्दा भी उठा मामले में सबसे महत्वपूर्ण बिंदुओं में से एक आरोपी दंपती के नाम से कथित तौर पर दो-दो PAN कार्ड जारी होने का मुद्दा है। अभियोजन/वादी पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया कि पूजा ग्रोवर के नाम से जारी दोनों PAN में पिता के नाम और पते को लेकर अंतर है, जबकि जन्मतिथि समान बताई गई है। इसी तरह उमंग ग्रोवर के PAN से संबंधित दस्तावेजों में भी जन्मतिथि आदि में अंतर होने का दावा किया गया। वादी पक्ष ने इसे पहचान और दस्तावेजों की सत्यता से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए आयकर विभाग सहित संबंधित संस्थाओं से जांच की मांग की।

38 BLO के तबादले पर सपा ने उठाए सवाल:शिक्षक मतदाता सूची में 5 हजार से ज्यादा अपात्र नाम जोड़ने का लगाया आरोप

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियों में गड़बड़ी और एसआईआर के बाद बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के तबादलों को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर मेरठ में बड़ी संख्या में BLO के तबादले रद्द करने और अमेठी की तिलोई विधानसभा क्षेत्र में कथित डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों की जांच कराने की मांग की है। सपा ने मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में भी 5 हजार से अधिक कथित फर्जी और अपात्र मतदाताओं के नाम होने का दावा किया है। पार्टी ने आयोग से पूरे मामले की तत्काल जांच कराकर अपात्र और डुप्लीकेट नाम हटाने की मांग की है। SIR कराने वाले BLO के तबादले का आरोप सपा का आरोप है कि मेरठ की 48-मेरठ विधानसभा सीट पर 27 अक्टूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक एसआईआर की प्रक्रिया में काम करने वाले कई BLO को स्थानांतरित किया जा रहा है। ज्ञापन में दावा किया गया है कि अब तक 38 से अधिक BLO के तबादले किए जा चुके हैं। सपा का आरोप है कि कुछ BLO से उनके चुनावी ऐप और OTP की जानकारी मांगी जा रही थी। जिन्होंने ऐप और OTP देने से इनकार किया, उनके तबादले किए जाने की शिकायत पार्टी ने की है। सपा ने कहा है कि उसने जिला निर्वाचन अधिकारी यानी जिलाधिकारी मेरठ से भी इस संबंध में लिखित शिकायत की लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी ने आयोग से मामले की जांच कराने की मांग की है। तिलोई में एक ही मतदाता का चार जगह नाम होने का दावा सपा ने अमेठी की 178-तिलोई विधानसभा सीट की मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों का मुद्दा भी उठाया है। पार्टी का दावा है कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में 2 हजार से अधिक डुप्लीकेट मतदाता दर्ज हैं। ज्ञापन में दो उदाहरण भी दिए गए हैं। पार्टी के मुताबिक, मतदाता क्रम संख्या 850 पर शबनम शाह के रिलेटिव के रूप में दर्ज मोहम्मद हलीम शाह का नाम क्रम संख्या 852 पर भी दर्ज है। इसके अलावा मतदेय स्थल संख्या 304 और 305 पर भी इसी व्यक्ति का नाम दर्ज होने का दावा किया गया है। सपा के अनुसार चारों प्रविष्टियों में अलग-अलग EPIC नंबर हैं। दूसरे मामले में सपा ने मतदाता क्रम संख्या 1066 पर मो. रोबीन खान के रिलेटिव के रूप में दर्ज मो. सफी का नाम बताया है। पार्टी के मुताबिक यही नाम क्रम संख्या 830 तथा मतदेय स्थल संख्या 287 की क्रम संख्या 862 और 863 पर भी दर्ज है। सपा का दावा है कि इस मामले में भी अलग-अलग EPIC नंबर इस्तेमाल किए गए हैं। सपा ने मांग की है कि ऐसे सभी मामलों की घर-घर अथवा दस्तावेजों के आधार पर जांच कराई जाए और यदि एक ही व्यक्ति के नाम की कई प्रविष्टियां पाई जाती हैं तो नियमों के मुताबिक अनावश्यक या गलत प्रविष्टियां हटाई जाएं। शिक्षक मतदाता सूची में अपात्र नामों का भी मुद्दा ज्ञापन में मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सपा का कहना है कि सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल किए गए हैं जो निर्धारित शैक्षिक अथवा व्यावसायिक पात्रता पूरी नहीं करते। पार्टी के अनुसार, कुछ ऐसे लोगों के नाम भी शिक्षक मतदाता के रूप में दर्ज किए गए हैं जिन्होंने केवल हाईस्कूल या इंटर तक पढ़ाई की है। कुछ ऐसे लोगों के नाम शामिल होने का भी दावा किया गया है जिन्होंने इंटर की परीक्षा तक पास नहीं की है। सपा ने यह भी आरोप लगाया है कि बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम शिक्षक मतदाता सूची में जोड़े गए हैं जो शिक्षण संस्थानों में काम नहीं करते। पार्टी के अनुसार, इनमें कुछ लोग निजी व्यवसाय, मिठाई की दुकान, कपड़े की दुकान या अन्य कारोबार से जुड़े हैं। गौतमबुद्ध नगर में 5 हजार से ज्यादा नामों का दावा ज्ञापन में गौतमबुद्ध नगर का भी जिक्र किया गया है। सपा का दावा है कि यहां शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में 5 हजार से अधिक अपात्र और कथित फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। पार्टी ने उदाहरण के तौर पर 340 ऐसे नामों का उल्लेख किया है, जिनके बारे में उसका दावा है कि संबंधित व्यक्ति किसी शिक्षण संस्थान में शिक्षक नहीं हैं और इंटरमीडिएट भी उत्तीर्ण नहीं हैं। सपा ने कहा है कि इन नामों की दस्तावेजों के आधार पर जांच कराई जानी चाहिए। यदि जांच में अपात्रता साबित होती है तो संबंधित नाम मतदाता सूची से हटाए जाएं।

आगरा में 72.74 करोड़ से होगा जलभराव का समाधान:स्टार्म वाटर ड्रेन की दो योजना को शासन से मिली मंजूरी

आगरा में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से काफी हद तक राहत मिलेगी। शासन ने स्टॉर्म वाटर ड्रेन की दो बड़ी योजनाओं को मंजूरी दे दी है। 72.74 करोड़ रुपये की लागत से सुल्तानगंज की पुलिया से वाटर वर्क्स कल्वर्ट तक और नवीन गल्लामंडी में एनएच-19 कल्वर्ट से एसटीपी तक आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश के 14 नगर निगमों की कुल 24 परियोजनाओं के लिए 1380.21 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को अनुमोदित किया गया है। इसी कार्ययोजना में आगरा की दो परियोजनाएं भी शामिल हैं।
अब विस्तार से पढ़िये…
आगरा में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर विकास विभाग ने स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। अर्बन फ्लड/जल प्लावन नियंत्रण एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत शहर में इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 72.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया, नगर विकास अनुभाग की ओर से जारी पत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अर्बन फ्लड/जल प्लावन नियंत्रण एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत प्रदेश के 14 नगर निगमों की कुल 24 परियोजनाओं के लिए 1380.21 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को अनुमोदित किया गया है। इसी कार्ययोजना में आगरा की दो परियोजनाएं भी शामिल हैं।
ये है योजना
मुख्य अभियंता के अनुसार, आगरा में पहली परियोजना के तहत सुल्तानगंज की पुलिया से वाटर वर्क्स कल्वर्ट तक आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 35.30 करोड़ रुपये है। इसका उद्देश्य इस मार्ग और आसपास के क्षेत्र में बरसात के पानी की निकासी के लिए व्यवस्थित और मजबूत ड्रेनेज सुविधा विकसित करना है।
जबकि दूसरी परियोजना के तहत नवीन गल्लामंडी में एनएच-19 कल्वर्ट से एसटीपी तक आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर 37.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 72.74 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं को सीएनडीएस द्वारा पूरा कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र और बरसात के दौरान पानी की निकासी की जरूरत को देखते हुए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। आरसीसी ड्रेन के निर्माण से बारिश के पानी को निर्धारित निकासी मार्ग तक पहुंचाने में सुविधा होगी और जलभराव वाले क्षेत्रों में समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्य अभियंता के मुताबिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन से शहर के संबंधित हिस्सों में बरसाती पानी की निकासी के लिए दीर्घकालिक आधारभूत ढांचा तैयार होगा। इससे बारिश के दौरान सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों में पानी जमा होने की स्थिति को नियंत्रित करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
आगरा में स्वीकृत दोनों परियोजनाओं को शहर के स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क को बेहतर बनाने की की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

श्रद्धा भक्ति से हुआ रामेश्वरनाथ महादेव का पौष पत्री भंडारा

बाबा न्यूज
आगरा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामेश्वरनाथ महादेव, मनसा देवी, गोकुलपुरा का पौष पत्री भंडारा सोमवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित हुआ। प्रात: बाबा का विधिवत शृंगार, पूजन, अभिषेक, भजन एवं हवन किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज कुमार शर्मा, गोपाल शर्मा एवं रामेश्वर शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
दोपहर में नाद प्रसादी के बाद ब्राह्मण भोजन कराया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर बाबा रामेश्वरनाथ महादेव का आशीर्वाद लिया। आयोजन में श्रद्धालुओं एवं सहयोगीजनों ने सेवा और सहभागिता कर भंडारे को सफल बनाया।
आयोजक नितिन अग्रवाल ने कहा कि रामेश्वरनाथ महादेव का पौष पत्री भंडारा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, आस्था और आपसी सहयोग की परंपरा है। बाबा की कृपा से प्रतिवर्ष श्रद्धालुजन मिलकर इस आयोजन को सफल बनाते हैं। भक्तों की सेवा करना और उन्हें प्रसादी कराना सौभाग्य की बात है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सेवाभावीजनों का आभार व्यक्त किया।
आयोजन के मुख्य कर्ता के रूप में प्रतिवर्ष जितेंद्र कुमार अग्रवाल एवं नितिन कुमार अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर सभी ने बाबा रामेश्वरनाथ महादेव से समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

 

पंचम गणेश महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बना101 किलो का मेवा मोदक

पीत वस्त्रों में सजे महागणपति, विजय तिलक से दमका मुख-मंडल
आठवें दिवस स्वणार्भूषणों से अलंकृत भगवान ने दिए दिव्य दर्शन, नवीन अग्रवाल ने की वस्त्र श्रृंगार सेवा
बाबा न्यूज
आगरा। छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में चल रहे 12 दिवसीय पंचम गणेश महोत्सव के आठवें दिवस सोमवार को भगवान श्री वरद वल्लभा महागणपति का भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान को पीत रंग के आकर्षक वस्त्र धारण कराए गए। स्वर्ण मुकुट एवं स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत महागणपति के मस्तिष्क पर विजय तिलक उनकी दिव्य आभा को और निखार रहा था। फूल बंगले में विराजमान भगवान के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हुए।
भगवान की वस्त्र श्रृंगार सेवा नवीन अग्रवाल द्वारा की गई। उन्होंने विधि-विधान से भगवान का वस्त्र श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने गणपति महाराज के समक्ष शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
मंदिर के संस्थापक हरिमोहन गर्ग ने कहा कि गणेश महोत्सव के प्रत्येक दिवस भगवान के अलग-अलग स्वरूप का श्रृंगार भक्तों को नई आध्यात्मिक अनुभूति करा रहा है। पीत वस्त्रों में सजे महागणपति का विजय तिलक युक्त स्वरूप भक्तों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित लखन दीक्षित ने कहा कि भगवान का श्रृंगार केवल सौंदर्य का विषय नहीं, बल्कि भक्त की भावना और समर्पण का माध्यम है। प्रत्येक दिन भगवान को अलग स्वरूप में सजाते समय शास्त्रीय परंपराओं और पूजा-विधि का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान के दर्शन के साथ श्रद्धालु यदि मन में सकारात्मकता और श्रद्धा लेकर लौटता है, तो यही महोत्सव की सार्थकता है।
मंदिर के प्रबंधक नितिन शर्मा ने कहा कि महोत्सव के प्रत्येक दिवस श्रद्धालुओं की सहभागिता बढ़ रही है। नित्य पूजा, अभिषेक, हवन, श्रृंगार और आरती की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है, ताकि मंदिर आने वाले प्रत्येक भक्त को सहजता से दर्शन और पूजा का अवसर मिल सके।

 

रामलीला मैदान का मंच टूटा, झोपड़ियां अब तक नहीं हटीं, सफाई व्यवस्था भी अधूरी

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने जल्द मैदान तैयार कराने का किया आग्रह
रामलीला मैदान में अधूरे इंतजाम, कमेटी ने जताई चिंता, महापौर ने तीन-चार दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के दिए निर्देश
बाबा न्यूज
आगरा। उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री रामलीला के भव्य आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन रामलीला मैदान में तैयारियां अभी पूरी नहीं हो सकी हैं। मैदान में कई स्थानों पर पत्थर पड़े हैं, मंच भी क्षतिग्रस्त स्थिति में है। वहीं मैदान में बनी झोपड़ियां अभी तक हटाई नहीं गई हैं और सफाई व्यवस्था भी अधूरी है। इसे देखते हुए श्री रामलीला कमेटी द्वारा महापौर हेमलता दिवाकर के साथ रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा महामंत्री राजीव अग्रवाल ने मैदान की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर महापौर से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आग्रह किया कि रामलीला के आयोजन को देखते हुए मैदान को शीघ्र खाली कराया जाए तथा मंच, सफाई, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराया जाए, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि रामलीला आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। आयोजन में अब बहुत कम समय रह गया है, इसलिए मैदान की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जानी आवश्यक हैं। उन्होंने महापौर से मैदान को शीघ्र व्यवस्थित कर रामलीला आयोजन के अनुरूप तैयार कराने का आग्रह किया।
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि रामलीला मैदान में मंच की मरम्मत, पत्थरों को हटाने, झोपड़ियों को खाली कराने और सफाई व्यवस्था सहित कई कार्य तत्काल कराए जाने हैं। कमेटी चाहती है कि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भव्य आयोजन के लिए मैदान समय से पूरी तरह तैयार हो जाए।
महापौर हेमलता दिवाकर ने निरीक्षण के दौरान मौजूद अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को निर्देशित किया कि रामलीला मैदान की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता पर लेते हुए तीन-चार दिन के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे कराए जाएं। उन्होंने मैदान को खाली कराने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा क्षतिग्रस्त मंच सहित अन्य व्यवस्थाओं को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विजय प्रकाश गोयल, मुकेश जौहरी, विष्णु दयाल बंसल, अंजुल बंसल, मनोज अग्रवाल, संजय तिवारी, ताराचंद अग्रवाल, महेश चंद्र अग्रवाल, अजय अग्रवाल, गिरधार अग्रवाल, राहुल शर्मा, राहुल गौतम, प्रसून मंगल, संजय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।