Breaking News
पालीवाल पार्क में गूंजा योग का संदेश, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

 

 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जुटे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक, महापौर ने दिखाई बाइक रैली को हरी झंडी

बाबा न्यूज 

आगरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह पालीवाल पार्क योगमय वातावरण में रंगा नजर आया। नगर निगम, विश्वविद्यालय एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसमें प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाएं कीं। योग साधकों ने नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। पूरे पार्क परिसर में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर आशु रानी तथा शहर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम की सफलता के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पार्क परिसर में मौजूद गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ स्थानों को पहले ही भरवाकर समतल कराया गया था, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया। नगर आयुक्त, महापौर और कुलपति ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर एक पेड़ मां के नाम का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एलीट ग्रुप द्वारा आयोजित साइकिल रैली को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली के माध्यम से फिट इंडिया, स्वस्थ भारत और जनजागरूकता का संदेश दिया गया। योग दिवस के इस आयोजन ने शहरवासियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।

योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर : सांसद नवीन जैन

 

 

योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान 

बाबा न्यूज 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर खंदौली स्थित श्री केशव बलिराम हेडगेवार स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाजीपुर खेड़ा में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इसके उपरांत उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी अमूल्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर है, जिसने संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष संयुक्त राष्ट्र महासभा में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। योग भारत की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली का वैश्विक प्रतीक बन चुका है।

सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों से योग एक वैश्विक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। आज दुनिया भर के करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर निरोग एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को विश्वभर में सम्मान और स्वीकार्यता मिली है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से शांत तथा आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। वर्तमान समय की तनावपूर्ण एवं व्यस्त जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

सांसद नवीन जैन ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना ले, तो स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है।

कार्यक्रम में संयोजक एवं युवा ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, समाजसेवी पूरन डावर, ग्राम विकास अधिकारी विजय अग्रवाल, महानगर मंत्री मुकेश गुप्ता, अनिल सारस्वत, सुभाष ढल, रोहित श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी नहीं थमा योग का जुनून

 

 

 

 

 


प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की रिकॉर्ड सहभागिता
बाबा न्यूज
आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा में छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की सहभागिता के साथ एक विशेष योग कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। सर्वप्रथम ध्यान सत्र का संचालन डॉ. रश्मि मिश्रा (एस.टी.सी.- आर्ट आॅफ लिविंग) द्वारा किया गया। उन्होंने दैनिक जीवन में ध्यान के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन का प्रभावी साधन बताया।
इसके पश्चात विद्यालय के निदेशकगण डॉ. सुशील गुप्ता, श्रीमती सुनीता गुप्ता एवं श्रीमती कविता अग्रवाल (ब्रेनोब्रेन) के नेतृत्व में हास्य योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने हँसी के माध्यम से प्रसन्नता, सकारात्मकता एवं नवीन उत्साह का अनुभव किया।
विद्यालय योग प्रशिक्षक ऋषभ गौतम के निर्देशन में सभी ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान योग का अभ्यास किया व योग से होने वाले लाभों को जाना।
इस अवसर पर गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के विचारों पर आधारित योग : साधना में सम्मान का महत्व विषय पर विशेष संदेश प्रस्तुत किया गया कि श्रद्धा, सम्मान एवं निरंतर अभ्यास के साथ किया गया योग जीवन में स्थायी परिवर्तन का आधार बनता है। साथ ही कृतज्ञता, सजगता एवं वर्तमान क्षण में जीने की कला को योग का मूल तत्व बताया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव एवं विचार साझा करते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पाँच-पाँच अभिभावकों, शालिनियों तथा छात्रों को सम्मानित किया गया।
विद्यार्थी वर्ग: अर्शिया मखीजा (कक्षा बारह),धीरज कुमार (कक्षा दस),वागीशा गौर (कक्षा एक),पर्णिका गौतम (कक्षा चार), वैष्णवी सिसोदिया (कक्षा आठ)। शालिनी वर्ग : सान्या प्रजापति (कक्षा एक),खुशी कुमारी (कक्षा दो) भारती सोडवानी (कक्षा तीन), शिफा अंसारी (कक्षा चार) हर्षिता (कक्षा पाँच)। अभिभावक वर्ग: श्याम सुंदर, साक्षी गुप्ता,स्वाति सिंह,रामचंद्रा,प्रीति सैनी।
सशक्त समाज एवं राष्ट्र की आधारशिला: डॉ. सुशील गुप्ता
डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन ही एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र की आधारशिला हैं।कार्यक्रम के अंत में डॉ. रश्मि गांधी (चीफ एकेडमिक हेड) ने सभी उपस्थितजन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन मायरा काबरा (कक्षा आठ) एवं कायशा शम्सी (कक्षा चार) द्वारा किया गया तथा गौरी सिंह, आरना गुप्ता, अनन्या कुमारी, सान्या मित्तल, अंकिता सिंह व विहानी धमीजा द्वारा योग मंच प्रस्तुति की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल, शारदा गुप्ता व प्रतिभा (शालिनी) आदि की सराहनीय उपस्थिति रही।