Breaking News
कोतवाली वार्ड पर हुआ सफाई कर्मचारी नेताओं का स्वागत

 

बाबा न्यूज़ 
आगरा। नगर निगम के सफाई कर्मचारी नेताओं के स्वागत की श्रृंखला में स्वास्थ्य विभाग के कोतवाली वार्ड में आज सेवा प्रदाता द्वारा नियोजित ठेका और संविदा सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का फूलमाला, पटका और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
ज्ञातव्य है कि इस महीने सफाई कर्मचारियों, ड्राइवरों, कम्प्यूटर ऑपरेटरों आदि को बढ़ा हुआ वेतन मिला है। स्वागत कार्यक्रम में बोलते हुए सफाई कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अल्प वेतन पाने बाला सेवा प्रदाता द्वारा नियोजित ठेका सफाई कर्मचारी लगभग 2300 रुपये महीना बढ़ने पर बहुत खुश है। बढे़ वेतन से ठेका सफाई कर्मचारियों के परिवार की कुछ आर्थिक समस्याओं का निदान होगा।
स्वागत कार्यक्रम में विनोद इलाहाबादी, सुन्दर बाबू चंचल, राजू डागौर, रोहित लवानियां, राजेश साहू,अमित सत्यार्थी, चौ० सरवन विराट, सनी चौहान, मोनू चंचल, मनीष चौहान, नीरज कुमार, अमित चंचल, कामेश कुंज, शिवम् दिलवारिया, आदि मौजूद रहे।
इस अवसर पर पूर्व जेड एस ओ इन्द्रजीत सिंह और स्वच्छता व खाद्य निरीक्षक एम०पी०, सिंह का भी सम्मान किया गया।

वैवाहिक सीजन में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग

वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन ने अपर पुलिस आयुक्त को सौंपा मांग पत्र

Baba news 

आगरा। वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को आगरा पुलिस कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त श्री सचिन्द्र पटेल से मुलाकात कर वैवाहिक एवं वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़ी विभिन्न प्रमुख समस्याओं और सुझावों को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त को अपनी मांगों से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा।

पुलिस लाइन स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में आयोजित बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में सक्रिय संगठन है, जिससे 7,000 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। संगठन होटल, वेडिंग वेन्यू, टेंट स्वामी, डेकोरेटर्स, कैटरर्स, इवेंट प्लानर्स सहित विवाह उद्योग से जुड़े विभिन्न व्यवसायियों का प्रतिनिधित्व करता है।

एसोसिएशन ने मांग की कि वैवाहिक सीजन के दौरान फतेहाबाद रोड, पश्चिमपुरी, सिकंदरा, शाहगंज और जयपुर हाउस जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा रात्रि के समय विशेष पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने वैवाहिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में आने-जाने वाले कैटरिंग, डेकोरेशन एवं अन्य सामग्री के मालवाहक वाहनों के लिए विशेष पास की व्यवस्था करने की मांग भी रखी, ताकि ड्यूटी के दौरान इन वाहनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में विवाह समारोहों में चोरी एवं आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। एसोसिएशन ने मांग की कि वैवाहिक आयोजनों के आसपास रात्रिकालीन गश्त एवं निगरानी बढ़ाई जाए, जिससे मेहमानों के वाहनों और कीमती सामान की चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

इसके साथ ही फतेहाबाद रोड सहित निर्माण कार्यों वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने वैवाहिक सीजन के दौरान वैकल्पिक मार्ग एवं समुचित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया, ताकि शादी समारोहों में आने वाले मेहमानों को परेशानी न हो।

वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि प्रत्येक वैवाहिक सीजन शुरू होने से पहले स्थानीय पुलिस अधिकारियों एवं होटल/मैरिज होम संचालकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की जाए, जिससे सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अलावा आयोजनों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर साझा करने और पुलिस प्रशासन की ओर से वैवाहिक सीजन के दौरान एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने का सुझाव भी दिया गया।

अपर पुलिस आयुक्त  सचिन्द्र पटेल ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि एसोसिएशन द्वारा उठाई गई मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं सहयोग किया जाएगा।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि आगरा देश के प्रमुख पर्यटन एवं वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से पहचान बना रहा है। ऐसे में वैवाहिक आयोजनों के दौरान बेहतर पुलिसिंग, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था से न केवल वेडिंग इंडस्ट्री को लाभ मिलेगा, बल्कि आगरा की सकारात्मक छवि भी और मजबूत होगी।

बैठक में वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल, उपाध्यक्ष पंकज गोयल, मोहन सैनी एवं एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

एसोसिएशन ने अपर पुलिस आयुक्त के सकारात्मक आश्वासन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि मांग पत्र में उठाए गए विषयों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

जनकपुरी महोत्सव को लेकर भूमि पूजन कल, नगर निगम अधिकारियों ने परखीं तैयारियां

 

भूमि पूजन से पहले व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश, नाले पर बन रही पुलिया और सफाई व्यवस्था का सहायक नगरआयुक्त ने लिया जायजा

बाबा न्यूज़ 

आगरा। श्रीराम लीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले जनकपुरी महोत्सव को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट भावना स्टेट रोड पर गुरुवार को होने वाले जनकपुरी महोत्सव के भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों का बुधवार को सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त ने भूमि पूजन स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग, सफाई व्यवस्था तथा नाले पर निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिया के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन में किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को भी प्राथमिकता के साथ दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव शहर का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्र में कहीं भी गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई, जलभराव की स्थिति और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा। कहा कि भूमि पूजन से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएं और मौके पर कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। आयोजन स्थल के आसपास किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान सीएसएफआई चंद्र पाल सिंह, रमेश चंद्र सैनी और जागेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

जनकपुरी की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

जनकपुरी महोत्सव के आयोजन को लेकर नगर निगम स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ ही आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम शुरू होगा। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार का कहना है कि आयोजन से पहले सफाई, मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।