चंदौली डीएम-एसपी ने की किनाराम जन्मोत्सव की समीक्षा:रामगढ़ में 10 से 12 सितंबर तक होगा आयोजन, तैयारी के दिए निर्देश
चंदौली के रामगढ़ स्थित अघोर परंपरा के महान संत बाबा किनाराम का जन्मोत्सव समारोह 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होगा। इस आयोजन को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शुक्रवार शाम को डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से किनाराम मंदिर परिसर में समीक्षा बैठक की और स्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन्मोत्सव में दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध बिजली और चिकित्सा सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने पीने के पानी के टैंकर, अस्थायी शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और मोबाइल मेडिकल टीम की तैनाती के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को मेला क्षेत्र में 24 घंटे सफाई कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। एसपी आकाश पटेल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस बल को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात प्रबंधन (ट्रैफिक रूट डायवर्जन), पार्किंग स्थलों और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। एसपी ने बताया कि मुख्य स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके। मेला और मंदिर परिसर को सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं के वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए अलग पार्किंग स्थल और रूट प्लान तैयार किए गए हैं।


