Breaking News
शाहजहांपुर में तालाब में डूबे युवक की मौत:मछलियां पकड़ने गया था, परिवार ने मांगा प्रशासन से मुआवजा

शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तालाब में डूबने से 36 साल के एक मजदूर की मौत हो गई। वह घर से करीब 100 मीटर दूर तालाब के पास गया हुआ था। परिवार ने आर्थिक मदद और मुआवजे की मांग की है। मछलियां छोड़े जाने की मिली थी सूचना घटना खानपुर कोलापट्टी गांव की है। राजेश सिंह पत्नी पल्लवी देवी और तीन बच्चों के साथ रहता था। वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि तालाब में मछलियां छोड़ी गई हैं। इसके बाद राजेश सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर से तालाब की ओर गया था। तालाब के पास बने कुछ मकानों में रहने वाले लोगों ने उसे पानी में गिरते देखा। लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार ने मुआवजे की मांग की परिजनों ने बताया कि राजेश पहले कभी मछली पकड़ने नहीं गए थे और उनके पास जाल भी नहीं था। उनका कहना है कि वह मछलियां देखने गए होंगे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह उन्हें पकड़ने गए थे या सिर्फ देखने। परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक हालत कमजोर है। वे पन्नी डालकर रहने को मजबूर हैं। राजेश की मौत के बाद पत्नी और तीन बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद और मुआवजा देने की मांग की है।

पटाखों की चिंगारी से टावर में लगी आग, 3 झुलसे:संभल में दीपावली पर मची अफरा-तफरी, घंटे भर में पाया गया काबू

संभल में दीपावली की आतिशबाजी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पटाखे की चिंगारी से पेड़-पौधों में लगी आग जियो कंपनी के टावर तक पहुंच गई। आग से टावर का हिस्सा जल गया। इस दौरान एक सर्राफा व्यापारी और दो बच्चे भी झुलस गए। छह साल से बंद था टावर, एक घंटे बाद बुझी आग घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के कोर्ट पूर्वी मोहल्ले में दरगाह मंदिर के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे हुई। आग लगने पर शोर सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और छतों पर पहुंच गए। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय निवासी अर्पित कुमार ने बताया कि टावर करीब छह साल से बंद है। वहां देखरेख करने वाला कोई नहीं था। टावर के एंगल पर पेड़ चढ़ रहा था। दीपावली की रात पटाखे की चिंगारी से पेड़-पौधों में आग लगी, जो टावर तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टावर जिस जमीन पर लगा है, वह संभल के डॉ. पुनिया की है। टावर हटाने को लेकर कई साल से विवाद चल रहा है। अनार फटने से सर्राफा व्यापारी का हाथ झुलसा संभल कोतवाली क्षेत्र के महमूद खां सराय मोहल्ले के रहने वाले सर्राफा व्यापारी नितिन गुप्ता दीपावली पूजन के बाद अनार छोड़ रहे थे। इसी दौरान अनार फटने से उनका बायां हाथ झुलस गया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय में उनका इलाज कराया गया। ठेर मोहल्ले की 10 साल की सिद्धि भी मामूली रूप से झुलस गई। उसके बाएं हाथ की एक उंगली में छाले पड़ गए। सर्राफा व्यापारी और बच्ची को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पटाखे की चिंगारी से 12 साल का बच्चा भी झुलसा गुन्नौर तहसील के रजपुरा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाला 12 साल का जूलियट सोमवार सुबह करीब 11 बजे बच्चों के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी से वह झुलस गया। परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रजपुरा ले गए।

रिंकू की शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर आया:अलीगढ़ में बंटने शुरू हुए कार्ड, बहन के साथ पसंद कर छपवाए, बहन को दिवाली गिफ्ट की स्कूटी

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह की शादी की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, उनके घर में तैयारियां भी तेज होती जा रही हैं। क्रिकेट के मैदान पर लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले रिंकू अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज के साथ उनकी शादी 4 दिसंबर को लखनऊ में होगी। शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अब अलीगढ़ में भी इसके वितरण की शुरुआत हो गई है। बहन के साथ बैठकर पसंद किया शादी का कार्ड दीपावली पर रिंकू सिंह अपने ओजोन सिटी स्थित घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ त्योहार मनाने के साथ शादी की तैयारियों को भी समय दिया। रिंकू ने अपनी बहन नेहा के साथ बैठकर शादी का कार्ड पसंद किया और अपनी पसंद से उसे छपवाया। कार्ड छपने के बाद अब मेहमानों तक निमंत्रण पहुंचाने का सिलसिला शुरू हो गया है। दरअसल, रिंकू को 15 नवंबर के आसपास क्रिकेट खेलने के लिए दुबई रवाना होना है। ऐसे में वह जाने से पहले शादी से जुड़ी जरूरी तैयारियां अपने सामने पूरी करना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने कार्ड चयन से लेकर उसकी छपाई तक में खुद दिलचस्पी ली। बहन नेहा ने भी इस काम में उनका साथ दिया। अलीगढ़ से करीब 100 खास मेहमानों को न्योता रिंकू की शादी में अलीगढ़ से भी बड़ी संख्या में खास मेहमान शामिल होंगे। इसके लिए शहर के प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और अन्य परिचित लोगों की सूची तैयार की जा रही है। अब तक की जानकारी के मुताबिक अलीगढ़ से करीब 100 लोगों को शादी में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। कार्ड वितरण की शुरुआत के साथ ही इन मेहमानों तक निमंत्रण पहुंचाया जा रहा है। दीपावली पर बहन को स्कूटी का तोहफा दीपावली पर रिंकू का घर परिवार और दोस्तों की मौजूदगी से गुलजार रहा। इस दौरान उन्होंने अपनी बहन को स्कूटी भी गिफ्ट की। उनके कुछ करीबी मित्र भी उनसे मिलने पहुंचे। परिवार के साथ त्योहार मनाने के बीच शादी की तैयारियां भी चलती रहीं। अब शादी के निमंत्रण और मेहमानों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री को भी निमंत्रण देने की तैयारी रिंकू सिंह अपनी मां और भाई के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण देना चाहते हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। 14-15 नवंबर के आसपास मुलाकात का समय मिलने की संभावना है। रिंकू के दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री को निमंत्रण देने की तैयारी है। संदीप सिंह की शादी का कार्ड भी पहुंचा रिंकू के घर, 14 को अलीगढ़ में सगाई प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की शादी की तैयारियां भी जोर पकड़ रही हैं। उनकी शादी का निमंत्रण कार्ड रिंकू सिंह के ओजोन सिटी स्थित आवास पर भी पहुंचा है। संदीप सिंह की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ में होनी है। इसके बाद 26 और 27 नवंबर को दिल्ली में शादी के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। कार्ड वितरण से लेकर मेहमानों को आमंत्रित करने और अन्य व्यवस्थाओं तक की तैयारियां चल रही हैं। इस तरह नवंबर और दिसंबर में अलीगढ़ से जुड़ी दो बड़ी वीआईपी शादियां चर्चाओं में हैं।

सपा सांसद को जवाब-घर के पास लगेगी राणा की प्रतिमा:11 नवंबर से शुरू होगा काम, दलित सम्मेलन से पहले झटका देने की तैयारी

राणा सांगा विवाद को लेकर चर्चा में रहे सपा सांसद रामजीलाल सुमन को जवाब देने की पूरी तैयारी हो गई है। उनकी सोसायटी की बाउंड्री महज 50 मीटर दूर राणा सांगा की प्रतिमा स्थापना के लिए 11 नवंबर को भूमि पूजन होने जा रहा है। 15 नवंबर को सपा के प्रस्तावित दलित सम्मेलन से पहले भाजपा सपा सांसद को झटका देने की तैयारी में है। इस सम्मेलन के सूत्रधार सपा सांसद ही हैं।
अब विस्तार से पढ़िये…
राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर विवादित बयान देने के बाद चर्चा में आए सपा सांसद रामजीलाल सुमन को हर रोज राणा सांगा चौक से गुजरना होगा। क्योंकि सपा सांसद का आवास जहां है, उस सोसायटी से सिर्फ 50 मीटर दूर स्पीड कलर लैब तिराहा पर राणा सांगा की प्रतिमा लगने जा रही है।
एत्मादपुर के विधायक डा. धर्मपाल सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने स्पीड कलर लैब तिराहा पर राणा सांगा की प्रतिमा स्थापना की मांग की थी। इस मांग को मंजूरी मिल गई है।
क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने बताया, 11 नवंबर को प्रतिमा स्थापना के कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। नगर निगम प्रतिमा स्थापना के लिए 10 फीट ऊंचा प्लेटफार्म तैयार करेगा। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग प्रतिमा उपलब्ध करा रहा है। एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब तिराहे पर वीर योद्धा राणा सांगा की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव फाइनल हो गया है। प्रतिमा लगाने के कार्य का शुभारंभ 11 नवंबर से होगा। करीब 15 फीट ऊंची और 18 टन वजनी प्रतिमा यहां स्थापित की जाएगी। इसके लिए नगर निगम प्लेटफार्म तैयार करवाएगा, जबकि प्रतिमा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से लगवाई जाएगी। राणा सांगा की प्रतिमा लगाने के लिए एत्मादपुर विधायक डा. धर्मपाल सिंह लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। उन्होंने इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। अब उनके प्रयास रंग लाए हैं और प्रतिमा लगाने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, बाग फरजाना वार्ड के भाजपा पार्षद शरद चौहान ने भी इसी तिराहे का नाम स्पीड कलर लैब तिराहा से बदलकर राणा सांगा चौक करने का प्रस्ताव नगर निगम सदन में रखा था। 8 सितंबर 2025 को सदन में यह प्रस्ताव पास हुआ था। इस तरह प्रतिमा स्थापना के साथ ही तिराहे का नाम बदलने की उनकी पहल भी रंग लाती नजर आ रही है। 15 फीट ऊंची और 18 टन वजनी होगी प्रतिमा
स्पीड कलर लैब तिराहे पर स्थापित होने वाली राणा सांगा की प्रतिमा करीब 15 फीट ऊंची होगी और इसका वजन लगभग 18 टन बताया गया है। प्रतिमा को स्थापित करने के लिए मजबूत प्लेटफार्म की जरूरत होगी। नगर निगम की ओर से इसका निर्माण कराया जाएगा। प्रतिमा लगाने की जिम्मेदारी पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, यूपी की होगी। 11 नवंबर से इस कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
रामजीलाल सुमन के आवास के पास है तिराहा यह तिराहा सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास के बिल्कुल पास है। सुमन हरीपर्वत स्थित संजय प्लेस की एचआईजी सोसाइटी में रहते हैं। सोसाइटी का एक गेट स्पीड कलर लैब तिराहे की ओर खुलता है। तिराहे से उनके आवास की बाउंड्री करीब 50 मीटर दूर है। राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर सांसद रामजीलाल सुमन के बयान के बाद विवाद खड़ा हुआ था। इसी के बाद भाजपा पार्षद शरद चौहान ने तिराहे का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा था। उनका कहना था कि राणा सांगा देश के वीर योद्धा थे और उनका सम्मान पूरे देश को करना चाहिए। विधायक ने प्रतिमा और पार्षद ने नामकरण के लिए की पहल विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने राणा सांगा की वीरता और शौर्य को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यहां प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। वहीं, पार्षद शरद चौहान ने नगर निगम सदन में तिराहे का नाम राणा सांगा चौक करने का प्रस्ताव रखा। दोनों प्रयासों के बाद अब इस स्थान पर राणा सांगा की प्रतिमा स्थापित होने जा रही है। इसी संजय प्लेस HIG सोसाइटी में सपा सांसद का घर है। क्षेत्रीय पार्षद ने ये कहा
‘आगरा के एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब तिराहा का नाम राणा सांगा के नाम पर होगा। इस तिराहा को हमने इसलिए चुना क्योंकि सपा सांसद रामजीलाल सुमन का आवास इसी तिराहा के पास है। सपा सांसद जब भी यहां से गुजरें तो राणा सांगा चौक के नाम पर वे राणा सांगा को याद करें…उनका इतिहास पढ़ें। सपा को करारा जवाब देने के लिए इस स्थान को चुना। रामजीलाल सुमन जब भी अपने घर से बाहर निकलेंगे तो उन्हें राणा सांगा को प्रणाम करना होगा।’
ये कहना है आगरा नगर निगम के बागफरजाना वार्ड के भाजपा पार्षद शरद चौहान का। सपा सांसद रामजीलाल सुमन का आवास उन्हीं के वार्ड में हैं। उन्होंने ने ही 8 सितंबर को हुए नगर निगम सदन के अधिवेशन में स्पीड कलर लैब तिराहा का नाम राणा सांगा चौक करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सदन ने मंजूरी दे दी है। इसी जगह पर राणा सांगा की विशाल प्रतिमा के लिए विधायक डा. धर्मपाल सिंह ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। सुमन ने राज्यसभा में क्या कहा था… सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने 21 मार्च 2025 को राज्यसभा में कहा था, ‘भाजपा वालों का तकिया कलाम हो गया कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है। फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया? बाबर को भारत में इब्राहीम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था। मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो। यह हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए। बाबर की आलोचना करते हैं, राणा सांगा की नहीं। देश की आजादी की लड़ाई में इन्होंने अंग्रेजों की गुलामी की थी। हिंदुस्तान का मुसलमान बाबर को अपना आदर्श नहीं मानता है। वो मोहम्मद साहब और सूफी परंपरा को आदर्श मानता है। 26 मार्च 2025 को सपा सांसद के घर हमला और तोड़फोड़ राज्यसभा में राणा सांगा को गद्दार कहने वाले सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित घर पर 26 मार्च 2025 को करणी सेना ने हमला कर दिया। कार्यकर्ता पहचान छिपाकर करीब 50 गाड़ियों में आगरा पहुंचे। 2 बुलडोजर भी लेकर आए थे। 1000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ और पथराव किया। सांसद के घर के बाहर खड़ी 10 से ज्यादा गाड़ियां तोड़ डाली। झड़प में 14 पुलिसकर्मी घायल हुए। जब ये बवाल हो रहा था, उस वक्त सपा सांसद रामजीलाल सुमन दिल्ली में थे। अब जानिए कौन हैं रामजी लाल सुमन राणा सांगा मेवाड़ के राजा थे, 19 साल राज किया राणा सांगा (महाराणा संग्राम सिंह) ने राजस्थान के मेवाड़ में 1509 से 1528 तक शासन किया। वे उदयपुर में सिसोदिया राजपूत राजवंश के राजा थे और राणा रायमल के सबसे छोटे पुत्र थे। इन्होंने मेवाड़ साम्राज्य का विस्तार किया। उसके तहत राजपूताना के सभी राजाओं को संगठित किया। राणा सांगा ने विदेशी आक्रमणकारियों के विरुद्ध सभी राजपूतों को एक किया। इन्होंने दिल्ली, गुजरात और मालवा मुगल बादशाहों के आक्रमणों से अपने राज्य की रक्षा की।

मथुरा में फर्जी ED अधिकारी गिरफ्तार:2 साल से जमा रहा था रौब, नीली लाइट लगी गाड़ी लेकर पहुंचा CO रिफाइनरी के ऑफिस

मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी ED अधिकारी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक 2 साल से स्थानीय व्यापारी और अधिकारियों पर रॉब जमा रहा था। सोमवार को वह नीली लाइट लगी गाड़ी लेकर सीओ रिफाइनरी के ऑफिस पहुंचा। जहां बातचीत के दौरान शक होने पर उससे पूछताछ की तो वह सकपका गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। नीली बत्ती और अधिकारी का रॉब युवक गाड़ी में नीली बत्ती लगाकर सोमवार की दोपहर को सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी के ऑफिस पर पहुंचा। यहां उसने सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी से मुलाकात की। बातचीत के दौरान उसकी हरकतों पर सीओ को शक हुआ। इसके बाद सीओ ने उससे पूछा कि उन्होंने ज्वाइनिंग कैसे की। इस सवाल के जवाब में अपने को प्रवर्तन निदेशालय का अधिकारी बताने वाला व्यक्ति सकपका गया। इसके बाद सीओ रिफाइनरी ने पुलिस कर्मियों को बुलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फरह का है रहने वाला पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम सचिन शर्मा निवासी नगला वर थाना फरह बताया। सचिन ने पुलिस को बताया कि उसने परीक्षा दी थी लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके बाद उसने लोगों को प्रभावित करने और रॉब जमाने के लिए ED का अधिकारी बनकर प्रचार प्रसार करना शुरू कर दिया। सचिन 2 साल से इसी तरह ED अधिकारी बनकर मथुरा में अपना रॉब जमा रहा था। उसने अपनी निजी गाड़ी पर नीली लाइट भी लगा रखी थी। परिवार में फर्जीवाड़ा का रहा इतिहास इस फर्जी अधिकारी के चाचा का भी फर्जी तरीके से शिक्षा विभाग में नौकरी करने का मामला अदालत में चल रहा है। चाचा मुकेश शर्मा के साले जगदीश शर्मा पुत्र बनवारी लाल शर्मा निवासी पथोली की 1990 में मृत्यु हो गई थी। इस आधार पर 1994 में मुकेश शर्मा ने अपने कागज लगाकर नौकरी करना शुरू कर दिया। मामला प्रकाश में आने पर 2018 में तत्कालीन बीएसए आगरा ने उसे बर्खास्त किया था। इसका पिता प्राइवेट गाड़ी में दरोगा की टोपी रखकर टैक्सी गाड़ी चलाता था। जांच में जुटी पुलिस एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया थाना रिफाइनरी क्षेत्र में सचिन शर्मा जो कस्बा फरह का रहने वाला है, को गिरफ्तार किया गया है। जिसके द्वारा अपने आपको ईडी का अधिकारी बताते हुए कई लोगों से ठगी करने और अपने फेसबुक पर इसका प्रचार-प्रसार करने के तथ्य पाए गए थे। जिस पर जांच करते हुए आज गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से एक एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट के एक अधिकारी का आईडी कार्ड, एक फॉक्स गाड़ी और दो आधार कार्ड और कई एटीएम और क्रेडिट कार्ड बरामद हुए हैं। इसके ऊपर सुसंगत धाराओं में थाना रिफाइनरी में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है कि इसने इस तरह के झूठ बोलकर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसमें विवेचना साइंटिफिक और जो भी सीडीआर और उसकी लोकेशन है उसके आधार पर सुनिश्चित की जाएगी। अभी इसको गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष भेजा जा रहा है।