Breaking News
सीतापुर डीएम निरीक्षण में मिली खामियां, एएनएम की सेवा समाप्त:डीएम ने मिड-डे मील का खाना खाया, प्रिंसिपल को नोटिस जारी

सीतापुर में जिलाधिकारी राजागणपति आर ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे विकास खंड खैराबाद के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दहेलिया श्रीरंग में संचालित वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं, आवश्यक उपकरणों तथा अभिलेखों की गहन जांच की। इस दौरान संविदा एएनएम लक्ष्मी अपने कार्यों एवं विभागीय योजनाओं की संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकीं। साथ ही वीएचएसएनडी सत्र में आवश्यक उपकरण भी पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं मिले और अभिलेखों में कई कमियां व अपूर्ण प्रविष्टियां पाई गईं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने एएनएम लक्ष्मी का 15 दिन का वेतन काटने तथा उनकी सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। वहीं, बीपीएम अनुज तिवारी द्वारा अभिलेखों का समुचित रखरखाव न कराए जाने पर जिलाधिकारी ने उन्हें चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीएचएसएनडी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय दहेलिया श्रीरंग का भी निरीक्षण किया। यहां विद्यार्थियों की मात्र 50 प्रतिशत उपस्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मिड-डे मील के तहत तैयार तहरी भी ठीक से पकी नहीं मिली और भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर डीएम ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक बृजलाल के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई तथा ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *