Breaking News
जनकपुरी में रामलीला से पहले पुलिस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर दिए निर्देश

बाबा न्यूज़ 

आगरा। जनकपुरी महोत्सव में आगामी श्रीरामलीला मंचन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त आगरा सचिन्द्र पटेल ने पुलिस उपायुक्त नगर एवं अन्य अधिकारियों के साथ थाना सिकंदरा क्षेत्र में तैयार किए जा रहे जनकपुरी स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा संभावित भीड़ के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के साथ ही यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से भी संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पुलिस-प्रशासन तथा आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि रामलीला आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सुविधा के साथ सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, एसीपी हरीपर्वत/लाइन्स, एसीपी कानून-व्यवस्था सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, महामंत्री मनोज जादौन, सतीश ठाकुर, रामचंद्र राणा, पार्षद वेद प्रकाश, अभिनव यादव, जीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।

एमजी ने लॉन्च की नई इलेक्ट्रिक SUV MG Hector Tomahawk

 

बाबा न्यूज़ 

आगरा । एनआरएल एमजी के बाईपास रोड आगरा स्थित शोरूम पर एमजी की नई इलेक्ट्रिक SUV MG Hector Tomahawk EV की भव्य लॉन्चिंग मुख्य अतिथि फिरजाबाद डिप्टी सीएमओ डॉ. रविंद्र सिंह भदौरिया ने किया।
एनआरएल एमजी के जीएम सेल्स अंकित यादव ने बताया कि Hector Tomahawk EV को ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 5-सीटर और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। SUV की लंबाई 4,745 मिमी, चौड़ाई 1,850 मिमी और ऊंचाई 1,770 मिमी है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,810 मिमी है। ग्राउंड क्लीयरेंस 230 मिमी है। 5-सीटर संस्करण में 610 लीटर का बूट स्पेस मिलता है जिसे सेकंड रो को फोल्ड करके 1053 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है। बात करें नई Hector Tomahawk EV की शुरुआती कीमत की तो यह बाजार की प्रतिस्प्रधा को देखते हुए मात्र ₹19.49 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। जो ग्राहकों को आकर्षित कर रही है ।
नई Hector Tomahawk EV में 69.2 kWh बैटरी पैक दिया गया है, जो 150 kW (204 hp) की पावर और 310 Nm का टॉर्क प्रदान करता है। कंपनी के अनुसार यह इलेक्ट्रिक SUV एक बार चार्ज करने पर 517 किलोमीटर तक की MIDC रेंज देने में सक्षम है। SUV में आधुनिक फीचर्स और प्रीमियम इंटीरियर के साथ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे आरामदायक और सुविधाजनक ड्राइविंग अनुभव प्रदान करता है। एनआरएल एमजी की ओर से पहले ५० ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर एनआरएल ग्रुप के एमडी हरी मोहन गर्ग, एनआरएल एमजी के डायरेक्टर रोहित गर्ग, जीएम सेल्स अंकित यादव, सेल्स मैनेजर नरेश चौधरी, सीआरएम नीतू चौहान आदि उपस्थित रहे।

सहारनपुर में गले पर उस्तरा मारकर पत्नि की हत्या:कमरे में हुई थी कहासुनी, अपने गले पर भी किया वार, साली की शादी में आया था

सहारनपुर में साली की शादी में शामिल होने के लिए ससुराल आए एक दंपती के बीच गुरुवार शाम किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पति ने उस्तरे से अपनी पत्नी के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन सीएचसी नानौता लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पति ने भी उसी उस्तरे से अपना गला काटकर सुसाइड करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल आरोपी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। करीब 14 साल पहले हुई थी दोनों की शादी थाना नानौता के मोहल्ला चाहंमजली निवासी इस्लाम की बेटी गजाला (30) की शादी करीब वर्ष 2011-12 में कैराना निवासी उमरदराज के बेटे इरफान (33) के साथ हुई थी। बताया गया है कि शादी के करीब 14 वर्ष बाद भी दंपती की कोई संतान नहीं थी। परिजनों के मुताबिक, संतान न होने को लेकर पति-पत्नी के बीच समय-समय पर विवाद होता रहता था। हालांकि गुरुवार को विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साली की शादी में शामिल होने आया था इरफान बताया गया कि गजाला की बहन नीलोफर की शादी 21 सितंबर को हुई थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए इरफान भी काफी समय बाद पत्नी के साथ उसके मायके आया था। शादी के बाद घर में रिश्तेदारों की आवाजाही थी और परिवार के लोग अन्य जरूरी कामों में जुटे हुए थे। गुरुवार को गजाला अपने भाई सुहेल के पंजाब जाने की तैयारी कर रही थी। वह उसके कपड़े बैग में रख रही थी। इसी दौरान इरफान भी घर के ऊपर वाले कमरे में पहुंच गया। कमरे में हुई कहासुनी, फिर उस्तरे से हमला परिजनों के अनुसार, कमरे में किसी बात को लेकर गजाला और इरफान के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इरफान ने उस्तरा निकालकर गजाला के गले पर वार कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से गजाला चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर नीचे मौजूद परिजन दौड़कर ऊपर कमरे में पहुंचे। परिजनों को अपनी ओर आता देख इरफान ने कथित तौर पर अपने गले पर भी उस्तरे से वार कर लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई पत्नी की मौत घटना के बाद परिजनों ने दोनों को आनन-फानन में सीएचसी नानौता पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने गजाला की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इरफान की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बेटी की मौत से मायके में मचा कोहराम गजाला की मौत की खबर मिलते ही उसके माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां संजीदा, पिता इस्लाम और भाई सुहेल व शोएब बदहवास नजर आए। परिजन बार-बार यही कहते रहे कि आखिर उनसे ऐसी क्या कमी रह गई थी कि उनकी बेटी की जान चली गई। परिवार के लोगों के मुताबिक, गजाला की मौत ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ दिन पहले बहन की शादी को लेकर उत्साह था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने के बाद नानौता थाना प्रभारी विकास चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटानी शुरू की।

मुरादाबाद में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला:मासिक धर्म स्वच्छता मानसिक स्वास्थ्य की जानकारी दी, छात्राओं को पैड वितरित किए

मुरादाबाद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय डिंगरपुर, कुंदरकी में किशोरी छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परिवर्तन ‘दी चेंज’ संस्था के सहयोग से किया गया। कार्यशाला में जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता गौतम ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, आवश्यक सावधानियों, भ्रांतियों और सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी। मनोवैज्ञानिक डॉ. रीना तोमर ने किशोरावस्था में मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन और करियर मार्गदर्शन को लेकर छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने विशेषज्ञों से खुलकर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में परिवर्तन ‘दी चेंज’ संस्था की ओर से 95 छात्राओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम की कुल पहुंच 190 रही। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी पांडे सहित परिवर्तन ‘दी चेंज’ संस्था के कपिल कुमार, आदित्य कुमार, नेहा शर्मा और मानसी मेहरोत्रा मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कांग्रेस ने वोट चोरी और पुनरीक्षण पर प्रदर्शन किया:बुलंदशहर में चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा

बुलंदशहर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार दोपहर 3 बजे कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर किया गया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और मतदाताओं के वोट के अधिकार की सुरक्षा की मांग की।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इसराइल गहलोत ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाज में पारदर्शिता की जरूरत बताई और मतदाताओं से जागरूक रहने को कहा। गहलोत ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में हर मतदाता के वोट की सुरक्षा बहुत जरूरी है।
उन्होंने बताया कि हालिया रिपोर्ट में चुनाव आयोग के दो आयुक्तों की ओर से कई मामलों पर आपत्तियां दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि उसके सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए जाते हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश भाटी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर वोट चोरी के आरोप लगाए और दोनों से इस्तीफे की मांग की। इस प्रदर्शन में पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सैनी, प्रदेश सचिव गौरव जयराम प्रधान, युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कैफी फैसल, मुकेश रजक, नागेंद्र राजपूत, मनीष कुमार, रोहित कुमार, सचिन वशिष्ठ, आस मोहम्मद कुरैशी, गौरव सूर्यवंशी, लोकेश भाटी, शिवकुमार शर्मा, फैजान इलाही, इसरार हमीद, आरिफ खान और रोहित शर्मा समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

वाराणसी में फ्लैट में महिला ने लगाईं फांसी:बेटे ने फंदे से उतारा शव, पति की पहले ही हो चुकी है मौत

वाराणसी के चितईपुर थानाक्षेत्र के नेवादा स्थित हनुमंत कृपा अपर्टमेंट में अनुराधा तिवारी (35) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के पति धनंजय तिवारी की पूर्व में मौत हो चुकी है। जिस समय यह घटना हुई बेटा युवराज तिवारी घर पर था और उसने ही पुलिस को सूचना देने के बाद शव को पंखे से उतारकर बेड पर लिटाया। प्रभारी निरीक्षक चितईपुर ने बताया – गुरुवार कोे पीआरबी द्वारा सूचना मिली कि संतुष्टि हॉस्पिटल के पास हनुमंत कृपा अपार्टमेंट नेवादा के पास एक मकान में एक महिला द्वारा सुसाइड कर ली गई है। सूचना पर मौके से पुलिस पहुंची तो अनुराधा तिवारी पत्नी स्व धनंजय तिवारी निवासी फर्स्ट फ्लोर हनुमंत कृपा अपार्टमेंट संतुष्टि हॉस्पिटल के पास नेवादा थाना चितईपुर वाराणसी ने सुसाइड की थी। बेटे ने उतारा मां का शव
बेटे युवराज तिवारी ने बताया – मां ने कब फांसी लगाईं पता नहीं। मैंने देखा मां का कमरा बंद है। जब उसे खटखटाया तो कोई आवाज नहीं आयी। जिसके बाद खिड़की से झांका तो मां फंदे से लटक रही थी। इसपर किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर घुसा उसे नीचे उतारा और और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर फारेंसिक टीम को बुलाया और जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेज दिया। जहां देर शाम शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। मां कई दिनों से डिप्रेशन में थीं
युवराज ने बताया – मां अनुराधा कई दिनों से डिप्रेशन में थीं। सही से बातचीत नहीं करती थीं और सही से खाना भी नहीं कहा रही थीं। आज अचानक क्या हुआ ये किसी को नहीं पता। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।

फेमस अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट पहंचे ताजमहल:पत्नी संग किया ताज का दीदार, पर्यटकों में मची फोटो लेने की होड़

दुनिया के चर्चित यूट्यूबर्स में शामिल अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट यानी जिमी डोनाल्डसन ने गुरुवार दोपहर 3 बजे ताजमहल का दीदार किया। उनके पहुंचने की खबर मिलते ही पर्यटकों और प्रशंसकों में उत्साह नजर आया। लोगों ने उनके साथ फोटो लेने की कोशिश की। इस दौरान उनके फैन एक बच्चे युवान गौरव ने मिस्टर बीस्ट को अपनी स्केच बुक गिफ्ट की, जिसे देखकर वे काफी खुश नजर आए। ताजमहल परिसर में मिस्टर बीस्ट और उनकी पत्नी थिया बूयसेन ने स्मारक की खूबसूरती को करीब से देखा। उन्होंने ताजमहल की बारीक पच्चीकारी के बारे में मौजूद सुरक्षाकर्मियों से जानकारी ली। सफेद संगमरमर पर की गई नक्काशी और पच्चीकारी को देखकर दोनों काफी प्रभावित नजर आए और ताज की खूबसूरती में खोए दिखे। ताजमहल की खूबसूरती में खोए नजर आए
ताजमहल दुनिया के प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों में शामिल है और इसकी संगमरमर की वास्तुकला के साथ बारीक पच्चीकारी खास आकर्षण है। आगरा जिला प्रशासन के अनुसार ताजमहल को शाहजहां ने मुमताज महल की याद में बनवाया था और इसके निर्माण में करीब 22 हजार कारीगरों ने काम किया था। मिस्टर बीस्ट के ताजमहल पहुंचने के दौरान उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवान गौरव की स्केच बुक से लेकर पच्चीकारी की जानकारी लेने तक, उनकी ताजमहल यात्रा के कई पल लोगों के बीच चर्चा का विषय बने। कौन हैं मिस्टर बीस्ट
अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट का असली नाम जिमी डोनाल्डसन है। वे YouTuber, बिजनेसमैन और परोपकारी के तौर पर दुनिया भर में मशहूर हैं। वे खासतौर पर बड़े-बड़े चैलेंज, प्रतियोगिताओं, भारी-भरकम इनाम और लोगों की मदद करने वाले वीडियो के लिए जाने जाते हैं। उनका मुख्य YouTube चैनल 2026 में 48.4 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर के साथ प्लेटफॉर्म का सबसे ज्यादा सब्सक्राइब किया जाने वाला चैनल है। मिस्टर बीस्ट Beast Industries, Feastables और MrBeast Burger जैसे कारोबार से भी जुड़े हैं और Team Trees व Team Seas जैसे बड़े फंडरेजिंग अभियानों में भी काम कर चुके हैं। उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 2.6 अरब डॉलर बताई जाती है। कौन हैं थिया बूयसेन
मिस्टर बीस्ट की पत्नी थिया बूयसेन दक्षिण अफ्रीका की कंटेंट क्रिएटर, स्ट्रीमर और लेखिका हैं। वे ऑनलाइन TheaBeasty नाम से भी जानी जाती हैं और गेमिंग कंटेंट के साथ मनोविज्ञान, विज्ञान और मानव व्यवहार से जुड़े विषयों पर भी कंटेंट बनाती हैं। उनकी किताब The Marked Children 2022 में प्रकाशित हुई थी। जुलाई 2026 में मिस्टर बीस्ट और थिया ने शादी की।

एम.डी. जैन इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस मनाया

 

बाबा न्यूज़ 

आगरा। एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरिपर्वत, आगरा में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय गर्ग द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर आर.बी.एस. महाविद्यालय के कृषि विभाग के प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मण सिंह ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, महत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी,उन्होंने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि NSS विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका ऋचा जैन ने भी राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वयंसेवकों को समाज एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी द्वितीय इकाई रतन सेन जैन ने किया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी श्री योगेंद्र पाल सिंह ने सभी अतिथियों, प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवकों कुंचित शर्मा, शुभ आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों में उत्साह एवं सेवा भावना का विशेष रूप से प्रदर्शन देखने को मिला।

लक्ष्मी नारायण मंदिर बंबई वाली बगीची में बही राम भक्ति रस की अमृतधारा

पावन सुंदरकांड के संगीतमय गायन और राम काव्य रस वर्षा से पंडित योगेश चंद्र शर्मा ‘योगी’ ने किया भाव-विभोर

रामायण रिसर्च काउंसिल, निर्मल लिटरेचर एंड म्यूज़िक फाउंडेशन एवं श्री श्री आनंदमयी माँ मानस परिवार ने किया दिव्य आयोजन

संस्कार भारती, ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल और माधुर्य सहित एक दर्जन से अधिक संस्थाओं ने रामायणी सम्मान से विभूषित रामचरित मानस मर्मज्ञ एवं वरिष्ठ कवि-साहित्यकार पंडित योगेश चंद शर्मा ‘योगी’ का किया नागरिक अभिनंदन

योगेश जी रामचरितमानस को गाते ही नहीं अपितु उसके शब्द-शब्द की अर्थच्छवि को उद्भासित करते चलते हैं: मिथिलेशशरण नंदिनी

बाबा न्यूज़ 

आगरा। रामायण रिसर्च काउंसिल, निर्मल लिटरेचर एंड म्यूज़िक फाउंडेशन एवं श्री श्री आनंदमयी माँ मानस परिवार के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार शाम बंबई वाली बगीची-खंदारी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में भक्ति गीत-संगीत और सम्मान की ऐसी त्रिवेणी बही कि राम भक्त-श्रद्धालु और साहित्य अनुरागी भाव-विभोर हो गए।
*आचार्य गौरव शुक्ला (कानपुर)* द्वारा व्यास पूजन के बाद रामचरितमानस को विभिन्न रागों और तालों में निबद्ध करके जन-जन का कंठहार बनाने वाले रामचरितमानस की वर्तमान गायन परंपरा के जनक, रामायणी सम्मान से विभूषित रामचरितमानस मर्मज्ञ वरिष्ठ कवि-साहित्यकार *पंडित योगेश चंद्र शर्मा योगी और उनके मानस परिवार के अभिन्न अंग आगरा से अजय पाठक और कानपुर से योगेश भसीन और विनय तिवारी* ने रामचरितमानस के पावन सुंदरकांड का संगीतमय गायन कर समाँ बाँध दिया।
श्री रामचंद्र कृपालु भजमन हरण भवभय दारुणम के साथ श्री श्री आनंदमई माँ के संकीर्तन के बाद ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ की सुमधुर धुन से आरंभ हुआ संगीतमय सुंदरकांड जब ‘रामकाज कीने बिना मोहि कहाँ विश्राम’ पर पहुँचा तो पूरा मंदिर परिसर जय श्री राम के उद्घोष से गूँज उठा।
*समारोह-अध्यक्ष अयोध्या धाम से पधारे संत प्रवर मिथिलेशशरण नंदिनी जी महाराज ने कहा* कि श्री रामचरित भारत की आत्मा का स्वर है। प्रतिकूल परिस्थितियों में रामचरित मनुष्य का संबल बनता आया है। योगेश शर्मा जी श्रीराम चरित मानस को गाते ही नहीं, अपितु उसके शब्द-शब्द की अर्थच्छवि को उद्भासित करते चलते हैं।
*अति विशिष्ट अतिथि मनकामेश्वर धाम के महंत योगेश पुरी और बल्केश्वर धाम के महंत कपिल नागर* ने भी राम नाम का महत्व बताते हुए योगेश जी को शुभाशीष प्रदान किया।
रामायण रिसर्च काउंसिल और निर्मल लिटरेचर एंड म्यूज़िक फाउंडेशन के साथ-साथ अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, संस्कार भारती जिला आगरा, संस्कार भारती पश्चिम प्रताप शाखा, ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया-आगरा चैप्टर, रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल, आगरा बार एसोसिएशन, ब्रजभाषा काव्य मंच, माधुर्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मंच, साहित्य निधि ओपन कला मंच, समानांतर, सारंग फाउंडेशन, ऑड ईवन फिल्म्स और जयवी सा ग्रुप प्रॉपर्टी वाला सहित एक दर्जन से अधिक संस्थाओं ने साहित्यिक और सांस्कृतिक योगदान के लिए योगेश चंद्र शर्मा ‘योगी’ जी का नागरिक अभिनंदन कर सम्मानित किया।
इस दौरान वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कुसुम चतुर्वेदी, डॉ. मधु भारद्वाज, डॉ. गिरीश गुप्ता, श्रीमती रमा वर्मा, आचार्य पंडित दाऊ दयाल शास्त्री, राज बहादुर सिंह राज* विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।

निर्मल लिटरेचर एंड म्यूज़िक फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश निर्मल ने समारोह का संचालन किया। रामायण रिसर्च काउंसिल के ट्रस्टी सेवानिवृत्त आईएएस देवदत्त शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
यतेंद्र सोलंकी, निशिराज, डॉ. युवराज सिंह, डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू, रामेंद्र शर्मा ‘रवि’, सूरज तिवारी, डॉ. ज्योत्सना शर्मा, श्रुति सिन्हा, डॉ. राजीव शर्मा निष्पृह, संजय गुप्त, प्रभु दत्त उपाध्याय, आचार्य उमाशंकर पाराशर, मोहित सक्सेना, अंकित सारस्वत, राजकुमार जैन, अशोक गोयल, सुधा वर्मा, यशोधरा यादव, देवेंद्र धाकरे, अतुल कुमार, मयंक शर्मा और कुमार ललित* भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

रघुनंदन मोहि निकरियो ना..

समारोह के दौरान राम काव्य रस वर्षा करते हुए अपने कविता संग्रह श्री राम चरणामृत में से कंटक करुण कथा सुनाते हुए पंडित योगेश चंद्र शर्मा योगी ने इन पंक्तियों से सभी का मर्म छू लिया। कंटक प्रभु से कहता है- “तुम हो रक्षक प्रभु पतितन्ह के, निज नीति की रीति बिगारियो ना। सब छाँडि के रावरे पाँव लगे, शरणागत जानि निवरियो ना। पद लागि सरोज भए हमहूँ, अब कंटक नाम पुकारियो ना। कसको जो करूँ, सहि लीजो व्यथा, रघुनंदन मोहि निकारियो ना..”

आगरा में एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शंखनाद

 

 

 

 

10 दिन तक चलेगा अनुशासन और पराक्रम का महाकुंभ
यूपी के 11 ग्रुप दिखाएंगे दम ड्रिल, फायरिंग और मैप रीडिंग से तराशे जाएंगे भावी सैनिक
बाबा न्यूज
आगरा। शमशाबाद रोड स्थित श्री राजेंद्र सिंह कॉलेज, धीमश्री के विशाल प्रांगण में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सैन्य परम्परा और अनुशासन के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। सुबह से ही कॉलेज परिसर जय हिंद और कदम-ताल की गूंज से गूंज उठा।
शिविर में आगरा ग्रुप मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स ने पूरे जोश, जुनून और अनुशासन के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कैंप कमांडेंट कर्नल शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने किया उद्घाटन

मुख्य अतिथि एवं कैंप कमांडेंट कर्नल शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने सलामी लेते हुए शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, कैडेट्स, याद रखिए – एनसीसी केवल एक वर्दी नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक अनुशासित तरीका है। जीवन में दो चीजें कभी मत भूलना – अनुशासन और एकता। तुम्हारे कंधे पर देश का भविष्य है।

उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य केवल ड्रिल सिखाना नहीं, बल्कि कैडेट्स के अंदर छिपी नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की शक्ति और विषम परिस्थितियों में देश के लिए खड़े होने के जज्बे को जगाना है।
कर्नल गुप्ता ने विशेष रूप से कहा कि जो कैडेट आज यहां पसीना बहाएगा, वही कल देश की सीमाओं पर दुश्मन को पसीना बहाने पर मजबूर करेगा।

राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता होगी आकर्षण का केंद्र: कैप्टन रीता निगम

आगरा कॉलेज गर्ल्स विंग की कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने बताया कि इस बार शिविर को उत्तर प्रदेश डायरेक्टरेट ने विशेष दर्जा दिया है। उत्तर प्रदेश के 11 ग्रुप मुख्यालयों – आगरा, अलीगढ़,बरेली गाजियाबाद,गोरखपुर,कानपुर,लखनऊ, मेरठ,प्रयागराज, वाराणसी-ए,एवं वाराणसी-बी से चयनित मेधावी कैडेट्स इसी शिविर में अंतर-ग्रुप राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में अपनी बौद्धिक क्षमता का लोहा मनवाएंगे। इन कैडेट्स का चयन उनके संबंधित ग्रुप द्वारा कठिन चयन प्रक्रिया के बाद किया गया है।

क्या-क्या होगा 10 दिनों तक

कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए शिविर को तीन भागों में बांटा गया है। सैन्य प्रशिक्षण : प्रतिदिन सुबह 5 बजे से पीटी, ड्रिल, हथियारों की जानकारी, फायरिंग अभ्यास, फील्ड क्राफ्ट, बाधा प्रशिक्षण और मैप रीडिंग का गहन अभ्यास कराया जाएगा।

बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास: कैडेट्स के मानसिक विकास के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता,क्विज प्रतियोगिता, वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिता और सैनिकों के जीवन पर आधारित व्याख्यानमाला का आयोजन होगा।
खेल और भाईचारा :टीम भावना और शारीरिक दक्षता के लिए अंतर-कंपनी खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्साकशी और बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं होंगी। विजेता कंपनी को समापन समारोह पर कैंप कमांडेंट द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

मंच पर अधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति
शुभारंभ अवसर पर शिविर की प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रीना गोस्वामी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उनके साथ सूबेदार मेजर रोशन लाल, ट्रेनिंग आॅफिसर सूबेदार मानिक राव हक्का जीसीआई एवं समस्त पी.आई. स्टाफ और सिविल स्टाफ पूरी मुस्तैदी के साथ उपस्थित रहा।

विभिन्न संस्थाओं से पधारी एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों ने भी शिविर को गौरव प्रदान किया, जिनमें प्रमुख रूप से कैप्टन सूरत प्यारी, लेफ्टिनेंट शैली, सेकंड आॅफिसर आशा चौहान और सेकंड आॅफिसर अर्चना शर्मा शामिल रहीं। अंत में कैडेट्स ने राष्ट्रगान और एनसीसी गीत के साथ देश सेवा की शपथ ली। पूरा वातावरण देशभक्ति और अनुशासन से ओतप्रोत रहा। यह शिविर निश्चित ही इन युवा कैडेट्स को एक जिम्मेदार नागरिक और कल का सजग सैनिक बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।