बाराबंकी में नशामुक्ति जागरूकता बैठक:नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक, लोगों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
बाराबंकी में विकासखंड देवा के प्राथमिक विद्यालय पवैया वीरान में पारख महासंघ और मदर फाउंडेशन की ओर से नशामुक्ति जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर इससे दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया और उपस्थित लोगों को नशा न करने का संकल्प दिलाया गया। बैठक में वीरांगना ऊदा देवी पासी के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर 15 नवंबर को लखनऊ के हजरतगंज में आयोजित होने वाली आत्मसम्मान दीप पदयात्रा की जानकारी भी दी गई। लोगों से गांधी प्रतिमा से ऊदा देवी पासी की प्रतिमा तक प्रस्तावित पदयात्रा में अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व प्रधान राजेंद्र प्रसाद यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अवधेश कुमार वर्मा, प्रीती मिश्रा, रामपाल रावत, अमरीश रावत, शिवराज रावत, हंसराज रावत, रंजीत कुमार, अंकुल कुमार, सूरज यादव, अमित सिंह, अजय कुमार, दीपक रावत, उमेश चंद्र और मनीष राज सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

