आलू की बोरी के नीचे दबकर किसान की मौत:संभल में ट्रैक्टर-ट्रिपलर से खेत पर बुवाई के दौरान हादसा हुआ
संभल के बहरामपुर बुजुर्ग गांव में गुरुवार को आलू की बोरी के नीचे दबने से किसान ओमप्रकाश सिंह (45) की मौत हो गई। उन्हें संभल शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां शाम 5 बजे मृत घोषित कर दिया गया। ट्रैक्टर-ट्रिपलर में आलू की बोरियां लेकर खेत गए थे ओमप्रकाश सिंह, कूड़े सिंह के बेटे थे। उनकी पत्नी रीना देवी ने बताया कि गुरुवार दोपहर 12 बजे वे ट्रैक्टर-ट्रिपलर में आलू की बोरियां लेकर खेत पर बुवाई करने गए थे। करीब 1-2 घंटे बाद परिवार को सूचना मिली कि वे बोरी के नीचे दब गए हैं और गंभीर रूप से घायल हैं। परिजन और ग्रामीण खेत पहुंचे। उन्होंने ओमप्रकाश को बोरी के नीचे से निकाला और संभल शहर के निजी अस्पताल ले गए। उन्हें 3-4 अस्पतालों में दिखाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग शव को गांव ले आए।
पोस्टमॉर्टम कराने से परिजनों ने किया मना यह घटना तहसील संभल के नखासा थाना क्षेत्र की है। शाम 5:15 बजे मौत की सूचना मिलने पर हिसामपुर पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और जांच की। परिजनों ने कार्रवाई से मना कर दिया। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने शाम 6 बजे बताया कि खेत पर संदिग्ध हालात में एक ग्रामीण की मौत की सूचना मिली थी। हिसामपुर चौकी पुलिस को गांव भेजा गया है। पुलिस परिजनों से पोस्टमार्टम कराने को लेकर बात कर रही है, लेकिन परिवार फिलहाल मना कर रहा है। ओमप्रकाश के परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है।

