अयोध्या-अमेठी में लूट करने वाले 3 गिरफ्तार:SP ग्रामीण बोले- दहशत फैलाने के लिए असली तमंचा और नकली पिस्टल रखते थे
अयोध्या जिले की कुमारगंज पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने एक अंतरजनपदीय लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की अपाचे बाइक, चार मोबाइल फोन, पीली धातु का एक कान का बाला,11,170रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, चार कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से एक नकली पिस्टल भी मिली है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपियों की पहचान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के सीसीटीवी कैमरों,’यक्ष ऐप’और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान खंडासा थाना क्षेत्र के बचऊ दूबे का पुरवा मंझनपुर निवासी अंकित कुमार पाण्डेय, सिड़सिड़ पूरे शिवरत्न पाण्डेय निवासी अरविंद कुमार पाण्डेय और पड़किया सरौली निवासी आलोक यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार,तीनों आरोपी अपाचे बाइक का इस्तेमाल कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पीड़ितों में डर पैदा करने के लिए उनके पास असली तमंचे के साथ एक नकली पिस्टल भी रहती थी। जाते समय उसे फायर भी कर देते थे ताकि लोग पीछा ना करें। उन्होंने बताया कि 8अगस्त को कुमारगंज क्षेत्र में पाठक का पुरवा नहर के पास सुल्तानपुर निवासी वीरेंद्र कुमार यादव को शाम करीब 5:30 बजे रोककर बदमाशों ने उनका मोबाइल, बाइक की चाबी और लगभग दो हजार रुपये वाला पर्स लूट लिया था। विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर जान से मारने की धमकी दी थी। इसी तरह, 9अगस्त की शाम को तुलसी का पुरवा धमथुआ जा रहे मुकेश कुमार और उनकी पत्नी को बिरौली जाम गांव के पास अपाचे सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोका और लूटपाट कर फरार हो गए। इन मामले में 12अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अमेठी के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक,अंकित पाण्डेय के खिलाफ चोरी और बरामदगी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं और वह एक हिस्ट्रीशीटर है। इस गिरफ्तारी अभियान में स्वाट प्रभारी अमरेश त्रिपाठी,थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल,सर्विलांस टीम और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

