जालौन में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत:कमरे में फंदे पर मिला शव, मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई

जालौन के उरई शहर कोतवाली के मोहल्ला नया पटेल नगर में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव उसके ही घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार नया पटेल नगर निवासी 33 वर्षीय आरती पाल पत्नी सतेंद्र पाल घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिलीं। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय घर के कमरे में उनका शव फंदे से लटका देखा गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पति सतेंद्र पाल को दी। घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई रवि पाल ने आरोप लगाया कि आरती की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर मृतका के पति सतेंद्र पाल द्वारा मुकदमा भी दायर किया गया था, जिसके बाद परिवार में तनाव बना हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरती को प्रताड़ित किया जाता था और उसी के चलते उसकी हत्या की गई। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गई है, जिनमें एक 14 वर्ष और दूसरा 11 वर्ष का है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *