दीपावली पर प्रदूषण कम करने के लिए पानी का छिड़काव:रायबरेली डीएम के निर्देश पर नगर पालिका की टीमें अलर्ट
रायबरेली में दीपावली पर पटाखों से बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर शहर की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर स्प्रिंकलर मशीनों से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रमुख सड़कों पर चल रहा अभियान अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों और आसपास के इलाकों में पानी की फुहारें छोड़ रही हैं। अधिक आवाजाही वाले शहरी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है धूल के कणों को नीचे बैठाने का प्रयास नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, पानी के छिड़काव का उद्देश्य वातावरण में मौजूद धूल के कणों को नीचे बैठाना और प्रदूषण के प्रभाव को कम करने में सहयोग करना है। दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण वायु गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि त्योहार के दौरान शहर में साफ-सफाई और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास जारी रहेंगे। इस पहल के जरिए नागरिकों को अपेक्षाकृत स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

