लखनऊ को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने की तैयारी:मंत्री एके शर्मा ने LMC की बड़ी बैठक की, मेयर भी रहीं मौजूद

लखनऊ नगर निगम की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 को लेकर बुधवार को संगम सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने की। बैठक में लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में देश में प्रथम स्थान दिलाने की रणनीति पर चर्चा हुई। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि लखनऊ ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अब लक्ष्य देश में नंबर-1 शहर बनना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई न दें और सीवेज संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। अस्पतालों, होटलों और व्यावसायिक क्षेत्रों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। जनभागीदारी पर दिया जोर
बैठक में स्कूलों में कायाकल्प कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और शिकायत निस्तारण प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने पार्षदों से मोहल्ला सभाओं और जनजागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को जोड़ने की अपील की। नागरिकों से की गई अपील
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता में देश का अग्रणी शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, भाजपा पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी समेत नगर निगम के कई अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *