सुलतानपुर में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:गांधी भंडार दुकान के पास से दबोचा, पुरानी रंजिश में तलवार-चाकू से हमले का आरोप
सुलतानपुर पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश मनोज कुमार पाण्डेय उर्फ शिवानन्द पाण्डेय को रविवार शाम 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे गांधी भंडार दुकान के पास से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हुआ है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुरानी रंजिश में तलवार-चाकू से हमला करने का आरोप मामला 17 अगस्त का है। आरोप है कि मनोज पाण्डेय ने अपने साथियों अंकित पाण्डेय, नित्कर्ष सिंह और कामता प्रसाद पाण्डेय के साथ पुरानी रंजिश में सुनील पाण्डेय उर्फ महन्थू के साथ मारपीट की थी। इस दौरान तलवार और चाकू का इस्तेमाल किया गया, जिससे सुनील पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ स्थित केजीएमयू में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक महीने तक उपचार चला। शिकायतकर्ता और उसके भाई को धमकी देने का भी आरोप शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान मनोज और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता और उसके भाई कौशलेन्द्र पाण्डेय के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि कामता प्रसाद पाण्डेय ने शिकायतकर्ता पर तमंचे से फायर भी किया था। मामले में कादीपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कादीपुर के नेतृत्व में कादीपुर थाने की पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मनोज पाण्डेय को गिरफ्तार किया।

