Breaking News
महराजगंज में विकास कार्यों की शुरुआत:सड़क, बिजली; जलनिकासी समेत जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता

महराजगंज के घुघली नगर पंचायत में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने नगर विकास विभाग से स्वीकृत एक करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। सड़क, बिजली, पेयजल, जलनिकासी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा केवल योजनाओं को स्वीकृति देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराकर जनता को उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने कहा कि विधायक के प्रयासों और सरकार की विकासपरक नीतियों से घुघली नगर पंचायत में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *