Breaking News
सहारनपुर में ‘हर घर तिरंगा’ रैली:आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने तिरंगा लेकर दिया देशभक्ति का संदेश

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में गुरुवार दोपहर एक बजे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने एक जागरूकता रैली निकाली। सीपीडीपीओ पंकज कुमार के नेतृत्व में निकली इस रैली में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय से हुआ, जिसे सीपीडीपीओ पंकज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली दिल्ली रोड, मुख्य बाजार और पीठ बाजार सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए, साथ ही लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया। रैली में शामिल कार्यकत्रियां अनुशासन के साथ हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़ती रहीं। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया। कार्यकत्रियों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश देते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। सीपीडीपीओ पंकज कुमार ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों से सीधी पहुंच है, जिससे जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में शामिल होकर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया। यह रैली बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय पर समाप्त हुई। इस अवसर पर विभागीय कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *