Breaking News
कौशांबी में भारी बारिश से जलभराव:प्रशासन ने जल निकासी तेज की, मंझनपुर में पंप लगाए गए

कौशांबी में लगातार भारी बारिश के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने इसका संज्ञान लेते हुए बुधवार को अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन और नगर पालिका की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पानी निकालने के काम में जुटी हैं। विकासखंड कड़ा की ग्राम पंचायत गनपा और विकासखंड मूरतगंज की ग्राम पंचायत सैयद सरावा से जलभराव की सूचना मिली थी। इसके बाद राजस्व, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभाग की संयुक्त टीमें इन स्थानों पर भेजी गईं। टीमों ने स्थिति का जायजा लिया और जल निकासी का कार्य तेजी से शुरू कराया। नगर पालिका परिषद मंझनपुर क्षेत्र में भी बारिश के पानी से कई स्थानों पर जलभराव है। वार्ड नंबर-2 डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम नगर में कर्बला के पास सड़क पर जमा पानी निकालने के लिए तीन समरसेबल पंप और पनचक्कियां लगाई गई हैं। इन पंपों के जरिए पानी निकालकर हजरतगंज के पास स्थित नाले में बहाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, नगर पालिका द्वारा अन्य वार्डों में भी जल निकासी का कार्य जारी है। इनमें वार्ड नंबर-10 अशोक नगर के मजरा गौरा डेरा (छंगू गिहार के घर के पास), वार्ड नंबर-16 चंद्रगुप्त मौर्य नगर के मजरा भेलखा (दिलीप सरोज के घर के पास), वार्ड नंबर-20 चंद्रशेखर आजाद नगर के मजरा टिकरी (बिंदेश्वरी रैदास के घर के पास), वार्ड नंबर-25 संत रविदास नगर के मजरा कोडर (मेन रोड काली माता मंदिर के पास) और मजरा अहिरन का पुरवा (अर्जुन सरोज के घर के पास) शामिल हैं। मंझनपुर की अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह ने बताया कि जलभराव की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्रभावित स्थानों पर समरसेबल पंप, मोटर और पनचक्की के जरिए तत्काल पानी निकालने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि नगर क्षेत्र में कहीं से भी जलभराव की सूचना मिलने पर टीम को तुरंत मौके पर भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *