Breaking News
500 रुपये की रंगदारी न देने पर फायरिंग:इटावा में कार सवारों ने पैर में गोली मारी, दो लोग घायल

इटावा शहर के पक्का बाग में सुमन विद्या पीठ के सामने गुरुवार शाम करीब 5 बजे, 500 रुपये की रंगदारी न देने पर दो लोगों पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि नेक्सॉन कार से पहुंचे युवकों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से यशोदा नंदन शुक्ला और वहां खड़े किसान अरविंद राजपूत घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दुर्गा कॉलोनी पक्का बाग निवासी 28 वर्षीय यशोदा नंदन शुक्ला के भाई नन्दन शुक्ला के अनुसार, यशोदा उर्फ चंदन चेक जमा करने के लिए बैंक गया था। इसके बाद वह सुमन विद्या पीठ के सामने अरविंद राजपूत और वासु चौधरी के साथ खड़ा था। इसी दौरान नेक्सॉन कार से जयभारत कॉलोनी निवासी नामजद युवक वहां पहुंचा। 500 रुपये मांगने का लगाया आरोप आरोप है कि कार सवार युवकों ने चंदन से 500 रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर पिस्टल से फायरिंग कर दी गई। फायरिंग में यशोदा नंदन शुक्ला और कल्याणपुर इकदिल निवासी 50 वर्षीय किसान अरविंद राजपूत के पैर में गोली लगी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपी से पहले से जान-पहचान है, लेकिन किसी तरह की पुरानी रंजिश नहीं है। आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में था और शराब के लिए रुपये मांग रहा था। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एसपी सिटी बबीता सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग की वजह और लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

आगरा में आंबेडकर पुल का हाइट बैरियर टूटा:अज्ञात वाहन की टक्कर से टूटा बैरियर, पर्यटक और बाजार जाने वाले परेशान

आगरा में यमुना नदी पर बने डॉ. आंबेडकर पुल का हाइट बैरियर गुरुवार तड़के टूट गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से यह बैरियर क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद सुबह से ही पुल पर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई और शहर में घंटों जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय दुकानदार आकाश ने बताया कि सुबह करीब छह बजे बैरियर टूटा मिला। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार से निकलने की कोशिश की, जिससे यह हादसा हुआ। पुल पर वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम और बढ़ गया। यह पुल आगरा के प्रमुख बाजारों और पर्यटन स्थलों को जोड़ता है। बेलनगंज बाजार जाने वाले और एत्माद्दौला स्मारक, मेहताब बाग, ताज व्यू प्वाइंट जाने वाले पर्यटक भी जाम में फंसे रहे। दोपहर करीब डेढ़ बजे बैरियर की मरम्मत का काम शुरू हुआ। दोपहर ढाई बजे तक बैरियर ठीक कर दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका और लोगों को जाम से राहत मिली।

अयोध्या में यूथ-कनेक्ट सत्र आयोजित:युवाओं के मनोस्वास्थ्य और मानसिक विकारों को लेकर चर्चा हुई

अयोध्या में यूथ-कनेक्ट सत्र में युवाओं के मनोस्वास्थ्य और मानसिक विकारों को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने बताया कि वैश्विक स्तर पर हर सात में से एक व्यक्ति मानसिक विकार से प्रभावित है, जबकि भारत में ऐसे लोगों की संख्या करीब 20 करोड़ बताई गई। जागरूकता की कमी और सामाजिक कलंक के कारण दो-तिहाई से अधिक मानसिक रोगियों को उचित उपचार नहीं मिल पाता। कार्यक्रम में बताया गया कि युवाओं में मनोविकार के प्रमुख कारणों में हताशा, अकादमिक तनाव, पारिवारिक दबाव, यौन शोषण, नशा, डिप्रेशन और सिजोफ्रेनिया शामिल हैं। अकेलापन, प्रियजन की मृत्यु, आर्थिक नुकसान, कानूनी सजा और आपदाएं भी मनोआघात का कारण बन सकती हैं। इस वर्ष विश्व मनोस्वास्थ्य दिवस की थीम ‘मनोविकारों के प्रति नजरिये को बदलना’ है। आकाशवाणी अयोध्या और डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सत्र में डॉ. आलोक मनदर्शन ने युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

छिपी टैंक में छात्र गुटों में मारपीट का वीडियो वायरल:1:13 मिनट के वीडियो में लात-घूंसे और बेल्ट से हमला करते दिखे युवक, एक दबोचा

मेरठ में लालकुर्ती थाना क्षेत्र के छिपी टैंक इलाके में गुरुवार को छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। करीब एक मिनट 13 सेकंड के वीडियो में कुछ युवक आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लात-घूंसे चलने के साथ एक युवक बेल्ट से हमला करता हुआ भी नजर आ रहा है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। वीडियो में कुछ युवक एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते नजर आते हैं। इसी दौरान एक युवक बेल्ट हाथ में लेकर दूसरे युवकों की ओर हमला करता और उन्हें दौड़ाता दिखाई देता है। आसपास काफी लोग मौजूद हैं, लेकिन वीडियो में कोई बीच बचाव करता दिखाई नहीं दे रहा है। मारपीट के दौरान युवक सड़क पर भी गिरते नजर आते हैं। पुलिस के पहुंचते ही भागते दिखे युवक
वीडियो के अगले हिस्से में डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंचती दिखाई देती है। पुलिस वाहन और कर्मियों के पहुंचने के बाद मारपीट कर रहे कुछ युवक वहां से भागते नजर आते हैं। भागने के दौरान दो युवक गिरते दिखाई देते हैं, जो बाद में उठकर आगे की ओर चले जाते हैं।
वीडियो में कुछ लोग एक युवक को पकड़ते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के आधार पर यह युवक मारपीट के दौरान बेल्ट लेकर हमला करता हुआ नजर आता है। फिलहाल विवाद की वजह स्पष्ट नहीं
वायरल वीडियो लालकुर्ती थाना क्षेत्र के छिपी टैंक इलाके का बताया जा रहा है। छात्रों के दोनों गुटों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर घटना को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही मारपीट की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का पहुंचना भी वीडियो में दिखाई दे रहा है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

मलिक मील कॉलोनी का रास्ता बंद होने का खतरा:रेलवे निर्माण से 150 से ज्यादा परिवारों की सुरक्षा पर चिंता, सभासद ने DM से मांगा स्थायी मार्ग

मैनपुरी की मलिक मील कॉलोनी के 150 से ज्यादा परिवारों के आने-जाने और सुरक्षा की चिंता है। वार्ड 27 के सभासद सुशील कायस्थ ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दखल मांगा है। कॉलोनी के लोग दशकों से रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक लंबे और चौड़े रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं। रेलवे उस जमीन पर निर्माण करेगा, जिससे रास्ता बंद होने का खतरा है। सभासद ने मौजूदा रास्ते को सुरक्षित रखने या कॉलोनी के लिए स्थायी आपातकालीन मार्ग बनाने की मांग की है। रास्ता बंद होने पर आग, दुर्घटना या बीमारी में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को पहुंचने में मुश्किल होगी, जिससे सैकड़ों की सुरक्षा पर असर पड़ेगा। उन्होंने जिलाधिकारी से मौजूदा रास्ते और रेलवे निर्माण का मौके पर निरीक्षण करने को कहा। साथ ही, कॉलोनी के लिए स्थायी आपातकालीन मार्ग तय कर रेलवे अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने की मांग की।