अमरोहा में ओवरलोड ई-रिक्शा देख डीएम रुके:4 स्कूली वाहनों पर 79 हजार का जुर्माना, FIR के निर्देश
अमरोहा में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने स्कूली बच्चों को ओवरलोड ले जा रहे वाहनों पर कार्रवाई की है। जोया मार्ग पर उन्होंने एक ई-रिक्शा में क्षमता से ज्यादा बच्चे देखकर अपना काफिला रुकवाया। मंगलवार दोपहर तीन बजे निरीक्षण से लौटते समय कचहरी मोड़ के पास यह घटना हुई। ई-रिक्शा में बच्चों को ज्यादा भरा देखकर डीएम ने नाराजगी जताई और मौके पर ही जांच शुरू कराई। डीएम ने वहां से गुजर रहे अन्य स्कूली वाहनों को भी चेक कराया। जांच में एक टाटा मैजिक, एक फोर्स क्रूजर और दो बैटरी ई-रिक्शा समेत कुल चार वाहनों में गड़बड़ी मिली। परिवहन विभाग ने इन चारों वाहनों पर 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जिलाधिकारी ने चारों वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और वाहनों को जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, एसडीएम, एआरटीओ मनोज कुमार मिश्रा और यात्री/मालकर अधिकारी सुधीर कुमार सिंह भी मौजूद रहे। परिवहन विभाग ने बताया कि चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

