मुजफ्फरनगर में बाढ़ से पहले प्रशासन अलर्ट:एडीएम ने गंगा बैराज, तटबंधों का निरीक्षण किया, जनहानि रोकना प्राथमिकता

मुजफ्फरनगर में मानसून से पहले जिला प्रशासन बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर सतर्क हो गया है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह और एसडीएम जानसठ रश्मि लांबा ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों, गंगा बैराज और तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, एडीएम ने सिंचाई एवं ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले बाढ़ बचाव से संबंधित सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। तटबंधों के कमजोर स्थानों को चिन्हित कर तत्काल मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराया जाए, ताकि जलस्तर बढ़ने पर कोई क्षति न हो। अधिकारियों को बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम जानसठ ने संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों, राहत शिविरों, नावों की व्यवस्था, खाद्यान्न भंडारण और चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। एडीएम ने स्पष्ट किया कि बाढ़ की स्थिति में जनहानि और पशुहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि बारिश और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *