एटा मेडिकल कॉलेज में डेढ़ किलो ट्यूमर का सफल ऑपरेशन:महिला के अंडाशय से निकाला गया, गंभीर संक्रमण से बची जान
एटा के वीरांगना अबन्तीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में एक महिला के अंडाशय से डेढ़ किलोग्राम का ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया। प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की टीम ने यह जटिल ऑपरेशन कर महिला को गंभीर संक्रमण से बचाया। विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने बताया कि 29 वर्षीय मरीज पिछले एक माह से पेट दर्द और कमजोरी से जूझ रही थीं। जांच में अल्ट्रासाउंड और एमआरआई के माध्यम से उनके अंडाशय में 12×10 सेंटीमीटर का एक बड़ा ट्यूमर पाया गया। मरीज की हालत लगातार बिगड़ रही थी और उन्हें पहले कुछ अस्पतालों में बच्चेदानी निकालने की सलाह भी दी गई थी। एटा मेडिकल कॉलेज में परामर्श के बाद, डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। मरीज और उनके परिजनों की सहमति से केवल ट्यूमर हटाने और बच्चेदानी को सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया। मंगलवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। इस दौरान लगभग डेढ़ किलोग्राम का विशाल अंडाशय ट्यूमर निकाला गया। ट्यूमर के एक हिस्से में सड़न शुरू हो चुकी थी और उससे दुर्गंध भी आ रही थी, जिससे गंभीर संक्रमण का खतरा था। समय पर ऑपरेशन से मरीज को गंभीर संक्रमण और अन्य जटिलताओं से बचाया जा सका। डॉक्टरों के प्रयासों से मरीज की बच्चेदानी भी सुरक्षित रही, जो उनके लिए एक बड़ी राहत थी। ऑपरेशन डॉ. साधना सिंह और डॉ. पंखुड़ी ने किया। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. श्रुति और डॉ. अश्विनी ने संभाली। पूरी टीम के समन्वित प्रयासों से यह जटिल शल्यक्रिया सफल हो पाई। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत संतोषजनक बताई जा रही है। मरीज और उनके परिजनों ने सफल उपचार के लिए डॉक्टरों और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस सफल ऑपरेशन पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज एटा में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और टीम की कार्यकुशलता की सराहना की।

