गोंडा में बीच चौराहे पर मारपीट करना पड़ा भारी:पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, लाठी डंडे से की थी जमकर पिटाई, तीन फरार

गोंडा में परसपुर पुलिस ने मारपीट के आरोपी राहुल कश्यप को सोमवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। उस पर पचईपुरवा चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते कन्हैयालाल मिश्र और उनके भतीजे विमल के साथ मारपीट करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद, राहुल कश्यप का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत उसे गोंडा न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह घटना बीते 12 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे हुई थी। राहुल कश्यप ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर कन्हैयालाल मिश्र और विमल पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में तीन अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए परसपुर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। कन्हैयालाल मिश्र के पिता हीरालाल मिश्रा ने चार आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। परसपुर थाना अध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है और अन्य तीन फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। घायल कन्हैया मिश्रा और विमल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर में इलाज कराया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *