Breaking News
सावन में शिवमय हुआ श्री खाटू श्याम मंदिर, महा रुद्राभिषेक से गूंजा हर-हर महादेव

 

भोलेनाथ के भव्य श्रृंगार और बाबा श्याम के अलौकिक फूल बंगले ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

बाबा न्यूज़ 

आगरा। सावन मास की पावन बेला में जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर शिव आराधना और श्याम भक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना हुआ है। मंदिर में चल रहे सावन विशेष महा रुद्राभिषेक महोत्सव के अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चार, महामृत्युंजय मंत्र और हर-हर महादेव के जयघोष से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
पंडित मुकेश शर्मा, कमल कांत शास्त्री, अनंत उपाध्याय एवं पंकज शास्त्री के मार्गदर्शन में श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल एवं पल्लवी सिंघल ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का महा रुद्राभिषेक किया। पंचामृत, गंगाजल एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक करते हुए भक्तों ने विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
सावन में शिवलिंग पर अर्पित होती जलधारा और गूंजते रुद्र मंत्र मानो भक्तों की आस्था को सीधे महादेव के चरणों तक पहुंचा रहे थे। शिव आराधना के इस पावन अवसर पर श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ भोलेनाथ के चरणों में नतमस्तक हुए और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
महा रुद्राभिषेक के पश्चात भगवान भोलेनाथ का अत्यंत मनोहारी एवं भव्य श्रृंगार किया गया। पुष्पों, बेलपत्र और आकर्षक श्रृंगार से सजे महादेव के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। शिवालय में सजे फूलों की मनमोहक छटा और दीपों की जगमगाहट ने वातावरण को और भी दिव्य बना दिया।
वहीं श्री खाटू श्याम जी का अलौकिक फूल बंगला भक्तों के आकर्षण का विशेष केंद्र रहा। रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे बाबा श्याम के दरबार की दिव्यता देखते ही बन रही थी। फूलों के मध्य विराजमान बाबा श्याम की मनमोहक छवि के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल होते रहे और श्रद्धा से बाबा के चरणों में शीश नवाते रहे।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। इसी आध्यात्मिक भावना के साथ मंदिर में महा रुद्राभिषेक की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। प्रतिवर्ष सावन मास में 108 रुद्राभिषेक कराने का संकल्प लिया जाता है और इस वर्ष भी इसी उद्देश्य से आयोजन निरंतर चल रहा है। प्रतिदिन यजमानों द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिव आराधना में सावन की हर बूंद आस्था बनकर महादेव तक पहुंचती है और बाबा श्याम के दरबार में पहुंचकर वही आस्था प्रेम और विश्वास में परिवर्तित हो जाती है। यही कारण है कि सावन के इस पावन अवसर पर मंदिर में शिव भक्ति और श्याम भक्ति का अनुपम वातावरण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान कर रहा है।
मंदिर परिसर में प्रतिदिन आकर्षक फूल बंगला एवं विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। सावन मास की पूर्णिमा के अवसर पर महा आरती, महा अभिषेक एवं शरबत वितरण का विशेष आयोजन भी किया जाएगा। इसकी तैयारियां मंदिर परिसर में विशेष रूप से की जा रही हैं।

मनीष अग्रवाल बने सरस्वती शिशु मंदिर विजय नगर के अध्यक्ष

15 सदस्यीय नवीन समिति की घोषणा, 10 अगस्त से प्रभावी होगा कार्यकाल; शिक्षा, अनुशासन और खेलों पर रहेगा विशेष जोर

बाबा न्यूज़ 

आगरा। सरस्वती शिशु मंदिर, विजय नगर की नवीन प्रबंध समिति की घोषणा कर दी गई है। नवीन समिति में मनीष अग्रवाल को अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। 15 सदस्यीय नवीन समिति का कार्यकाल 10 अगस्त से प्रभावी होगा तथा समिति की प्रथम बैठक 13 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
अपने मनोनयन पर नवनियुक्त अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने विद्या भारती एवं सरस्वती शिशु मंदिर समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यालय में उच्च स्तरीय शिक्षा, अनुशासन और स्पोर्ट्स पर विशेष बल दिया जाएगा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ संस्कार, व्यक्तित्व विकास और खेलकूद को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
वरिष्ठ उद्यमी मनीष अग्रवाल सामाजिक, शैक्षिक एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वह नेशनल चैंबर के दो बार अध्यक्ष, श्री कृष्ण लीला समिति के पिछले 10 वर्षों से अध्यक्ष हैं तथा वर्तमान में लायंस क्लब इंटरनेशनल 321सी2 के गवर्नर के सलाहकार भी हैं। विभिन्न सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग एवं प्रमोद कुमार सरस्वत ने मनीष अग्रवाल को सरस्वती शिशु मंदिर विजय नगर का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मनीष अग्रवाल के नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा।

नवीन समिति में ये पदाधिकारी एवं सदस्य
संरक्षक: नरेश सूद, प्रवीण कुमार घर। अध्यक्ष: मनीष अग्रवाल। उपाध्यक्ष: आशीष भटनागर। व्यवस्थापक: किशोरी लाल गोयल। शहर व्यवस्थापक: दिलीप गुप्ता। कोषाध्यक्ष: भविष्य अग्रवाल। सदस्य: नीरज खंडेलवाल, दीपक अग्रवाल, अजय तोषनीवाल, कुंदेश्वर गोयल, शैलेश कुमार, सचिन मंगल, डॉ. रश्मि मिश्रा। इसके अतिरिक्त प्रधानाचार्य तथा दो शिक्षक प्रतिनिधि भी समिति में शामिल रहेंगे।

सीमेंट का ऑर्डर पड़ा महंगा:साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 1 लाख,साइबर सेल में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

आगरा में गूगल पर मिले मोबाइल नंबर से सीमेंट का ऑर्डर करना कारोबारी को भारी पड़ गया और साइबर ठगों ने 1.01 लाख रुपए ठग लिए। फर्जी प्रोफॉर्मा इनवॉइस भेजकर भुगतान कराया और सीमेंट नहीं भेजा। बाद में 71 हजार रुपये और मांगने पर ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित की शिकायत पर सिकंदरा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। ऐसे फंसा कारोबारी
पर्ल टावर, गणपति क्लासिक निवासी राजेश सोनी को 8 अगस्त को झांसी की साइट के लिए 350 बैग सीमेंट चाहिए था। उन्होंने गूगल पर कंपनी का नंबर सर्च किया और कॉल कर दिया। पहले व्यक्ति ने कहा एरिया सेल्स मैनेजर बात करेंगे। आधे घंटे बाद दूसरे नंबर से “उदय मिश्रा” नाम से कॉल आया। उसने खुद को कंपनी का एरिया सेल्स मैनेजर बताया और व्हाट्सएप पर सीमेंट का प्रोफॉर्मा इनवॉइस भेज दिया। इनवॉइस में जीएसटी नंबर और बैंक खाता भी था। भरोसा करके राजेश ने एनईएफटी से 1,01,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठग ने कहा कि माल झांसी साइट पर पहुंच जाएगा। लेकिन सीमेंट नहीं पहुंचा। दोबारा फोन करने पर आरोपी ने 71 हजार रुपये और मांगे। तब राजेश को शक हुआ। साइबर सेल में शिकायत
राजेश ने 9 अगस्त को साइबर सेल में शिकायत दी। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य कुमार ने बताया कि थाना सिकंदरा पुलिस जांच कर रही है। ठगों के बैंक खातों को ट्रेस किया जा रहा है। क्या करें बचाव के लिए
डीसीपी ने लोगों से अपील की है कि गूगल पर मिले किसी भी नंबर पर तुरंत भरोसा न करें। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से नंबर जरूर चेक करें। अनजान व्यक्ति के भेजे इनवॉइस और बैंक खाते में पेमेंट से पहले विक्रेता की पहचान पक्की करें। एडवांस भुगतान से बचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें और बैंक को भी सूचना दें।

घाटमपुर CHC परिसर में खूनी संघर्ष:गाड़ी साइड करने के विवाद में ड्राइवर पर पत्थर से हमला; हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

घाटमपुर नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर में मंगलवार दोपहर गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है, कि एक निजी वाहन के अटेंडेंट ने महिला डॉक्टर के ड्राइवर के सिर पर भारी पत्थर से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से ड्राइवर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद CHC परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, CHC में संविदा पर तैनात महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरी तिवारी मंगलवार को सरकारी वाहन से ओपीडी ड्यूटी करने सीएचसी पहुंची थीं। उनके साथ ड्राइवर सत्यम सिंह सेंगर था। दोपहर करीब दो बजे ओपीडी समाप्त होने के बाद सत्यम सरकारी वाहन को मोड़ रहा था। इसी दौरान वाहन साइड करने को लेकर उसका स्टाफ से विवाद हो गया। बताया जा रहा है, कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। आरोप है, कि वाहन के साथ मौजूद अटेंडेंट मोनू ने विवाद बढ़ने पर सत्यम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने पास में पड़ा भारी पत्थर उठाकर सत्यम के सिर पर वार कर दिया। पत्थर लगते ही सत्यम के सिर से खून बहने लगा और वह मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद CHC परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आरोपी मौके से भाग निकला। घायल ड्राइवर को तत्काल उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां घायल का इलाज जारी है। इंस्पेक्टर का बयान घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि CHC परिसर में मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सद्भावना एक्सप्रेस में नई सफाई व्यवस्था शुरू:हाई प्रेशर जेट और वैक्यूम मशीन से होगी ट्रेन की धुलाई

रेलवे ने सद्भावना एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए बेहतर सफाई व्यवस्था शुरू की है। आनंद विहार से सुल्तानपुर के बीच चलने वाली 14014 सद्भावना एक्सप्रेस में ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सेवा (ओबीएचएस) और लिनेन वितरण की नई व्यवस्था लागू की गई है। मुरादाबाद से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। इस नई व्यवस्था के तहत ट्रेन के कोचों और शौचालयों की सफाई, कचरा संग्रहण तथा उसके निस्तारण की जिम्मेदारी तय की गई है। इसमें लिनेन वितरण भी शामिल है। यात्रियों को छोटी-मोटी खराबियों को दूर करने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करने की सुविधा भी मिलेगी। स्लीपर कोच के यात्रियों को साबुन भी उपलब्ध कराया जाएगा। सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पहली बार हाई प्रेशर जेट और वैक्यूम क्लीनिंग मशीनों का उपयोग किया जाएगा। यात्रा के दौरान कचरा एकत्र करने के लिए पोर्टेबल उपकरण भी लगाए जाएंगे। यात्रियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसी एक अलग कंट्रोल रूम स्थापित करेगी। रेलवे द्वारा इस पूरी व्यवस्था की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। सफाई कार्य पूरा होने के बाद स्थान और समय के साथ तस्वीरें एक ऐप पर अपलोड की जाएंगी। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशिक्षित और सत्यापित कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नई व्यवस्था ट्रेन में सफाई और यात्री सुविधाओं की निगरानी को पहले से अधिक प्रभावी बनाएगी।

UPSSSC में नकल माफिया गिरोह का खुलासा:6 लाख में हुआ था सौदा, वाराणसी में एक और आरोपी हुआ गिरफ्तार

आजमगढ़ के शिवली नेशनल इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक सहायक ग्रुप सी की रविवार को लिखित परीक्षा में हियरिंग डिवाइस के साथ वाराणसी के रहने वाले एक छात्र को रंगे हाथ पकड़ा गया है। आरोपी छात्र के विरुद्ध आजमगढ़ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना पुलिस ने शुरू कर दी थी। आरोपी छात्र वाराणसी का रहने वाला था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलोक पटेल के रूप में हुई थी। आरोपी के कब्जे से हियरिंग डिवाइस ब्लूटूथ और बैटरी बरामद की गई थी। मामले की विवेचना के क्रम में एक और आरोपी वीरेंद्र कुमार राय और बबलू राय जो की वाराणसी का रहने वाला है को गिरफ्तार किया गया है। 6 लाख में हुआ था सौदा
मामले की विवेचना कर रहे सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस की विवेचना के दौरान इस मामले में वीरेंद्र कुमार राय और बाबू का नाम सामने आया इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। आरोपी को वाराणसी में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसके मित्र आनंद पटेल एवं कुश पटेल, निवासीगण जनपद वाराणसी के साथ मिलकर परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने की व्यवस्था करने वाले व्यक्तियों से सम्पर्क किया गया था। अभियुक्त के अनुसार UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में आलोक पटेल को पास कराने के लिए 6 लाख में सौदा तय हुआ था। परीक्षा में नकल कराने के लिए आलोक पटेल को एक हियरिंग/ईयर डिवाइस तथा एक ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराई गई थी। उक्त उपकरणों के प्रयोग की विधि भी बताई गई थी। डिवाइस उपलब्ध कराने के एवज में ₹15,000/- एडवांस धनराशि लिए जाने की बात भी अभियुक्त द्वारा बताई गई। अभियुक्त के अनुसार परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से अभ्यर्थी को बाहर से प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने की योजना थी। परीक्षा के दौरान आलोक पटेल के पकड़े जाने के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी विवेचना में प्रकाश में आई है। पुलिस इस मामले में छानबीन में जुटी हुई है।

यमुना का जलस्तर घटा, मथुरा में राहत:प्रशासन अलर्ट, बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी

मथुरा में यमुना नदी का जलस्तर घटने लगा है, जिससे जिला प्रशासन को राहत मिली है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जिस तेजी से जलस्तर बढ़ा था, उसी गति से अब उसमें कमी आ रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है और प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिलाधिकारी ने विभिन्न बैराजों से पानी के डिस्चार्ज की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हथनीकुंड और ताजेवाला बैराज से लगभग 15 हजार क्यूसेक, ओखला बैराज से 14 हजार क्यूसेक और मथुरा के गोकुल बैराज से करीब 44 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन यमुना के जलस्तर पर लगातार निगरानी रख रहा है। जिलाधिकारी ने पिछले वर्ष आई बाढ़ का जिक्र किया, जो मथुरा के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी बाढ़ थी। उन्होंने बताया कि उस अनुभव के आधार पर इस बार भी व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशासन ने नाविकों और गोताखोरों से अनुबंध किया है। आवश्यकता पड़ने पर भोजन, पेयजल, राहत किट और शेल्टर होम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने नाविकों से अपील की है कि वे अपनी नावों का पंजीकरण कराएं और नाव में सवार प्रत्येक व्यक्ति को लाइफ जैकेट पहनाना सुनिश्चित करें। यमुना में बढ़ते जलस्तर और जलकुंभी की मौजूदगी के कारण एहतियातन नावों का संचालन फिलहाल रोक दिया गया है। जलस्तर स्थिर होने या घटने के बाद ही स्थिति के अनुसार नाव संचालन फिर से शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने एसएसपी के साथ केशी घाट समेत विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से छाता, मांट, सदर और महावन के उपजिलाधिकारी निचले इलाकों का स्थलीय जायजा ले रहे हैं। नगला आकोस क्षेत्र पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। केशी घाट पर परिक्रमा के संबंध में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पानी के बीच से नीचे उतरकर परिक्रमा करना पारंपरिक मार्ग नहीं है। ऐसे लोगों को तुरंत रोका गया। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करना प्रशासन के साथ-साथ मीडिया की भी जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने ब्रजवासियों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें।