पीलीभीत में तीन दिन से लापता युवक का शव मिला:पुलिया के पास बरामद हुआ, दो बार शादी की, दोनों पत्नियों की हो गई थी मौत

पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 40 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। हैदरगंज की पुलिया के पास मिला शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम निजामडांडी निवासी लालाराम पुत्र हरप्रसाद ने बुधवार को जहानाबाद थाने में अपने भतीजे महेंद्रपाल (40) पुत्र पुत्तूलाल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तहरीर के अनुसार, महेंद्रपाल 25 मई को दोपहर करीब 2 बजे पीलीभीत धान की पौध लेने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उपनिरीक्षक रामकिशोर को जांच सौंपी थी। गुरुवार को हैदरगंज की पुलिया के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शिनाख्त करने पर शव लापता महेंद्रपाल का निकला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल पर खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक महेंद्रपाल की दो शादियां हुई थीं। उनकी पहली पत्नी सरला देवी का निधन लगभग 7-8 साल पहले हो गया था, जिनसे उनकी तीन संतानें हैं: प्रभा (17), सुधा (16) और राम (8)। इसके बाद महेंद्रपाल ने बहेड़ी क्षेत्र की रिंकी से दूसरी शादी की थी, जिनकी भी लगभग 3 साल पहले मौत हो चुकी है। महेंद्रपाल के निधन के बाद अब इन तीनों बच्चों ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है। जहानाबाद थाना अध्यक्ष जय शंकर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *