लेखपाल पर घर में घुसकर हमला, हालत गंभीर:सुल्तानपुर में 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच जारी
सुल्तानपुर के कादीपुर थाना क्षेत्र में एक राजस्व लेखपाल पर घर में घुसकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अंकित सिंह समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आदित्य विश्वकर्मा कादीपुर तहसील में राजस्व लेखपाल के पद पर तैनात हैं। वह कादीपुर टाउन एरिया के मोहल्ला राणा नगर में किराए के कमरे में रहते हैं। पीड़ित लेखपाल की तहरीर के मुताबिक, घटना 26 मई की रात करीब 8:30 बजे की है। उस समय वह अपने कमरे में मौजूद थे। आरोप है कि अंकित सिंह अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ अचानक कमरे में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लात-घूसों से पीटा तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने आदित्य विश्वकर्मा को लात-घूसों से पीटा और कान पर किसी ठोस वस्तु से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद लेखपाल ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और चिकित्सकीय परीक्षण के साथ जान-माल की सुरक्षा की मांग की। कादीपुर थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल को सौंपी गई है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है।

