Breaking News
लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा का धरना:NTA परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया

लखनऊ विश्वविद्यालय में NTA (राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी) की परीक्षा व्यवस्थाओं में छात्रों की समस्याओं और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने NTA द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के साथ छात्रों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान किए जाने की मांग उठाई। छात्रनेता आदित्य पाण्डेय ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। NTA की परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। रोहित यादव ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार एवं संबंधित संस्थाओं को जवाबदेह होना होगा। परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही से छात्रों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *