मुरादाबाद में भाजपा की तिरंगा यात्रा:हजारों लोग हुए शामिल, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
मुरादाबाद में गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक तिरंगा यात्रा निकाली। बुध बाजार से शुरू हुई इस यात्रा में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। मुख्य अतिथि रमापति त्रिपाठी की अध्यक्षता में यह यात्रा बुध बाजार से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरी। यात्रा में भाजपा महापौर विनोद अग्रवाल और शहर विधायक रितेश गुप्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। तिरंगा यात्रा सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक पर समाप्त हुई। यहां देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

