Breaking News
हाथरस में करंट लगने से किशोर की मौत:मोटर का प्लग लगाते समय हादसा, मां छत पर कपड़े सुखाने गई थीं

हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के रम नगला गांव में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे करंट लगने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। ईशान घर के कमरे में मोटर का प्लग लगा रहा था, तभी वह विद्युत करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मां ने नीचे आकर देखा तो अचेत पड़ा था बेटा मृतक की पहचान निहाल सिंह के बेटे ईशान के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर ईशान की मां छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान नीचे कमरे में ईशान मोटर का प्लग लगा रहा था। तभी उसे करंट लग गया। मां नीचे आईं तो ईशान अचेत हालत में पड़ा मिला। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और किशोर को जिला अस्पताल पहुंचाया। इकलौता बेटा था ईशान ईशान के पिता खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि दादा होमगार्ड हैं। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए।

आजमगढ़ डीएवी कॉलेज के पटाखा बाजार में मारपीट:दोनों पक्षों के पांच लोग हिरासत में, पटाखा खरीदने को लेकर हुआ था विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराया मुकदमा

आजमगढ़ जिले के शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज परिसर में लगे पटाखा बाजार में पटाखा खरीदने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। 8 और 9 नवंबर की रात डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित पटाखा बाजार में पटाखा खरीदने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने प्रथम पक्ष की तहरीर पर मुकदमा संख्या 573/26 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा संख्या 574/26 में बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। 9 नवंबर को उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने डीएवी कॉलेज के पास सिविल लाइन से पांच लोगों को हिरासत में लिया। इनमें प्रथम पक्ष के रितेश सोनकर उर्फ अंगद (32) निवासी हथिया, थाना सिधारी और प्रदीप सोनकर (37) निवासी कदमघाट, कालीनगंज शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष के महेंद्र गुप्ता (49), सोनू दास (37) और इशान (18) निवासी रेलवे स्टेशन, सर्रफुद्दीनपुर क्षेत्र को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, रितेश सोनकर उर्फ अंगद के खिलाफ वर्ष 2022 में भी कोतवाली थाने में मारपीट, हत्या के प्रयास, घर में घुसकर हमला करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। एक दिन पूर्व वायरल हुआ था वीडियो
आजमगढ़ के डीएवी ग्राउंड में जमकर मारपीट किए जाने का वीडियो एक दिन पूर्व सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में साफ-साफ दिख रहा था कि किस तरह से दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे के ऊपर कुर्सी बेल्ट और डंडे से हमला कर रहे थे। जिसके बाद पुलिस के मामले को संज्ञान में लिया था।

दीपावली पर प्रदूषण कम करने के लिए पानी का छिड़काव:रायबरेली डीएम के निर्देश पर नगर पालिका की टीमें अलर्ट

रायबरेली में दीपावली पर पटाखों से बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर शहर की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर स्प्रिंकलर मशीनों से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रमुख सड़कों पर चल रहा अभियान अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों और आसपास के इलाकों में पानी की फुहारें छोड़ रही हैं। अधिक आवाजाही वाले शहरी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है धूल के कणों को नीचे बैठाने का प्रयास नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, पानी के छिड़काव का उद्देश्य वातावरण में मौजूद धूल के कणों को नीचे बैठाना और प्रदूषण के प्रभाव को कम करने में सहयोग करना है। दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण वायु गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि त्योहार के दौरान शहर में साफ-सफाई और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास जारी रहेंगे। इस पहल के जरिए नागरिकों को अपेक्षाकृत स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

बदायूं के रियोनाई में अन्नकूट भंडारा:गवां देवता मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, गोवर्धन पूजा पर ग्रहण किया प्रसाद

बदायूं में उघैती थाना क्षेत्र के रियोनाई गांव स्थित गवां देवता मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम हुए और श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य में भाग लिया। भंडारे में लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में शेखर सक्सेना, आशीष सक्सेना, सुमित कुमार पप्पू, प्रदीप शर्मा, वंश ठाकुर, जेपी शाक्य, सत्यम भारद्वाज, राजू गुप्ता, प्रदीप कुमार सिंह और भूप सिंह शाक्य सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।

जमीन के विवाद में की थी बड़े भाई की हत्या:लखनऊ में कुएं में शव फेका था, आरोपी भाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया

लखनऊ में शराब के नशे में बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या करने वाला आरोपी राम अवतार (45) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद उसने शव को कुएं में फेंक दिया था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा था। मामला नगराम के समेसी गांव का है। पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर को रामऔतार (55) और जियालाल के बीच विवाद हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की वजह से अपनी जमीन बेच चुका था। इसके बाद वह भाई के साथ खेत में बनी मड़ई में रहने लगा था। 8 नवंबर को नशे की हालत में दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान उसने ईंट से जियालाल के सिर पर कई वार कर दिए। हत्या के बाद शव को पास के कुएं में फेंक दिया। 10 नवंबर को मृतक के परिजन सुंदरलाल ने नगराम थाने में तहरीर देकर रामऔतार के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। दो टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईंट भी बरामद की है। ………………….. संबंधित खबर पढ़िए- शराब के नशे में बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या की:लखनऊ में शव कुएं में फेका; खेत में शराब पीने के बाद हुआ था विवाद