12 दिन बाद कब्र से निकाला गया युवक का शव:मनकापुर में हत्या की आशंका पर डीएम के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम
गोंडा के मनकापुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के मामले ने नया मोड़ सामने आया है। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी की अनुमति मिलने पर युवक का शव 12 दिन बाद कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। छपिया थाना क्षेत्र के ग्राम बखरवा (देवरहना) निवासी 18 वर्षीय चंदन डीजे संचालक था। परिजनों के अनुसार, 12-3 मई की रात चंदन मनकापुर क्षेत्र के लमती उकरहवा गांव में एक कार्यक्रम से डीजे बजाकर पिकअप वाहन से घर लौट रहा था। अमवा जंगल के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसके वाहन में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चंदन को तत्काल मनकापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे गोंडा जिला अस्पताल और फिर लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम कराए ही कर दिया था। इसके बाद में मृतक के पिता आज्ञाराम ने अपने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए, प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद मनकापुर पुलिस ने कार्रवाई की। एसडीएम मनकापुर अवनीश त्रिपाठी और सीओ मनकापुर उदित नारायण पालीवाल की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष मनकापुर गौरव सिंह तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

