Breaking News
पति पर मानसिक-शारीरिक शोषण का आरोप, FIR:अलीगढ़ की शिक्षिका अपने पति से परेशान, नहीं करने देता बच्चों तक की देखभाल

क्वार्सी क्षेत्र में एक शिक्षिका ने अपने पति पर मानसिक और शारीरिक शोषण करने, आए दिन अभद्र व्यवहार करने और तीन बच्चों की देखभाल नहीं करने देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह शुक्रवार को रक्षाबंधन के लिए मायके गई थी। 30 अगस्त को घर लौटी तो पति उसे गेट पर देखने के बावजूद मकान पर ताला लगाकर चला गया। शिकायत के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू अंबेडकर नगर निवासी शिक्षिका के मुताबिक, पति आए दिन उस पर शक करता है और उसके विद्यालय के पुरुष प्रधानाचार्य समेत आसपास के लोगों पर आरोप लगाता रहता है। इससे वह लंबे समय से मानसिक परेशानी झेल रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसे अपने तीन बेटों, जिनकी उम्र 13, 11 और 8 साल है, की देखभाल भी नहीं करने देता।
37 लाख रुपये का लोन लेकर बनवाया मकान
महिला ने शिकायत में बताया कि मकान उसके नाम भी है और इसे बनवाने के लिए उसने 37 लाख रुपये का लोन लिया था। वह हर महीने करीब 59 हजार रुपये की ईएमआई भर रही है। इसके बावजूद पति ने घर लौटने पर मकान में ताला लगा दिया और चला गया। महिला ने पुलिस से पति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 127(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ऋषभ कुमार को सौंपी गई है।

सीतापुर में कूलर में शॉर्ट-सर्किट से घर में लगी आग,VIDEO:कपड़े, फ्रिज और घरेलू सामान जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बालदा रोड पर शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक घर में अचानक आग लग गई। आग से घर में रखे कपड़े, फ्रिज और अन्य घरेलू सामान जलकर खराब हो गए। धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आया घरेलू सामान जानकारी के अनुसार, बालदा रोड स्थित घर में अचानक आग लगने से सामान इसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग कपड़ों, फ्रिज और अन्य घरेलू सामान तक पहुंच गई। आग बढ़ने की आशंका पर स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल टीम ने आग पर पाया काबू सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इससे आग को आसपास फैलने से रोकने में मदद मिली। हालांकि, घर में रखा सामान जलने से परिवार को नुकसान हुआ। कूलर में शॉर्ट सर्किट की आशंका पीड़िता राखी के मुताबिक, घर में अचानक आग लगने से सामान जल गया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शुरुआती आशंका है कि कूलर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है।

मनसा देवी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा:कथावाचक ऋषिराज त्रिपाठी ने सुनाईं श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, कल वैदिक हवन

चौक स्थित माँ मनसा देवी मंदिर में मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञानयज्ञ शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। 3 से 9 अक्टूबर तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथावाचक ऋषिराज त्रिपाठी ने अपने प्रवचनों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए समाज को भक्ति, सत्य, सेवा, करुणा और समरसता का संदेश दिया। मंदिर के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि ट्रस्ट के सचिव राकेश शंकर गौड़ का परिवार 100 से अधिक वर्षों से मंदिर की सेवा, पूजा-अर्चना और परंपराओं के संरक्षण में जुटा हुआ है, जो आस्था और सांस्कृतिक विरासत का उत्कृष्ट उदाहरण है। डॉ. सिंह ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शनिवार, 10 अक्टूबर को मंदिर परिसर में वैदिक हवन, पूर्णाहुति और विश्वकल्याण की प्रार्थना के साथ इस आठ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन होगा।

अयोध्या में 1600 दिव्यांगों की सात माह से पेंशन बंद:आर्थिक संकट बढ़ा, हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये का इंतजार

अयोध्या जनपद में दिव्यांग पेंशन का इंतजार कर रहे करीब 1600 लाभार्थियों के सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो गई हैं। पिछले सात माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण दिव्यांगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शासन की ओर से पात्र दिव्यांगों को प्रतिमाह एक हजार रुपये पेंशन दी जाती है, लेकिन लंबे समय से भुगतान नहीं होने से लाभार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जानकारी के मुताबिक, जिले में लगभग 12 हजार दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी हैं। इनमें 1600 ऐसे दिव्यांग बताए जा रहे हैं, जिन्हें अब तक पेंशन की राशि नहीं मिल सकी है। पेंशन नहीं मिलने से जरूरतमंद लाभार्थियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई दिव्यांगों के लिए पेंशन की यह राशि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने शुक्रवार, नौ अक्टूबर को बताया कि अयोध्या जनपद में करीब 12 हजार दिव्यांगों को पेंशन दी जाती है। इनमें से 1600 दिव्यांग ऐसे हैं, जिनकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि कुल लाभार्थियों के सापेक्ष इन 1600 दिव्यांगों की पेंशन अभी नहीं आई है। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जिन लाभार्थियों की पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है, उन्हें भी जल्द पेंशन मिल जाएगी। हालांकि, सात माह से भुगतान नहीं होने के कारण परेशान लाभार्थियों को अब पेंशन जारी होने का इंतजार है। सात माह से भुगतान नहीं होने पर उठ रहे सवाल दिव्यांगों के लिए पेंशन योजना का उद्देश्य उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा कर सकें। ऐसे में लंबे समय तक भुगतान लंबित रहने से योजना के लाभार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग की ओर से लंबित पेंशन का भुगतान कब तक कराया जाता है और प्रभावित दिव्यांगों को राहत कब मिलती है।

झांसी में MBBS छात्रा के सामने न्यूड हुआ युवक:स्कूटी से पीछा करते हुए क्लास तक पहुंचा, गर्ल्स हॉस्टल के पास भी अश्लील हरकतें कीं

झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में MBBS छात्रा के सामने एक सिरफिरा युवक न्यूड हो गया। पीड़ित छात्रा क्लास जा रही थी। आरोपी स्कूटी से पीछा करते हुए क्लास तक जा पहुंचा और छात्रा को रोक लिया। अभद्रता करते हुए वह कपड़े उतारकर प्राइवेट पार्ट का प्रदर्शन करने लगा। यह देख छात्रा बुरी तरह घबरा गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। तब सिक्याेरिटी गार्ड और स्टूडेंट्स पहुंच गए। यह देख आरोपी स्कूटी लेकर भाग निकला। लेकिन सिक्योरिटी गार्ड ने पीछा कर आरोपी को दबोच लिया। शुक्रवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला नवाबाद थाना क्षेत्र का है। छात्रा नहीं रुकी तो पीछा किया हरदोई निवासी छात्रा झांसी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। उसने पुलिस को बताया- 8 अक्टूबर की सुबह वह गर्ल्स हॉस्टल से क्लास जा रही थी। रास्ते में एक युवक स्कूटी पर बैठा था। जब वह पास में पहुंची तो आरोपी ने गलत इरादे से अपने पास बुलाया। तब वह नहीं रुकी और आगे बढ़ गई। इसके बाद आरोपी स्कूटी से पीछा करते हुए क्लास के पास पहुंच गया। पोस्टमार्टम हाउस के थोड़ा आगे उसने स्कूटी लगाकर छात्रा रोक लिया और शर्मनाक भाषा का प्रयोग करने लगा। इसके बाद हाफ लोअर उतारकर वह न्यूड होकर प्राइवेट पार्ट का प्रदर्शन करने लगा। इससे छात्रा बुरी तरह सहम गई और जोर जोर से चिल्लाने लगी। तब स्टूडेंट और सिक्योरिटी गार्ड अमित पहुंच गए। यह देख आरोपी स्कूटी लेकर भाग निकला। तब सभी ने मिलकर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम रोशन प्रजापति पुत्र सुरेंद्र प्रजापति बताया। वह कोछाभांवर का रहने वाला है। अन्य छात्राओं से भी कर चुका गंदी हरकत छात्रा के अनुसार, आरोपी रोशन प्रजापति पहले भी हॉस्टल के पास अन्य छात्राओं के साथ भी इस तरह की गंदी हरकतें कर चुका है। इसकी मौखिक तौर पर प्रिंसिपल से शिकायत की गई थी। आराेपी के पकड़े जाने के बाद भीड़ ने धुनाई कर दी। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड उसे सीएमएस डॉ. सचिन माहौर के पास ले गए। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पहले भी शिकायतें आ चुकी हैं सीएमएस डॉ. सचिन माहौर ने बताया- हॉस्टल की छात्राएं जब आती-जाती हैं तो एक युवक अक्सर आकर गलत हरकतें करता था। इसके बाद वो भाग जाता था। गुरुवार को तीसरी बार उसने आकर छात्राओं को गंदे इशारे किया। तब छात्राओं ने सिक्योरिटी गार्ड को बताया तो पकड़ा गया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।