पटाखों की चिंगारी से टावर में लगी आग, 3 झुलसे:संभल में दीपावली पर मची अफरा-तफरी, घंटे भर में पाया गया काबू
संभल में दीपावली की आतिशबाजी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पटाखे की चिंगारी से पेड़-पौधों में लगी आग जियो कंपनी के टावर तक पहुंच गई। आग से टावर का हिस्सा जल गया। इस दौरान एक सर्राफा व्यापारी और दो बच्चे भी झुलस गए। छह साल से बंद था टावर, एक घंटे बाद बुझी आग घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के कोर्ट पूर्वी मोहल्ले में दरगाह मंदिर के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे हुई। आग लगने पर शोर सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और छतों पर पहुंच गए। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय निवासी अर्पित कुमार ने बताया कि टावर करीब छह साल से बंद है। वहां देखरेख करने वाला कोई नहीं था। टावर के एंगल पर पेड़ चढ़ रहा था। दीपावली की रात पटाखे की चिंगारी से पेड़-पौधों में आग लगी, जो टावर तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टावर जिस जमीन पर लगा है, वह संभल के डॉ. पुनिया की है। टावर हटाने को लेकर कई साल से विवाद चल रहा है। अनार फटने से सर्राफा व्यापारी का हाथ झुलसा संभल कोतवाली क्षेत्र के महमूद खां सराय मोहल्ले के रहने वाले सर्राफा व्यापारी नितिन गुप्ता दीपावली पूजन के बाद अनार छोड़ रहे थे। इसी दौरान अनार फटने से उनका बायां हाथ झुलस गया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय में उनका इलाज कराया गया। ठेर मोहल्ले की 10 साल की सिद्धि भी मामूली रूप से झुलस गई। उसके बाएं हाथ की एक उंगली में छाले पड़ गए। सर्राफा व्यापारी और बच्ची को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पटाखे की चिंगारी से 12 साल का बच्चा भी झुलसा गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाला 12 साल का जूलियट सोमवार सुबह करीब 11 बजे बच्चों के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी से वह झुलस गया। परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रजपुरा ले गए।

