पति की प्रेमिका को पकड़ने पर पत्नी ने पीटा:एटा में महिला पर पति को फंसाने और रुपए हड़पने का लगाया आरोप, जांच जारी

एटा में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति की प्रेमिका और उसकी महिला साथी को पकड़ लिया। आरोप है कि पत्नी और उसके परिजनों ने दोनों महिलाओं के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने ले गई। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का है। घटना सैय्यद बाली गली की बताई जा रही है। महाराणा प्रताप नगर निवासी कृष्णा भारद्वाज पत्नी संजीव भारद्वाज ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके पति के एक महिला से अवैध संबंध हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त महिला ने उनके पति से 50 हजार रुपए ले लिए। शिकायत के अनुसार, महिला लगातार उनके पति को फोन कर परेशान करती थी। पत्नी का आरोप है कि जब उनके पति अपने पिता की पेंशन बैंक से निकालने गए थे, तब प्रेमिका ने उन्हें अपने घर बुलाकर रुपए ले लिए और उनके साथ अवैध संबंध बनाए। मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने ले गई। थाना प्रभारी कोतवाली नगर ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

चंदौली में पंडित नेहरू की पुण्यतिथि मनाई गई:कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की

चंदौली जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि मनाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण और कठिन निर्णय लिए।
द्विवेदी ने बताया कि देश की बागडोर संभालने के बाद पंडित नेहरू ने देशभर में आईआईटी, आईआईएम, इसरो, एम्स, विश्वविद्यालय और बड़े बांधों का निर्माण कराया। भारत में मौजूद आधारभूत ढांचे का निर्माण पंडित जवाहर लाल नेहरू की देन है। उन्होंने पंडित नेहरू के कथन को उद्धृत किया, “विफलता तभी होती है, जब हम अपने आदर्शों, उद्देश्यों और सिद्धांतों को भूल जाते हैं।” जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि आजादी की लड़ाई में पंडित नेहरू करीब नौ वर्ष जेल में रहे और भारत की स्वतंत्रता में उनका महान योगदान रहा। पंडित जी ने देश के सभी स्त्री-पुरुष नागरिकों को ही भारत माता कहा और दिन-दुखियों की सेवा व रक्षा को ही देश की सेवा बताया। अरुण द्विवेदी ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार देश को महंगाई और बेरोजगारी की ओर धकेल रही है। इस कार्यक्रम में मधु राय, तौफीक खान, गंगा प्रसाद, समर बहादुर सिंह, गुलाब राम, बदरुद्दोजा अंसारी, विजय कुमार सिंह, रामावतार यादव, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, इंद्रजीत मिश्रा, राकेश सिंह, राकेश पाठक, मिठाई राम, संजय मिश्रा, संतोष चौबे, पंकज तिवारी और श्लोक तिवारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बुलंदशहर में दूध टैंकर लूट, हत्या के तीन दोषी:अदालत ने आजीवन कारावास के साथ 80 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया

बुलंदशहर में दूध के टैंकर चालक और परिचालक की हत्या कर टैंकर लूटने के मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी ठहराया है। अदालत ने तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है और प्रत्येक पर 80 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह सनसनीखेज वारदात वर्ष 2016 में हुई थी। कासगंज निवासी अनिल कुमार के दूध से भरे टैंकर के चालक और परिचालक की हत्या कर टैंकर लूट लिया गया था। इस संबंध में 10 मार्च 2016 को थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 289/2016 धारा 394, 34, 302, 201, 411 और 404 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमरुद्दीन पुत्र कलुआ, रिंकू पुत्र धर्मवीर (दोनों निवासी ग्राम चावली, थाना कोतवाली देहात) और तालिब पुत्र रजा मोहम्मद (निवासी ग्राम चिट्टा, थाना सलेमपुर) ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। मामले की सुनवाई एडीजे-01 न्यायालय में हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से वरिष्ठ अभियोजक राजीव कुमार मलिक ने प्रभावी पैरवी की। न्यायाधीश धीरेंद्र कुमार ने प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को दोषी करार दिया। अदालत ने कमरुद्दीन, रिंकू और तालिब को आजीवन कारावास के साथ-साथ प्रत्येक को 80 हजार रुपये का अर्थदंड भी सुनाया। फैसले के बाद पुलिस और अभियोजन विभाग ने इसे एक बड़ी सफलता बताया है।

लखनऊ को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने की तैयारी:मंत्री एके शर्मा ने LMC की बड़ी बैठक की, मेयर भी रहीं मौजूद

लखनऊ नगर निगम की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 को लेकर बुधवार को संगम सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने की। बैठक में लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में देश में प्रथम स्थान दिलाने की रणनीति पर चर्चा हुई। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि लखनऊ ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अब लक्ष्य देश में नंबर-1 शहर बनना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई न दें और सीवेज संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। अस्पतालों, होटलों और व्यावसायिक क्षेत्रों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। जनभागीदारी पर दिया जोर
बैठक में स्कूलों में कायाकल्प कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और शिकायत निस्तारण प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने पार्षदों से मोहल्ला सभाओं और जनजागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को जोड़ने की अपील की। नागरिकों से की गई अपील
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता में देश का अग्रणी शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, भाजपा पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी समेत नगर निगम के कई अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

कृषि मंत्री शाही ने जैव उर्वरक प्रयोगशाला का किया निरीक्षण:कुमारगंज कृषि विश्वविद्यालय में गौधन इकाई भी देखी, वैज्ञानिकों को दिए निर्देश

प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को अयोध्या जिले के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित जैव उर्वरक एवं जैव कीटनाशक उत्पादन प्रयोगशाला, गौधन इकाई तथा गोबर कंपोस्ट इकाई का अवलोकन किया और वैज्ञानिकों से विस्तृत जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि जैविक उत्पादों के उपयोग से खेती की लागत में कमी आएगी और मिट्टी की उर्वरता में सुधार होगा। उन्होंने ट्राइकोडर्मा, पीएसबी और राइजोबियम जैसे जैव उत्पादों को किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। शाही ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में संचालित ये इकाइयां कृषि अनुसंधान और किसान हित के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। राज्य सरकार रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाकर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के बाद मंत्री ने विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय समूह बैठक (खरीफ 2026) में भाग लिया और वैज्ञानिकों व किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में दुग्ध उत्पादन में अग्रणी है और पशुधन संसाधनों में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। प्रदेश सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने और पशुधन को सुदृढ़ करने के लिए लगातार काम कर रही है। बैठक में चारा फसलों की उपलब्धता और उत्पादन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश में हरे और सूखे चारे की कमी को दूर करने के लिए बीज उत्पादन, मिनीकिट वितरण और नेपियर घास की रूट स्लिप योजना को प्रभावी बताया गया। मंत्री ने बताया कि 2025-26 में हजारों पशुपालकों को मुफ्त चारा बीज मिनीकिट वितरित किए गए हैं और आगामी वर्ष में इस योजना का विस्तार किया जाएगा। गौ आश्रय स्थलों में चारा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं, ताकि गौवंश के पोषण में सुधार हो सके। कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ वैज्ञानिक, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे। सभी ने कृषि अनुसंधान, चारा विकास और पशुधन सुधार के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया। किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए और जैविक खेती अपनाने की दिशा में सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई।

दुग्ध दान करने वाली माताओं को दिया माँ यशोदा गौरव सम्मान

 

मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक में 49 माताओं के सहयोग से 2610 मिलीलीटर मातृ दुग्ध किया गया संग्रहीत, 14 नवजात शिशुओं को 1090 मिली जीवनदाई अमृत किया प्रदान

पीड़ा को परोपकार में बदलने का काम कर रही मातृ दुग्ध बैंक, मातृ दुग्ध प्रदान करने की यह सेवा अलौकिक, अतुलनीय और प्रशंसनीय: पूज्य महाराज श्री नीरज नयन
बाबा न्यूज
आगरा। श्री चंद्रभान साबुन वाला सेवा ट्रस्ट द्वारा खतैना रोड, प्रताप नगर पर संचालित गभार्धान संस्कार एवं मेटरनिटी होम में नवजातों की जीवन-रक्षा के लिए अपना दुग्ध दान करने वाली माताओं को माँ यशोदा गौरव सम्मान प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
मुख्य अतिथि कथा प्रवक्ता श्रद्धेय महाराज श्री नीरज नयन ने इस अवसर पर कहा कि मातृ दुग्ध बैंक पीड़ा को परोपकार में बदलने का काम कर रही है। मातृ दुग्ध प्रदान करने की यह सेवा अलौकिक, अतुलनीय और प्रशंसनीय है। सेवा से अंत:करण पवित्र होता है और पवित्र अंत:करण में भगवान का दर्शन होता है। अत: हम सब लोगों को ऐसे अनूठे सेवा प्रकल्पों से जुड़कर मानवीय संवेदना और मानवीय चेतना का विस्तार करना चाहिए।
उन्होंने दुग्ध दान करने वाली माँओं- प्रीति, रितु, दीपिका, शमा, शालू, प्रियंका और अनु तथा इस कार्य में सहयोग करने वाली एसएन मेडिकल कॉलेज की डॉ. रुचिका बैनेट और नर्सिंग आॅफिसर एडना के साथ-साथ मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक के मुख्य दानदाता मुंशी पन्ना परिवार के समाजसेवी नितिन अग्रवाल और सुलेखा अग्रवाल को पटका पहना कर, प्रमाण पत्र, उपहार व प्रसाद देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का संचालन करते हुए रमेश चंद्र अग्रवाल ने दिव्य संतान प्राप्त करने के लिए गभार्धान संस्कार का महत्व बताया। श्री चंद्रभान साबुन वाला सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि इसी माह के आरंभ में नवजात शिशुओं की जीवन रक्षा के लिए मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक शुरू की गई थी। बैंक द्वारा अत्यंत अल्प समय में अपनी सार्थकता सिद्ध करते हुए 49 माताओं के सहयोग से लगभग 2610 मिलीलीटर मातृ दुग्ध संग्रह किया गया। 14 नवजात शिशुओं को 1090 मिली जीवनदाई अमृत किया प्रदान किया गया।
महामंत्री मनोज अग्रवाल और मंत्री राजीव जैन ने कहा कि माँ के दूध की हर बूँद में जीवन की आशा छिपी है। कोई भी माँ इस बैंक में अपने दूध का दान कर सकती है। एक छोटा सा योगदान एक बड़ा जीवनदान बन सकता है।
दुग्ध बैंक संयोजक राजकुमार गर्ग, नरेंद्र कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीए अंकुर अग्रवाल, पारुल जैन, निधि अग्रवाल, एचके बंसल, राकेश गर्ग, श्वेता गर्ग और डॉ. सुवर्णा सिंह ने व्यवस्थाएँ संँभालीं। पूरे कार्यक्रम और सेवा प्रकल्प का निर्देशन आगरा और सूरत के प्रमुख समाजसेवी अशोक गोयल ने किया।

सनातन संस्कृति में मातृ दुग्ध की मिसाल प्रेरणादायक
आगरा और उत्तर भारत में पहली बार स्थापित मुंशी पन्ना मातृ दुग्ध बैंक के पीछे सनातन संस्कृति की मिसाल प्रेरणादायक रही है। अशोक गोयल ने बताया कि भगवान श्री कृष्ण देवकी से पैदा हुए थे लेकिन उनको माता यशोदा ने अपना दूध पिलाकर पाला। कर्ण कुंती से पैदा हुए थे लेकिन उनको अनुसूचित जाति की माँ राधा का दूध पीने को मिला था। भगवान कार्तिकेय शिव जी के तेज से पैदा हुए थे लेकिन उनको कृतिका नाम की माता ने पाला था। ऐसे अनेक उदाहरणों से हमारे शास्त्र भरे पड़े हैं। अब कलयुग में भी इस प्रकल्प के माध्यम से यह सब साकार होता हुआ दिख रहा है।

 

राज किशोर खंडेलवाल अध्यक्ष, अखिलेश भटनागर बने महासचिव

टैक्सेशन बार एसोसिएशन आगरा की नई कार्यकारिणी घोषित
बाबा न्यूज
आगरा। टैक्सेशन बार एसोसिएशन आगरा का वार्षिक चुनाव वर्ष 2026-27 मंगलवार को जयपुर हाउस स्थित जीएसटी कार्यालय के बार रूम में शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया एल्डर कमेटी के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल एवं उनकी टीम से इकबाल बैग, अश्विनी यादव, रवि अग्रवाल, संजय भटनागर, गौरव मित्तल, गौरव गौतम, प्रकाश मित्तल, पीयूष खंडेलवाल की देखरेख में संपन्न कराई गई।

नई कार्यकारिणी में राज किशोर खंडेलवाल को निर्विरोध अध्यक्ष एवं अखिलेश भटनागर को महासचिव निर्वाचित घोषित किया गया। अनुराग गुप्ता को उपाध्यक्ष (आयकर), परमेंद्र पाल सिंह को उपाध्यक्ष (वाणिज्य कर), अब्दुल अख्तर खान को कोषाध्यक्ष, संचिता अग्रवाल को सेक्रेटरी (वाणिज्य कर) तथा राकेश कुमार सारस्वत को सेक्रेटरी (आयकर) चुना गया। वहीं, अभिनव बंसल को जॉइंट सेक्रेटरी (वाणिज्य कर), शांतनु बंसल को जॉइंट सेक्रेटरी (इनकम टैक्स) एवं मोहित अग्रवाल को आॅडिटर बनाया गया। एग्जीक्यूटिव मेंबर के रूप में सोमेंद्र कुमार जैन, मुकेश खंडेलवाल, मोनिल अग्रवाल, अरुण कुमार सक्सेना, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, रोहित अग्रवाल एवं वैभव जैन को चुना गया। सभी को उनके प्रसंशको ने चुनाव जीतने पर पुष्पवर्षा कर बधाई दी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष राज किशोर खंडेलवाल ने निवर्तमान अध्यक्ष अक्षय कुमार कुलश्रेष्ठ एवं महासचिव संजीव कुमार वशिष्ठ के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। नवनिर्वाचित महासचिव अखिलेश भटनागर ने कहा कि सभी सदस्यों को साथ लेकर अधिवक्ताओं के हितों के लिए कार्य किया जाएगा तथा एसोसिएशन को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास किए जाएंगे। अपने कार्यकाल में टैक्सेशन के अधिवक्ताओ को एआई तकनीक के लिए जागरूक किया जायेगा। इस अवसर पर राम मोहन सिंह कोटिया, आरपी दीक्षित, रजनीकांत वर्मा, सुनील आनंद, अनिल वर्मा, ताराचंद, सतीश चंद्र बंसल, राकेश बाबू गर्ग, रूप किशोर अग्रवाल, राजकुमार गोयल, सतीश चंद्र गुप्ता, बृजेंद्र अग्रवाल,विजेंद्र सिंह बघेल, राजेंद्र शर्मा, श्याम मोहन गुप्ता, रवि प्रकाश अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, संजीव यादव, अभिषेक आनंद, मनोज शर्मा, अनिल आदर्श जैन, केएन द्विवेदी, सुनील शर्मा, कृष्ण मुरारी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।