श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर विश्व शांति के लिए किया महायज्ञ

बाबा न्यूज 

आगरा। श्री बुर्जीवाला मंदिर संचालन समिति की ओर से प्रताप नगर, जयपुर हाउस स्थित श्री बुर्जीवाला मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ हुआ। समापन पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने यज्ञ में पूर्ण आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की। आचार्य राजेश शास्त्री महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार का मार्ग दिखाती है। वर्तमान समय में मानव को आध्यात्मिकता से जुड़ने की आवश्यकता है, जिससे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके।

कथा के मुख्य यजमान गौरव बंसल एवं निधि बंसल ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के आठवें दिन व्यास आचार्य राजेश शास्त्री महाराज के सानिध्य में विश्व शांति एवं जनकल्याण के लिए महायज्ञ का आयोजन किया गया। हवन में पूर्ण आहुति देते हुए समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा विश्व शांति की कामना की। महायज्ञ एवं भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही कलश वितरण के लिए सैकड़ों महिलाओं की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। इस अवसर पर गुंजन बंसल, शकुन बंसल, अनूप अग्रवाल, आलोक जैन, पियूष सिंघल, ज्योति मोहन सिंघल, विजय बंसल, शशिकांत अग्रवाल, सुनील मित्तल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *