Breaking News
मनमोहक पेंटिंग्स ने जीता अतिथियों का दिल

20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कला कार्यशाला का समापन
बाबा न्यूज
आगरा। राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश (संस्कृति विभाग) द्वारा आयोजित 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कला कार्यशाला का समापन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री, भारत सरकार के चेयरमैन पूरन डाबर रहे। समारोह में राज्य ललित कला अकादमी की कार्यकारिणी सदस्य डॉ. आभा, संस्कार भारती के महामंत्री नंद नंदन गर्ग, समाजसेवी शिवम कश्यप तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महामंत्री शिवांग खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं चित्रकला विभागाध्यक्ष प्रो. नीलम कान्त ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई विभिन्न कला विधाओं जैसे प्राकृतिक चित्रण, कोलाज, स्टिल लाइफ और पोर्ट्रेट चित्रों का
अवलोकन कराया। कार्यशाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने अपनी पेंटिंग्स का प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि पूरन डाबर के समक्ष अपनी भावनाओं और कला अभिव्यक्ति को प्रस्तुत किया। छात्राओं की
रचनात्मकता और कला कौशल को देखकर अतिथि बेहद प्रभावित हुए। पूरन डाबर और डॉ. आभा ने सभी प्रतिभागियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह के दौरान पूरन डाबर ने छात्राओं की कला से प्रभावित होकर तत्काल तीन पेंटिंग्स खरीद लीं। इनमें कृतिज्ञा सिंह राठौर की हनुमान चित्रण, दिव्यांशी वर्मा की शिव शक्ति तथा छात्रा शिवानी की बुद्ध पर आधारित पेंटिंग शामिल रही। पूरन डाबर ने कहा कि ‘संघर्ष से सफलता और सफलता से समर्पण’ जीवन का मूल मंत्र होना चाहिए। उन्होंने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि ‘उत्तम खेती, मध्यम बान, निषिद्ध चाकरी,भीख समान आत्मनिर्भरता ही समृद्ध भारत का आधार है।

सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज में  एक माह का समर स्पोर्ट्स कैंप का शुभारंभ कल से

बाबा न्यूज
आगरा। सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्य एस. पी. सिंह के संरक्षण एवं निर्देशन में महाविद्यालय परिसर में 19 मई से एक माह के समर स्पोर्ट्स कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, टेबल टेनिस, स्केटिंग, बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
समर कैंप का संचालन स्पोर्ट्स कन्वीनर राजीव फिलिप एवं शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभागाध्यक्ष अमृता आइंद के नेतृत्व में किया जाएगा। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, फिटनेस एवं खेल भावना का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कैंप प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित होगा। उद्घाटन दिवस पर सभी प्रशिक्षक अपने-अपने खेलों का प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के सहायक प्राध्यापक दिनेश कुमार एवं प्रिंस कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कैंप का लाभ उठाने की अपील की है।

अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें:
97610 23800, 72092 18698

परी गर्ग ने 12 वी कक्षा में 92% अंक हासिल कर परिवार का मान बढ़ाया

 

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेधावी छात्रा परी को Father Agnel School में सम्मानित किया गया

बाबा न्यूज

आगरा। ताज नगरी की चिकित्सक डॉ सपना बंसल की बेटी परी गर्ग ने श्री राम कालेज आफ कामर्स, देहली यूनीवर्सिटी से 12वीं कक्षा में 92% अंक प्राप्त कर पूरे परिवार गौरवान्वित किया है। परी बंसल ने चार विषयो में शानदार 96% अंक हासिल किये है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए परी गर्ग को नोएडा के Father Agnel School में सम्मानित भी किया गया।
यह उपलब्धि केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके समर्पण, अनुशासन और निरंतर कठिन परिश्रम का प्रतिबिंब है। परी गर्ग और उसके परिवार को शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए कहा कि ईश्वर उसे हमेशा सफलता, खुशियाँ और शक्ति प्रदान करे।

विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम का परिणाम : भूप सिंह इन्दौलिया

नेमीचंद एजुकेशनल एकेडमी में मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
राजकुमार/ बाबा न्यूज
किरावली। नेमीचंद एजुकेशनल एकेडमी विद्यालय पुरामना किरावली में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए बुधवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रबंधक भूप सिंह इन्दौलिया ने न केवल मेधावी छात्रों को माला पहनाकर सम्मानित किया, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।
कार्यक्रम में प्राचार्य हरी कांत शर्मा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन और नियमित परिश्रम बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को भी छात्रों की सफलता का महत्वपूर्ण कारण बताया।
प्रबंधक भूपसिंह इन्दौलिया ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।ह्व उन्होंने छात्रों को आगे भी इसी लगन से पढ़ाई जारी रखने और उच्च लक्ष्यों का निर्धारण करने की प्रेरणा दी।
सम्मानित छात्रों की सूची में पालेंद्र, गौरव, अंशिका, भावना, रोहित, पार्थ, देवराज, मोहित, हर्षित, यश, मयंक, अंश, आयुष, पलक, कामिनी, साक्षी, वंश और दिव्यांशी प्रमुख रहे। विद्यालय प्रशासन और शिक्षक-समूह ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिए और आवश्यक मार्गदर्शन की पेशकश भी की।
समारोह के अंत में विद्यालय ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल प्रदर्शन का जश्न मनाया और आने वाले समय में छात्रों की और प्रगति के लिए विभिन्न शैक्षिक तथा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया।

एसजी पब्लिक स्कूल की प्रियांशी 97.8% अंक प्राप्त बनी विद्यालय टॉपर

 

जुगल किशोर/बाबा न्यूज
अकोला। सीबीएससी परीक्षा इंटरमीडिएट 2026 का परीक्षा फल घोषित होने पर एसजी पब्लिक स्कूल अकोला की छात्रा प्रियांशी पुत्री ओमकार सिंह 97.8% अंक प्राप्त कर विद्यालय की टॉपर पर बन गयी है। वहीं 95.2% अंक प्राप्त कर साक्षी दूसरे स्थान पर रही। निधि 94%, प्रियंका 94%, नितिन प्रताप सिंह 93.4 % एवं कृष्णा रावत 92.2% अंक प्राप्त किए। जिससे सभी छात्र – छात्राओं में खुशी का माहौल है।
इन छात्र – छात्राओं की सफलता पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अजीत सिंह मालान ने हर्ष व्यक्त किया है तथा छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

गणेशराम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा ने 98.6% अंक किये हासिल

 


बाबा न्यूज
आगरा। सीबीएसई बोर्ड ने इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित कर दिया है। आगरा स्थित गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा खुशी गुप्ता ने 98.6% अंक प्राप्त कर विद्या मंदिर का नाम रोशन किया है। परीक्षाफल घोषित होते ही विद्या मंदिर में छात्राओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। शिक्षिकाए भी स्कूल में थी। उन्होंने भी सभी पास होने वाली छात्राओं को बधाई दी। विद्यालय की नोट छात्राओं ने इस वर्ष 95% से अधिक अंक हासिल किए हैं। विद्यालय की प्रबंध के डॉक्टर बीना शर्मा, कोषाध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश शर्मा, प्रधानाचार्य श्रीमती चारु पटेल समेत सभी शिक्षिकाओं ने छात्राओं का स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया।

वर्तमान में शिक्षण प्रक्रिया को केन्द्रित बनाना अत्यन्त आवश्यक : प्रो. कुसुम शर्मा

बाबा न्यूज
आगरा। श्रीमती बीडी जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज, आगरा के बीएड विभाग में ‘शिक्षण विधियाँ’ विषय पर एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान का उद्देश्य छात्राओं को प्रभावी शिक्षण कौशल, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं कक्षाओं का प्रभावी शिक्षण कौशल, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं कक्षा शिक्षण की नवीन तकनीकी से परिचित कराना थां।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना अग्रवाल ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रो. कुसुम शर्मा (पूर्व विभागाध्यक्ष) एवं प्रो. किरन सिंह का स्वागत भी प्रो. शुभलेश कुमारी ने किया। बीएड विभागाध्यक्ष प्रो. शुभलेश कुमारी ने अतिथि वक्ता प्रो. कुसुम शर्मा (पूर्व विभागाध्यक्ष) का परिचय देते हुए उनके शैक्षिक एवं व्यावसायिक अनुभव पर प्रकाश डाला।
अतिथि वक्ता प्रो. कुसुम शर्मा ने छात्राओं को विभिन्न शिक्षण विधियों जैसे व्याख्यान विधि, चर्चा विधि, परियोजना विधि, प्रदर्शन विधि एवं गतिविधि आधारित शिक्षण के महत्व को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में शिक्षण प्रक्रिया को विद्यार्थी-केन्द्रित बनाना अत्यन्त आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं सहभागिता का विकास हो सके।
उन्होंने शिक्षण सूचना एवं संचार प्रोद्योगिकी (ICT) के उपयोग, स्मार्ट कक्ष तथा डिजिटल संसाधनों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। व्याख्यान के दौरान उदाहरणों एवं गतिविधियों के माध्यम से विषय को अत्यन्त रोचक एवं सरल बनाया गया तथा मार्गदर्शन किया गया। अन्त में बीएड विभाग की प्रवक्ताएं प्रियंका रानी एवं अनुपम यादव ने अतिथि वक्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।

बच्चों को अपने माता-पिता की सेवा अवश्य करनी चाहिए : डा.बीना शर्मा शर्मा

 

 

 

गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में मातृ–पुत्री पूजन सम्मेलन का किया आयोजन

बाबा न्यूज 
आगरा। गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर, आगरा के सभागार में मातृ–पुत्री पूजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति के सम्मान तथा बेटी के महत्व को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्रबंधिका डॉ. बीना शर्मा , कोषाध्यक्षा श्रीमती दुर्गेश शर्मा , श्रीमती गुंजन अग्रवाल, श्रीमती श्वेता अग्रवाल, प्रधानाचार्या श्रीमती चारु पटेल एवं उपस्थित माताओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर पंडित जी ने वैदिक मंत्रों द्वारा विधि-विधानपूर्वक माताओं एवं पुत्रियों का पूजन कराया गया। पूजन के दौरान वैदिक परंपराओं से संबंधित प्रेरणादायी कथा भी सुनाई गई, जिसमें मातृशक्ति के महत्व, बेटी के सम्मान तथा भारतीय संस्कृति के आदर्शों का सुंदर वर्णन किया गया। कथा सुनकर उपस्थित अभिभावक एवं छात्राएँ भावविभोर हो उठीं।
विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित माताओं का अभिनंदन किया। इसके पश्चात छात्राओं ने अपनी माताओं का तिलक कर पूजन किया। उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया । मातृ–पुत्री पूजन सम्मेलन में विद्यालय की प्रबंधिका डॉक्टर बीना शर्मा ने कहा कि अभी कुछ दिन पूर्व ही ‘मदर्स डे’ मनाया गया, जिसमें सोशल मीडिया पर माताओं के सम्मान में अनेक सुंदर संदेश एवं पोस्ट साझा किए गए। किंतु यदि ये भावनाएँ वास्तव में हमारे जीवन में उतरें, तो समाज में बढ़ते वृद्धाश्रमों की आवश्यकता ही क्यों पड़े।
उन्होंने कहा कि माँ केवल एक दिन सम्मान की नहीं, बल्कि जीवनभर आदर, प्रेम और सेवा की अधिकारी है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम केवल शब्दों और पोस्टों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने व्यवहार में भी माता-पिता के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को स्थान दें।
प्रबंधिका डॉक्टर बीना शर्मा  ने कहा कि माँ का स्थान संसार में सर्वोच्च है तथा बच्चों का प्रथम कर्तव्य अपने माता-पिता की सेवा और सम्मान करना होना चाहिए। उनके भावपूर्ण विचारों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती चारु पटेल ने कहा कि माँ जीवन की प्रथम गुरु होती है। माँ के संस्कार ही बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने छात्राओं को मातृ सम्मान, नारी गरिमा एवं भारतीय संस्कृति के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में माताओं एवं छात्राओं ने संयुक्त रूप से विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कर उत्साहपूर्वक आनंद लिया। विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से भी प्रेरणादायी आशीर्वचन प्रस्तुत किए गए, जिसमें माँ और बेटी के रिश्ते को प्रेम, त्याग एवं संस्कारों का प्रतीक बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती दुर्गेश शर्मा द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने ऐसे सांस्कृतिक एवं संस्कारमय आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। पूरा वातावरण वैदिक मंत्रों, भक्ति एवं भारतीय संस्कृति की मधुर भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

जब तक सूरज-चाँद रहेगा, ऑपरेशन सिंदूर का नाम रहेगा

एनसीसी कैडेट्स ने मनाई वीरता की वर्षगांठ, शौर्य संवाद से लेकर तिरंगा रैली तक गूंजे देशभक्ति के नारे
बाबा न्यूज
आगरा। “जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करो कुर्बानी”– इसी भाव को जीवंत करते हुए आगरा कॉलेज की गर्ल्स विंग ने 1 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर ऐतिहासिक दोहरे आयोजन से शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम के नेतृत्व में 40 सीनियर विंग कैडेट्स ने एक ओर युद्ध वीरों से “शौर्य संवाद”किया, तो दूसरी ओर “तिरंगा चौक , खेरिया मोड़ “पर जागरूकता अभियान से हर नागरिक तक वीरों की गाथा पहुंचाई।

 

हमारी धमनियों में देशभक्ति का लहू दौड़ता है : कार्यक्रम का प्रथम अध्याय तिरंगा चौक पर आयोजित “शौर्य संवाद” बना। इसमें तीन रणबांकुरे – फ्लाइंग कमांडो उमा फौजदार, चीफ पेटी ऑफिसर तेज सिंह एवं वारंट ऑफिसर योगेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
एनसीसी कैडेट्स ने “भारत माता की जय”*और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से वीरों का स्वागत किया। संवाद सत्र में युद्ध वीरों ने ऑपरेशन सिंदूर की रणनीतिक बारीकियां, दुर्गम पहाड़ों की चुनौतियां और कारगिल युद्ध के रोमांचक अनुभव साझा किए। वयोवृद्ध अधिकारियों ने कैडेट्स को ललकारते हुए कहा, “जंग हथियारों से नहीं, हौसलों से जीती जाती है। जीतने की इच्छाशक्ति सबसे बड़ा हथियार है।”

 

बेटियों के नाम वीरों का पैगाम: बालिका कैडेट्स को संबोधित करते हुए वीरों ने कहा, “वर्दी कोई लिंग नहीं जानती; वह केवल कर्तव्य, सम्मान और साहस जानती है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी को फौज में भी भेजो। मैं आपकी आँखों में हमारी सीमाओं का भविष्य देखता हूँ। केवल वर्दी का सपना मत देखो—इसे अर्जित करो।” उन्होंने एसएसबी, एनडीए और सीडीएस के माध्यम से रक्षा सेवाओं में प्रवेश की पूरी प्रक्रिया समझाई।

जागरूकता अभियान : “तिरंगा हमारा अभिमान है, ऑपरेशन सिंदूर हमारी पहचान है” “शौर्य संवाद” के साथ ही “ऑपरेशन सिंदूर जागरूकता अभियान”ने पूरे तिरंगा चौक को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। इसके तीन आयाम रहे।

 

विशाल जागरूकता रैली – “कदम-कदम बढ़ाए जा
आगरा कॉलेज के बैनर तले 40 कैडेट्स ने तिरंगा चौक की सड़कों पर मार्च किया। हाथों में तिरंगा और ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर लेकर कैडेट्स ने नागरिकों को बताया कि कैसे हमारे “वीर फौजियों” ने बेजोड़ सटीकता से मिशन को अंजाम देकर असंभव को संभव कर दिखाया। “देश का बल – सैनिक का बल” ,के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अग्रिम मोर्चों पर सैनिकों के बलिदान की कहानियां सुनकर बुजुर्गों की आँखें नम हो गईं और युवाओं की मुट्ठियां तन गईं।

ध्वजारोहण एवं तिरंगे को सलाम: “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा” तिरंगा चौक पर आयोजित भव्य ध्वजारोहण समारोह में लहराता राष्ट्रीय ध्वज ऑपरेशन सिंदूर की विजय का प्रतीक बना। कैडेट्स ने अनुशासित खड़े होकर तिरंगे को सलामी दी। उस क्षण हर नागरिक के मन में यही भाव था – “सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है।”इस दृश्य ने युवाओं में राष्ट्र की अखंडता की रक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और प्रबल कर दिया।

हर फोन से निकलेगा जय हिंद का नारा

कैप्टन रीता निगम ने स्वयं अपनी WhatsApp, Instagram और Facebook डीपी पर ऑपरेशन सिंदूर का आधिकारिक लोगो लगाकर *”लीड फ्रॉम द फ्रंट”* का उदाहरण पेश किया। उनके निर्देश पर सभी कैडेट्स ने एक साथ अपनी डीपी ऑपरेशन सिंदूर के ग्राफिक्स से अपडेट की। इस “डिजिटल सर्जिकल स्ट्राइक” ने आगरा कॉलेज की चारदीवारी से निकलकर हजारों मोबाइल स्क्रीन तक वीरों की शौर्य गाथा पहुंचा दी।

सेवानिवृत्त अधिकारियों का मार्गदर्शन : “अनुभव का प्रकाश, युवाओं का विश्वास”
पूरे अभियान में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी कैडेट्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चले। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के तकनीकी पहलुओं को गर्व के साथ समझाया और सैन्य जीवन के लिए जरूरी “जोश, जुनून और जूनून” के अपने अनुभव साझा किए। उनका सानिध्य कैडेट्स के लिए किसी “चलती-फिरती मिलिट्री एकेडमी”से कम नहीं था।
समापन: शपथ से संकल्प तक – “हम ले चुके हैं ये प्रण, भारत माँ तेरी रक्षा का”
कार्यक्रम का समापन सभी कैडेट्स, वीर अधिकारियों और नागरिकों द्वारा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। कैप्टन रीता निगम के नेतृत्व और 40 सीनियर विंग कैडेट्स के अनुशासित क्रियान्वयन ने सुनिश्चित किया कि “ऑपरेशन सिंदूर अमर रहे” और हमारे सैनिकों का बलिदान हर पीढ़ी याद रखे।

फैमिली फन फिएस्टा में दिखा प्रेम, प्रतिभा का संगम

 

 

 

 


बाबा न्यूज
आगरा। परिवार के आपसी बंधन को प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से फैमिली फन फिएस्टा का आयोजन प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा के विद्यालय सभागार में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पाँच तक के लगभग 38 छात्रों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए विद्यालय की शिक्षिका पूर्णिमा सिंह एवं मानसी रावत ने निर्णायक मंडल व अतिथिगण का स्वागत किया। तत्पश्चात निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, सुनीता गुप्ता, प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल, निर्णायकगण एवं अतिथिगण द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की पारंपरिक शुरूआत की गई।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए नवांकुर तथा नवपल्लव कॉडिनेटर ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें नवांकुर तथा नवपल्लव विंग की सार्थकता से परिचित कराया।
इस अवसर पर अभिभावकों के टैलेंट शो का आयोजन किया गया, जिसे दो वर्गों में बाँटा गया- नर्सरी से कक्षा दो और कक्षा तीन से पाँच। दोनो ही श्रेणियों में अभिभावकों ने छात्रों के साथ विभिन्न प्रस्तुतियाँ – नृत्य, कविता पाठ, गायन आदि द्वारा दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कुछ अभिभावकों द्वारा प्रस्तुत कविता पाठ ने भावनाओं को छू लिया, वहीं कुछ माताओं द्वारा की गई मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट का कारण बनीं। अपने बच्चों के साथ अभिभावकों की इन शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात प्रतियोगिता के निर्णायकगण – सिल्की बाजवा (कथक स्नातक एवं विभिन्न नृत्य शैलियों की प्रख्यात विशेषज्ञा), दीप्ति खन्ना (कथक की कुशल विशेषज्ञा), डॉ. ज्योति खंडेलवाल (कथक गुरू व निदेशक नृत्य ज्योति कथक केंद्र) एवं रोशनी गिडवानी (कथक विशेषज्ञ एवं निदेशक कालंदी इंस्टीट्यूट आॅफ डांस एंड म्यूजिक) को नवांकुर भेंट कर अभिनंदन किया गया।

उन्होंने बच्चों को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इस अवसर पर अपनी माँ के कार्यो में मदद करके उन्हें प्यारा और अनोखा उपहार दे सकते हैं। बच्चे कल को आकार देने वाले कलाकार हैं जो अपने विभिन्न कौशलों से अपने कल को सँवारेंगे। उन्होंने अभिभावकों के साथ बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों की बहुत सराहना की।
हमें परिवार में साथ समय बिताने को वरीयता देनी चाहिए: डा. सुशील गुप्ता
निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने आशीर्वचन में सभी प्रतिभागियों की सराहना की और कार्यक्रम को परिवार और विद्यालय के संबंधों का सुंदर उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की हँसी, अभिभावकों का उत्साह, यही सच्ची शिक्षा और संस्कार की नींव है। हमें परिवार में एकदूसरे के साथ समय बिताने को वरीयता देनी चाहिए। विद्यालय प्रधानाचार्य सीमा सहजपाल ने समस्त निर्णायकगण एवं उपस्थित अतिथिगण का स्वागत करते हुए कहा कि आप सबकी उपस्थिति ने इस मंच को सच्चे अर्थों में जीवंत कर दिया है। आप सबका सहयोग और विश्वास ही हमारी सर्वश्रेष्ठ पूँजी है।
जीवन में धन को नियोजित करना भी महत्वपूर्ण: पुनीत शर्मा
इस अवसर पर स्टेट बैंक से पुनीत शर्मा (ए.जी.एम., एस.एम.ई, संजय प्लेस) ने बताया कि जीवन में धन अत्यंत महत्वपूर्ण है किंतु उसे नियोजित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों की उत्तम शिक्षा और सुनहरे भविष्य हेतु बेहतरीन इंवेस्टमेंट के लिए महत्वपूर्ण जानकारियाँ सभी छात्रों एवं अभिभावकों के साथ साझा की। उनका सहयोग पल्लवी रॉय, रति अग्रवाल, कमल पाठक, हिमांशी शर्मा, मनन श्रीवास्तव आदि ने दिया। एस.बी.आई. की टीम ने विभिन्न प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को आकर्षक उपहार भी भेंट किए तथा कक्षा चार के छात्र आरव चंदेल को विशेष उपहार प्रदान किया।