Breaking News
मेरठ में अंकज कश्यप की करंट से मौत पर हंगामा:परिवार को न्याय, मुआवजे और रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन

मेरठ के परतापुर स्थित ग्राम बरला निवासी अंकज कश्यप की विद्युत करंट लगने से मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार को लगातार सहयोग मिल रहा है। मंगलवार को कान्हा उपवन गौशाला में परिवार के साथ धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें न्याय, आर्थिक सहायता और रोजगार की मांग की गई। अंकज कश्यप की मृत्यु 6 अगस्त को हुई थी। तब से लेकर अब तक परिवार के उपचार, अस्पताल के बिलों के भुगतान, प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत और कानूनी कार्रवाई में सहायता की गई है। आज के प्रदर्शन में नगर निगम आयुक्त, उपजिलाधिकारी सदर, पुलिस प्रशासन और सीओ ब्रह्मपुरी सहित अन्य अधिकारियों से वार्ता कर अपनी मांगें रखी गईं। अंकज कश्यप अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और अपनी वृद्ध मां के मुख्य सहारे थे। वे मां की दवाइयों, इलाज और घर के खर्चों का वहन करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है और उनके घर पर पक्की छत भी नहीं है। अंकज की मृत्यु के बाद वृद्ध मां और पूरे परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार के लिए 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, परिवार के एक पात्र सदस्य को रोजगार, उपचार का पूरा खर्च और बकाया अस्पताल बिल का भुगतान, तथा वृद्ध मां के इलाज एवं जीवन-यापन के लिए आवश्यक सहायता की मांग की। इसके अतिरिक्त, घटना की निष्पक्ष जांच, लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और परिवार को सभी पात्र सरकारी एवं वैधानिक लाभ उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की है। पार्टी का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी निर्दोष को दोषी ठहराना नहीं है, बल्कि अंकज कश्यप की मृत्यु के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कराना और दोषी पाए जाने वालों की जिम्मेदारी तय करना है। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव और अखिल भारतीय कश्यप निषाद युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुज सुधाकर कश्यप ने कहा कि अंकज कश्यप को न्याय मिलने तक पीड़ित परिवार की इस लड़ाई में वे उनके साथ खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *