Breaking News
गंगा दशहरे पर ठाकुर जी ने किया शस्त्र पूजन, गुलाब के पुष्पों से सजा श्रीमथुराधीश जी का मंदिर

 

प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान आज हुआ गंगा दशहरा का आयोजन, आम और खरबूजे के व्यंजनों का लगा भोग

बाबा न्यूज 

आगरा। आगरा के प्रसिद्ध श्री मथुराधीश जी मंदिर (बेलागंज, यमुना किनारे स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय मंदिर) में पुरुषोत्तम मास के उत्सवों की श्रृंखला में आज गंगा दशहरे का आयोजन भक्ति भाव के साथ किया गया। जिसमें श्रीठाकुर जी ने शस्त्रों का पूजन किया। ज्येष्ठ माह के मौसमी फल आम, खरबूजा, तरबूज लीची आदि के व्यंजनों का प्रसाद लगाया गया। मंदिर को मोगरा, बेला व गुलाब के पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया।
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर ठाकुरजी की खास झांकी दर्शन फूल बंगले में हुए। मंदिर में प्रतिदिन भव्य फूल बंगला सजाया जा रहा है। जिसमें ठाकुरजी (श्री मथुराधीश जी) विभिन्न दिव्य शृंगार और ब्रज संस्कृति की झांकियों में विराजमान होते हैं। प्रतिदिन आयोजित भव्य उत्सव में भक्त भावविभोर होकर दर्शन कर रहे हैं। गंगा दशहरा (ज्येष्ठ शुक्ल दशमी) पर मां गंगा के अवतरण की स्मृति में विशेष पूजा-आरती, भजन-कीर्तन और शुभ संयोग में दर्शन का आयोजन किया गया। यमुना किनारे स्थित इस मंदिर में यमुना आरती के साथ भक्ति का अद्भुत माहौल था। पुरुषोत्तम मास में मंदिर में देर शाम तक विशेष दर्शन खुले रहेंगे। श्रद्धालुओं को मंदिर के महन्त ननंद श्रोत्रिय ने सुंदर श्रंगार, फूलों की महक और दिव्य वातावरण का आनंद लेने के लिए मंत्रित किया। पुरुषोत्तम मास के शेष उत्सवों में भी रोज नई-नई झांकियां सजाई जा रही हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, यमुना भक्त बृज खंडेलवाल, मनोज बारद्वाज, जुगल श्रोत्रिय, अभिनव श्रोत्रिय, आव्या, विष्णु अग्रवाल, गोपाल किशोर गर्ग, सुधांशु खंडेलवाल आदि मौजूद थे।

गंगा दशहरा पर व्यापारियों ने किया शीतल ठंडा शरबत वितरण

 

बाबा न्यूज 
आगरा, अधिक मास एवं पावन गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर शमशाबाद रोड निकट गुजरात साड़ी परिसर में व्यापारियों द्वारा श्रद्धा, सेवा और मानवता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। भीषण गर्मी में राहगीरों, श्रद्धालुओं और श्रमिकों के लिए ठंडे मीठे शरबत का वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए समाज सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया। श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई, पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा और आने-जाने वाले हजारों लोगों ने शीतल शरबत ग्रहण कर व्यापारियों की इस सेवा भावना की सराहना की,
इस अवसर पर सभी व्यापारी भाइयों ने एकजुट होकर कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्य समाज में भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं, कार्यक्रम के दौरान भगवान भोले बाबा से सभी के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
सेवा कार्य को सफल बनाने में मनीष खोरेजा, मनीष सचदेवा सहित समस्त व्यापारी भाइयों का विशेष सहयोग रहा।

सामाजिक एकता और सद्भाव के लिए हम सबकी यह पहल रहेगी हमेशा जारी: पप्पू राघव

 

महाराणा प्रताप शोभायात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष सहित सभी सहयोगियों का किया अभिनंदन
बाबा न्यूज
आगरा। जिसको न निज जाति तथा निज देश पर अभिमान है। वह नर नहीं, नर पशु निरा है और मृतक समान है.. रविवार शाम इस मनोभाव के साथ शमशाबाद रोड स्थित नेहरू एंक्लेव में महाराणा प्रताप शोभायात्रा आयोजन समिति, राजपुर चुंगी के संरक्षक समाज सेवी पप्पू राघव के नेतृत्व में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
महाराणा प्रताप शोभायात्रा आयोजन समिति, राजपुर चुंगी द्वारा स्वाभिमान के राष्ट्रीय प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर विभव नगर स्थित चौधरी गार्डन से शमशाबाद रोड स्थित जी एल फार्म हाउस तक निकाली गई भव्य और विशाल शोभा यात्रा के लिए सभी सहयोगियों का अभिनंदन किया गया।
आयोजन समिति के संरक्षक समाजसेवी पप्पू राघव और राजपूताना यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र सिकरवार ने आयोजन समिति के अध्यक्ष कुँवर युवराज सिंह परिहार, महामंत्री ब्रजमोहन तोमर, संरक्षक धनवीर सिंह तोमर, वीरेंद्र सिंह चौहान (फुफुक्टा), वरिष्ठ समाजसेवी गौरी शंकर सिकरवार, लाल सिंह राघव, ललित रघुवंशी, शैलू जादौन, दिनेश सिकरवार एडवोकेट, डॉ. अनिल चौहान, विजय सिंह तोमर, संदीप राघव सहित सभी सहयोगियों और भामाशाहों को साफा, माला और पटका पहनाकर व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संरक्षक पप्पू राघव ने कहा कि सामाजिक एकता और सद्भाव के लिए हम सबकी यह पहल हमेशा जारी रहेगी। इस दौरान ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’ के जयकारों से कार्यक्रम स्थल रह रह कर गूँजता रहा।
समारोह में डॉ. डीएस चौहान, राजेश परमार, हरीशंकर जसावत, थान सिंह, गजेन्द्र परिहार, डॉ. राकेश सिकरवार, पृथ्वीपाल सिंह, अशोक भदौरिया, लाल सिंह चौहान, राजेश तोमर, प्रमोद तोमर, मनोज परिहार सहित सैकड़ों क्षत्रिय बंधु उपस्थित रहे। संचालन गजेंद्र परमार और जीपी ठाकुर ने किया।

श्री बुर्जीवाला मंदिर में चल रही श्रीमद भागवत कथा का समापन

बाबा न्यूज
आगरा। अपनी इंद्रियों का दमन कर ले वही सुदामा है। सुदामा की मित्रता भगवान के साथ नि:स्वार्थ थी उन्होने कभी उनसे सुख साधन या आर्थिक लाभ प्राप्त करने की कामना नहीं की लेकिन सुदामा की पत्नी द्वारा पोटली में भेजे गये चावलों में भगवान श्री कृष्ण से सारी हकीकत कह दी और प्रभु ने बिन मांगे ही सुदामा को सब कुछ प्रदान कर दिया। श्री बुजीर्वाला मंदिर संचालन समिति की ओर से प्रताप नगर जयपुर हाउस स्थित श्री बुजीर्वाला मंदिर में चल रही भागवत कथा मे व्यास आचार्य राजेश शास्त्री महाराज ने ये उद्गार व्यक्त किये। श्रीमद्भागवत कथा के सातवे दिन सुदामा चरित्र का मार्मिक संजीव वर्णन श्रद्धालुओं के समक्ष व्यक्त किया।
आचार्य राजेश शास्त्री महाराज ने श्रद्धालुओ को बताया कि सुदामा के आने की खबर पाकर किस प्रकार श्रीकृष्ण दौड़ते हुए दरवाजे तक गए थे। पानी परात को हाथ छूवो नाही, नैनन के जल से पग धोये अर्थात श्री कृष्ण अपने बाल सखा सुदामा की आवभगत में इतने विभोर हो गए के द्वारका के नाथ हाथ जोड़कर और अंग लिपटाकर जल भरे नेत्रो से सुदामा का हालचाल पूछने लगे।
मुख्य यजमान गौरव बंसल और निधि बंसल ने बताया कि भगवान के अन्य विवाह प्रसंगो के बाद भागवत व्यास पूजन कर कथा को विश्राम दिया गया। सोमवार को सोमवार को सुबह पूर्ण आहुति के बाद पांच हजार लोगो का विशाल भंडारा मंदिर परिसर में किया जायेगा। इस अवसर पर धनकुमार जैन, नितेश अग्रवाल, प्रशांत पोनिया, देवेंद्र गोयल, संजय गुप्ता, नीरज अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, मनोज शिवहरे, सुनील शिवहरे, रविंद्र गुप्ता, गुंजन बंसल, पूजा बंसल आदि ने श्री महापुराण की आरती की।

आगरा में पेट्रोल 100 रुपये के पार पहुंचा

इस बार 2.61 रुपये प्रति लीटर कीमत बढ़ी
सोमवार सुबह छह बजे से नये रेट किये लागू

मनीष मिश्रा/ बाबा न्यूज

आगरा। ताजनगरी में पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोत्तरी की गई है। इस बार पेट्रोल 2 .61 रुपए/लीटर महंगा हुआ है तो डीजल 2.71रुपये/लीटर बढ़ा है। चौथी बार ये रेट बढ़े हैं। सोमवार सुबह छह बजे नए रेट लागू हो गए हैं।
महंगाई की आग में सोमवार सुबह पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोत्तरी ने तड़का लगा दिया। पेट्रोलियम मंत्रालय ने दस दिनों में चौथी बार पेट्रोल के रेट में 2.61 रुपये और डीजल के रेट में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी की है। सुबह छह बजे रेट में हुए बदलाव को लेकर पंपों में विवाद की स्थिति बनी रही।
पेट्रोल और डीजल के रेट में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है। विभिन्न वस्तुओं के रेट में बढ़ोत्तरी हो गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने चार साल के बाद पहली बार 15 मई को पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोत्तरी की थी। 19 मई को दूसरी बार और शनिवार को तीसरी बार रेट में बढ़ोत्तरी की गई थी, अब सोमवार को कीमतों में बढ़ोत्तरी की गई है।
सोमवार सुबह जैसे ही 374 पेट्रोल पंपों में नए रेट लागू हुए। अचानक रेट में बढ़ोत्तरी की जानकारी वाहन चालकों को नहीं हुई। इसके चलते फतेहाबाद रोड, बोदला रोड, नेशनल हाईवे-19 सहित ग्रामीण क्षेत्र के चार पंपों में वाहन चालकों ने विरोध किया।

अब पेट्रोल और डीजल का ये है रेट :(प्रति लीटर में)
पेट्रोल 102.51 रुपये। डीजल 95.18 रुपये